Ranveer Singh के एक्सटॉर्शन केस में बड़ा अपडेट, हैरी बॉक्सर के खिलाफ LOC जारी; क्या होगा जांच में अगला कदम?
रणवीर सिंह को 20 करोड़ की फिरौती की धमकी मामले में पुलिस ने कनाडा में छिपे संदिग्ध हैरी बॉक्सर के खिलाफ LOC जारी किया है. मामले की जांच रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस से संभावित कनेक्शन के एंगल से भी की जा रही है.
बॉलीवुड में हाल के दिनों में कई बड़ी हस्तियों को धमकियां मिल रही हैं. इन धमकियों की पुलिस जांच कर रही है और अब इसमें एक बड़ा अपडेट आया है. मुंबई की क्राइम ब्रांच ने एक्टर रणवीर सिंह (Ranveer Singh) को दी गई जबरन पैसे मांगने वाली धमकी के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक संदिग्ध सदस्य हरिचंद्र उर्फ हैरी बॉक्सर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है. यह LOC इसलिए जारी किया गया है ताकि हैरी बॉक्सर देश छोड़कर भाग न सके. पुलिस को शक है कि वह कनाडा में छिपा हुआ है.
रणवीर सिंह के मैनेजर के व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भरा वॉइस नोट (ऑडियो मैसेज) आया. इसमें भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया और 20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की. अगर पैसे नहीं दिए तो बहुत बुरा नतीजा भुगतना पड़ेगा, ऐसा धमकाया गया. कुछ रिपोर्ट्स में यह रकम 10 करोड़ भी बताई गई है, लेकिन मुंबई पुलिस की FIR में 20 करोड़ का जिक्र है.
क्या है कनाडा कनेक्शन?
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि इस वॉइस नोट को भेजने के लिए VPN (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया गया था ताकि भेजने वाले का असली लोकेशन और नेटवर्क छिपा रहे. यह मैसेज अमेरिका या कनाडा से जुड़े नंबर से आया था. पुलिस ने इस ऑडियो को पंजाब और हरियाणा पुलिस के पास भेजा था ताकि आवाज की जांच हो सके.
जारी की LOC
जांच में पुष्टि हुई कि यह आवाज हैरी बॉक्सर की ही है. इसके बाद मुंबई पुलिस ने FIR दर्ज की और LOC जारी किया. रणवीर सिंह के मैनेजर का बयान भी पुलिस ने दर्ज किया है. पुलिस पहले से ही कह चुकी है कि रणवीर सिंह के अलावा आयुष शर्मा और कुछ अन्य बॉलीवुड सितारों को भी ऐसी ही धमकियां मिली हैं, और इनमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ होने का संदेह है.
रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी से जुड़ाव
यह सब तब हो रहा है जब 31 जनवरी 2026 को फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर गोलीबारी हुई थी. उस घटना की भी मुंबई पुलिस जांच कर रही है. पुलिस का मानना है कि बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों को निशाना बनाने वाला यह एक बड़ा प्री-प्लान हो सकता है. गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने सोशल मीडिया पर ली थी. पुलिस ने अब तक इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें शूटर दीपक शर्मा भी शामिल है. हथियार भी बरामद हो चुका है.
गिरफ्तार पांच आरोपी
17 फरवरी को गोलीबारी मामले के 5 आरोपियों - आदित्य गैक्की, सिद्धार्थ येनपुरे, समर्थ पोमाजी, स्वप्निल साकत और आसाराम फासले को MCOCA कोर्ट में पेश किया गया. उनकी पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद कोर्ट ने उन्हें 23 फरवरी तक फिर से पुलिस हिरासत में भेज दिया. एक आरोपी स्वप्निल साकत ने कोर्ट में आरोप लगाया कि पुलिस ने उनसे जबरदस्ती बयान लिया और दस्तावेजों पर साइन करवाए. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गोलीबारी में मुख्य भूमिका दीपक शर्मा की थी, जो गोलियां चलाईं. बाकी आरोपी घटनास्थल के आसपास थे या मदद कर रहे थे. कुछ आरोपी हथियारों की सप्लाई में शामिल थे.
अब आगे क्या?
मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल दोनों मामलों (रणवीर सिंह की धमकी और रोहित शेट्टी गोलीबारी) की जांच कर रही है. इनमें MCOCA (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) की सख्त धाराएं लगाई गई हैं. फिलहाल जांच जारी है और पुलिस इन धमकियों के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने की कोशिश कर रही है. बॉलीवुड में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि सितारों को कोई खतरा न हो।