अभी भी तिहाड़ में हैं Rajpal Yadav, एक्टर का 7 साल पुराना वीडियो हुआ वायरल; जानें पूरी सच्चाई
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राजपाल यादव सलमान खान को शुक्रिया कहते दिख रहे हैं. लेकिन यह क्लिप 2018 की है, और फिलहाल वे तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं.;
राजपाल यादव (Rajpal Yadav) के बारे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में राजपाल यादव सलमान खान का बहुत प्यार और सम्मान से शुक्रिया अदा करते नजर आ रहे हैं. लोग देखकर खुश हो रहे हैं और कई लोगों ने सोचा कि क्या राजपाल भाई तिहाड़ जेल से रिहा हो गए हैं? क्या सलमान खान ने उनकी मदद करके उन्हें जमानत दिला दी है या कर्ज चुकाने में सहायता की है?. सबसे पहले वायरल वीडियो की बात करें. इस छोटे से क्लिप में राजपाल यादव बहुत भावुक होकर कहते हैं कि 'सलमान भाई बड़े भाई की तरह हैं. सलमान भाई के साथ आज बैठकर अंदर से बहुत खुशी महसूस होती है.' वे आगे कहते हैं कि "सच में मैं राहत महसूस कर रहा हूं.'
वीडियो में वे इंडस्ट्री में लोगों की मदद करने वाले सुपरस्टार की तारीफ करते हैं और सलमान को अपना निरंतर समर्थन बताते हैं. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने कमेंट किया कि सलमान ने राजपाल की मदद की होगी, खासकर 9 करोड़ रुपये के कर्ज वाले मामले में.कुछ ने लिखा - "@BeingSalmanKhan, उनकी मदद के लिए धन्यवाद.'
कब का है यह वीडियो?
लेकिन कुछ लोगों ने साफ कहा कि यह पुराना वीडियो है, अभी भी जेल में हैं, पहले फैक्ट चेक कर लो या गूगल कर लो.' अब सच्चाई क्या है? नहीं, राजपाल यादव अभी तिहाड़ जेल से रिहा नहीं हुए हैं. यह वीडियो बिल्कुल नया नहीं है. न्यूज 18 के मुताबिक, यह पुराना फुटेज है, जो साल 2018 का है. उस समय राजपाल यादव को एक पुराने चेक बाउंस केस में तीन महीने की जेल हुई थी. वे अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के लिए 5 करोड़ रुपये का लोन ले चुके थे, लेकिन फिल्म फ्लॉप हो गई और पैसे नहीं लौटा पाए. चेक बाउंस होने पर मामला कोर्ट में गया और उन्हें जेल हुई.
क्या था सलमान खान को लेकर?
रिहाई के बाद उन्होंने मीडिया से बात की थी और सलमान खान का शुक्रिया अदा किया था, क्योंकि सलमान इंडस्ट्री में हमेशा लोगों की मदद करते हैं. लेकिन वर्तमान स्थिति अलग है. यह वही पुराना चेक बाउंस का मामला है, जो अब और बढ़ गया है. ब्याज और अन्य कारणों से अब कर्ज की रकम लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई है. कोर्ट ने कई बार उन्हें समय दिया, लेकिन वे पैसे जमा नहीं कर पाए. आखिरकार, दिल्ली हाई कोर्ट ने फरवरी 2026 में उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया. 5 फरवरी 2026 को राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया और अभी वे वहीं हैं. कोर्ट ने 6 महीने की सजा सुनाई है. उनकी जमानत की याचिका खारिज हो चुकी है और अगली सुनवाई 16 फरवरी को होनी है.
एक्टर को मिला रहा है सपोर्ट
फिल्म इंडस्ट्री से उन्हें ढेर सारा सपोर्ट मिल रहा है. फिल्म मेकर प्रियदर्शन ने कहा है कि वे राजपाल को 20 साल से ज्यादा समय से जानते हैं. वे बहुत मेहनती और नेक दिल के इंसान हैं. बस कम पढ़ाई-लिखाई की वजह से एक बड़ी गलती हो गई. प्रियदर्शन ने कई निर्माताओं से कहा कि राजपाल की फीस बढ़ाओ ताकि वे इस मुश्किल समय में मदद कर सकें. कुछ रिपोर्ट्स में सलमान खान, अजय देवगन, सोनू सूद जैसे लोगों के नाम भी आए हैं कि वे मदद कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि जमानत मिल गई या कर्ज पूरा चुक गया. तो कुल मिलाकर, वायरल वीडियो पुराना है और राजपाल यादव अभी जेल में ही हैं.