100% काम दूंगा! Sambhavna Seth को वादा कर मुकर गए थे Salman Khan, बताया कैसे बदल गया था एक्टर का एटीट्यूड

डांसर और एक्ट्रेस संभावना सेठ ने हाल ही में इंटरव्यू में बिग बॉस सीजन 4 से जुड़ा एक इमोशनल किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि शो के दौरान सलमान खान ने उन्हें फिल्म में काम देने का वादा किया था, लेकिन बाद में उनका रवैया पूरी तरह बदल गया.

( Image Source:  Instagram: sambhavnasethofficial )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 13 March 2026 7:57 AM IST

संभावना सेठ (Sambhavna Seth) ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने दिल को छू लेने वाला एक पुराना किस्सा सुनाया. यह किस्सा 'बिग बॉस' सीजन 4 के समय का है, जब सलमान खान उस शो के होस्ट थे. संभावना ने बताया कि कैसे सलमान खान ने उनकी बहुत तारीफ की थी और उन्हें काम देने का वादा भी किया था, लेकिन बाद में बातें पूरी तरह बदल गईं. 'बिग बॉस 4' में सलमान खान जब शो में आए, तो उन्होंने पिछले सीजनों (1, 2 और 3) के कुछ पॉपुलर कंटेस्टेंट्स को स्पेशल परफॉर्मेंस के लिए बुलाया था.

संभावना भी उनमें शामिल थीं. उन्होंने अपनी डांस परफॉर्मेंस की और फिर एक कोने में जाकर बैठ गईं. सब लोग एक-दूसरे की तारीफ कर रहे थे, लेकिन संभावना अकेली बैठी थी, तभी अचानक सलमान खान ने सबके सामने कहा, 'इस लड़की ने तो कमाल कर दिया है.' यह सुनकर संभावना को बहुत अच्छा लगा. फिर उनके दोस्त और एक्टर रवि किशन ने उन्हें सलमान जी के पास ले जाकर इंट्रोड्यूस किया. रवि किशन ने कहा, 'सर, ये संभावना हैं. भोजपुरी इंडस्ट्री की शान हैं. बहुत अच्छा डांस करती हैं.'

क्या सलमान खान ने किया था झूठा वादा?

सलमान ने तुरंत कहा, 'हां, मैंने अभी इनका डांस देखा बहुत अच्छा था. संभावना ने मौके का फायदा उठाया और हिम्मत करके पूछा- सर, अगर आपको ठीक लगे तो मुझे कोई फिल्म में मौका दे दीजिए?.' सलमान जी ने मुस्कुराते हुए कहा, 'हां हां, 100%! बिल्कुल देंगे.' उनके लिए यह '100%' सुनना सपने जैसा था. सलमान ने उन्हें अपना पर्सनल नंबर भी दे दिया. संभावना को लगा कि अब उनकी किस्मत बदलने वाली है. शो में फिर उन्हें दोबारा स्टेज पर बुलाया गया. मेकर्स ने कहा, 'हमें वही संभावना चाहिए जो 'बिग बॉस' में थी वही स्टाइल, वही अंदाज. सलमान के सामने वैसा ही बोलना है जैसा आप घर में बोलती थीं.'

रो पड़ी संभावना

संभावना ने वैसा ही किया, लेकिन उन्हें लगता है कि शायद सलमान को उनकी वह खुली और बोल्ड बातचीत पसंद नहीं आई. उनका मानना है कि सलमान जी को ऐसी लड़कियां ज्यादा पसंद आती हैं जो थोड़ी शांत और कम बात करने वाली हों. शो खत्म होने के बाद संभावना सलमान से मिलने गईं. लेकिन इस बार सलमान बिल्कुल अलग लग रहे थे. पहले स्टेज पर जितने खुश और सपोर्टिव थे, अब उतने ही इरिटेटेड और ठंडे लग रहे थे. संभावना ने हिम्मत करके पूछा- सर, आपने कहा था कि फिल्म में काम देंगे...'. तो सलमान जी ने जवाब दिया, 'संभावना, तुम्हें थोड़ा वजन कम करना पड़ेगा और मैं किसी को प्रमोट नहीं करता.' यह सुनकर संभावना का दिल टूट गया. वे रोते-रोते घर लौटीं. वे आज भी सलमान खान की बहुत बड़ी फैन हैं, लेकिन उस दिन उन्हें बहुत दुख हुआ. उस समय उनके मम्मी-पापा जिंदा थे. संभावना बहुत कोशिश कर रही थीं कि कोई बड़ा मौका मिले तो वे अपने माता-पिता को सरप्राइज दे सकें. इंटरव्यू में यह बात कहते-कहते संभावना इमोशनल हो गईं और उनकी आंखों में आंसू आ गए. 

Similar News