Ram Charan और Upasana ने जुड़वां बच्चों का किया नामकरण, बताया शिवराम और अनवीरा देवी नाम के खास मायने

राम चरण और उपासना कोनिडेला ने 31 जनवरी 2026 को जन्मे अपने जुड़वां बच्चों का नामकरण समारोह आयोजित किया. बेटे का नाम शिवराम और बेटी का अनवीरा देवी रखकर परिवार ने परंपरा और आध्यात्मिकता को सम्मान दिया.;

( Image Source:  Instagram: upasanakaminenikonidel )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 13 Feb 2026 9:16 AM IST

सुपरस्टार राम चरण (Ram Charan) और उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला (Upasana) को बहुत बड़ी खुशी मिली है. 31 जनवरी 2026 को उन्होंने जुड़वां बच्चों का स्वागत किया एक प्यारा सा बेटा और एक प्यारी सी बेटी. अब दोनों ने अपने घर में एक छोटा-सा लेकिन बहुत खास नामकरण समारोह मनाया है. इस समारोह में सिर्फ परिवार के करीबी लोग ही शामिल थे. इस दौरान उन्होंने बच्चों के नाम दुनिया के सामने रखे. उनके बेटे का नाम रखा गया है शिवराम और बेटी का नाम अनवीरा देवी. ये नाम बहुत खास और इनके मतलब भी प्यारे हैं.

राम चरण ने एक इंटरव्यू में नामों के पीछे की वजह बताई. उन्होंने कहा कि नाम चुनना उनके लिए बहुत निजी और आध्यात्मिक फैसला था. राम और उपासना ने इस पर बहुत सोचा-विचारा किया, लेकिन इसमें उनके माता-पिता की भी बड़ी भूमिका रही. हमारी संस्कृति में बड़े-बुजुर्गों को बहुत सम्मान दिया जाता है. वे ज्ञान और आशीर्वाद देते हैं, इसलिए उनके बिना ये फैसला अधूरा होता.

क्या है बेटे के नाम मतलब?

बेटे के नाम शिवराम के बारे में राम चरण ने बताया ये नाम भगवान शिव और भगवान राम के गुणों को जोड़ता है. शिव जी में शक्ति और संयम है, राम जी में धर्म और भक्ति है. साथ ही ये नाम उनके पिता मेगास्टार चिरंजीवी के जन्म नाम 'शिव शंकर वर प्रसाद' से भी जुड़ा है. इस तरह इसमें परिवार की परंपरा और कृतज्ञता का भाव भी है.

बताया बेटी के नाम का मतलब 

बेटी के नाम अनवीरा देवी के बारे में उन्होंने कहा, 'ये नाम असीम साहस और दिव्य स्त्री शक्ति को दर्शाता है. 'वीरा' का मतलब है बहादुरी या वीरता, और 'अन' से ये बहादुरी अनंत (बहुत ज्यादा) हो जाती है. 'देवी' शब्द इसलिए जोड़ा गया है ताकि ये याद रहे कि शक्ति और दया दोनों एक साथ रह सकती हैं. राम चरण के अनुसार ये नाम सिर्फ नाम नहीं हैं, बल्कि बच्चों के लिए शक्ति, प्रेम और हिम्मत की कामना हैं. 

बेहद खुश है उपासना 

उपासना ने भी इस बार मां बनने के बारे में बात की. उन्होंने कहा कि पहली बार मां बनना बहुत खूबसूरत लेकिन थोड़ा मुश्किल भी था. सब कुछ नया-नया लगता था. लेकिन इस बार दूसरी बार मां बनकर सब कुछ ज्यादा शांत और समझदारी से लग रहा है. अब वे छोटी-छोटी बातों पर परेशान नहीं होतीं. उन्होंने बहुत कुछ सीख लिया है. बच्चों को बस स्थिरता, रोज का एक नियमित रूटीन और बिना शर्त प्यार चाहिए.  जुड़वां बच्चों को साथ में देखना जादू जैसा लगता है. अभी तो सिर्फ एक हफ्ता ही हुआ है, लेकिन तीनों बच्चों बड़ी बेटी क्लिन कारा और ये दो नए को एक साथ देखकर उन्हें बहुत सुकून और खुशी मिल रही है. राम चरण भी बच्चों की देखभाल में बहुत एक्टिव हैं, खासकर बड़ी बेटी क्लिन कारा के साथ. 

ज्योतिषी सलाह पर बच्चों का जन्म 

राम चरण और उपासना ने 2012 में शादी की थी. उनकी सगाई 2011 में हुई थी. दोनों पहले से ही अच्छे दोस्त थे. उनकी पहली बेटी क्लिन कारा का जन्म जून 2023 में हुआ था. अब परिवार में तीन बच्चे हो गए हैं. जन्म के समय राम और उपासना ने ज्योतिषी की सलाह ली थी और बच्चों के जन्म का समय तय करने में मदद ली थी. उन्होंने मंदिर में प्रार्थना के लिए भी खास इंतजाम किए थे. राम चरण ने कहा, 'तीन बच्चों का बाप बनकर मैं बहुत-बहुत शुक्रगुजार हूं. मेरे सभी फैंस, दोस्तों और परिवार वालों का बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने हर पल हमारा साथ दिया.' उपासना ने कहा, 'मेरे पिताजी हमेशा कहते थे कि साफ इरादा और आस्था साथ चलते हैं. आज तीन बच्चों की मां बनकर मैं खुद को बहुत लकी मान रही हूं. हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे मजबूत भी हों और दयालु भी. उन्हें पता हो कि अच्छी जिंदगी के साथ जिम्मेदारी भी आती है, और असली विरासत समाज को कुछ अच्छा लौटाने में है.' 

Similar News