कौन है Isha Rikhi, जिनसे रैपर Badshah ने गुपचुप रचाई शादी? जयमाल से फेरे तक की तस्वीरें-वीडियो आई सामने
रैपर बादशाह और एक्ट्रेस ईशा रिखी ने गुपचुप शादी कर ली है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. हालांकि दोनों ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन परिवार की पोस्ट से खबर पक्की मानी जा रही है।
सिंगर और रैपर बादशाह (Badshah) ने पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल ईशा रिखी के साथ शादी के बंधन में बंध गए हैं. यह खुशखबरी हाल ही में सामने आई है. ईशा रिखी की मां पूनम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें बादशाह और ईशा दोनों शादी की रस्मों को पूरा करते नजर आ रहे हैं. इन तस्वीरों को देखकर साफ पता चलता है कि दोनों अब पति-पत्नी बन चुके हैं. तस्वीरों में बादशाह बहुत ही सुंदर लग रहे हैं.
वे भूरे रंग का कुर्ता पहने हुए हैं और सिर पर सुनहरा साफा बांधे हुए हैं. वहीं ईशा रिखी पारंपरिक लाल रंग की सलवार कमीज में बेहद खूबसूरत दिख रही हैं. कुछ फोटोज में दोनों ने शादी की माला भी पहन रखी है. अन्य तस्वीरों में यह नया जोड़ा मुस्कुराते हुए कैमरे की तरफ देखते हुए पोज दे रहा है. ईशा की मां पूनम ने इन तस्वीरों के साथ एक प्यारा सा कैप्शन भी लिखा है, 'भगवान आप दोनों को आशीर्वाद दें.' हालांकि अभी तक बादशाह और ईशा दोनों ने खुद अपनी शादी के बारे में कोई आधिकारिक बयान या पोस्ट नहीं किया है.
बादशाह और ईशा का रिश्ता
बादशाह और ईशा रिखी पिछले लगभग चार साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे. दोनों की पहली मुलाकात एक पार्टी में हुई थी, जहां उनके एक कॉमन फ्रेंड ने उन्हें एक-दूसरे से मिलवाया. धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आए और प्यार में पड़ गए. ईशा रिखी एक पंजाबी फिल्म एक्ट्रेस हैं. उन्होंने साल 2013 में पंजाबी फिल्म ‘जट्ट बॉयज पुत्त जट्टन दे’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में सिप्पी गिल और ओम पुरी जैसे बड़े कलाकार भी थे। इसके बाद साल 2018 में उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री की और फिल्म ‘नवाबजादे’ में काम किया. इस फिल्म में वरुण धवन, राघव जुयाल और पुनीत पाठक मुख्य भूमिका में थे.
जानिए ईशा रिखी के बारें में
ईशा रिखी का जन्म 9 सितंबर 1993 को चंडीगढ़ में हुआ था. ईशा का परिवार मिडिल क्लास से था. उनके पिता के जाने के बाद मां पूनम रिखी ने अकेले ही बच्चों को संभाला. ईशा की मां हमेशा से अपनी बेटी को सपोर्ट करती रही हैं. उन्होंने खुद एक्टिंग का सपना देखा था, लेकिन पूरा नहीं कर पाईं, इसलिए उन्होंने ईशा को पूरा सपोर्ट दिया ताकि वो अपनी ड्रीम पूरी कर सके. उन्होंने 12वीं क्लास में ही मॉडलिंग शुरू कर दी थी. ईशा ने पंजाबी फिल्म 'जट्ट बॉयज' 'पुत्त जट्टन दे' (2013) में सिप्पी गिल के साथ डेब्यू किया था. वह वरुण धवन के साथ बॉलीवुड फिल्म 'नवाबजादे' (2018) में नजर आईं.
बादशाह की पहली शादी
बादशाह की पहली शादी जैस्मीन मसीह से हुई थी. दोनों की एक प्यारी सी बेटी भी है, जिसका नाम जेसेमी ग्रेस मसीह सिंह है. लेकिन साल 2020 में बादशाह और जैस्मीन अलग हो गए थे. 2024 में बादशाह ने एक पॉडकास्ट ‘प्रखर के प्रवचन’ में अपने पहले रिश्ते के बारे में खुलकर बात की थी. उन्होंने बताया कि दोनों ने अपनी शादी को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन अंत में उन्हें लगा कि उनके साथ रहना उनकी बेटी के लिए स्वस्थ वातावरण नहीं बनाएगा. बादशाह ने कहा था, “हम दोनों ने हर संभव कोशिश की. हमने अपना सब कुछ दिया, लेकिन आखिरकार हम अलग हो गए क्योंकि यह हमारे बच्चे के लिए ठीक नहीं था. अब बादशाह अपनी नई जिंदगी की शुरुआत ईशा रिखी के साथ कर रहे हैं। दोनों की शादी की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही हैं और उनके फैंस उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं.