रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में 5 आरोपी हिरासत में, घटना का CCTV वीडियो आया सामने; जानें अब तक क्या-क्या हुआ

मुंबई के जुहू में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग का CCTV फुटेज सामने आया है. इस मामले में पांच आरोपी हिरासत में लिए गए हैं. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली है.;

रोहित शेट्टी

(Image Source:  ANI/@Rajnees52305809 )

Rohit Shetty House Firing Case: मुंबई के जुहू इलाके में मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना से बॉलीवुड और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. 31 जनवरी की देर रात रोहित शेट्टी के आवास के बाहर चार राउंड फायरिंग की गई, हालांकि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ और निर्देशक पूरी तरह सुरक्षित हैं.

घटना के तुरंत बाद मुंबई पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. इलाके को घेर लिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर बेहद शातिर तरीके से भीड़भाड़ वाली सड़क का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया.



CCTV फुटेज आया सामने

इस बीच, CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें एक आरोपी काले कपड़ों में रोहित शेट्टी की बिल्डिंग की ओर आते हुए और फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहा है. फुटेज के मुताबिक आरोपी बेहद सामान्य अंदाज़ में चलता हुआ आया, गोली चलाई और बिना किसी घबराहट के मौके से निकल गया.



पांच आरोपी हिरासत में

मुंबई और पुणे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुणे के पांच युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनके नाम हैं- अमन आनंद मारोते (27), आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18) और स्वप्निल बांडू सकट (23). पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये सभी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं.


लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक फेसबुक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली है. पोस्ट में रोहित शेट्टी को खुलेआम धमकी दी गई और इसे 'ट्रेलर' बताते हुए आगे और गंभीर हमले की चेतावनी दी गई. इस पोस्ट की भी पुलिस गहन जांच कर रही है.


रोहित शेट्टी ने कैंसिल किए सभी प्लान

हमले के बाद रोहित शेट्टी ने अगले 48 घंटों के लिए अपने सभी प्लान रद्द कर दिए हैं. उन्होंने अजय देवगन समेत अपने करीबी दोस्तों से घर न आने का अनुरोध किया है. रोहित फिलहाल मुंबई पुलिस के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं और अपना बयान दर्ज करा चुके हैं.


इंडस्ट्री में आक्रोश, IFTDA ने की कड़ी निंदा

इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। संगठन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से व्यक्तिगत रूप से मामले की निगरानी करने की अपील की है. उन्होंने कहा, “ऐसी घटनाएं डर और असुरक्षा का माहौल बनाती हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. IFTDA इस कठिन समय में रोहित शेट्टी और उनके परिवार के साथ खड़ी है.”


मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही मामले की जांच

फिलहाल, मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस हमले के पीछे की साजिश कितनी बड़ी है.

Similar News