बॉक्स ऑफिस पर मचाया था तहलका, अब OTT पर दस्तक दे रही है हॉरर फिल्म 'Obsession'; जानिए कब और कहां देखें
हॉलीवुड की इंडी हॉरर फिल्म 'Obsession' इस साल की सबसे बड़ी सरप्राइज ब्लॉकबस्टर बनकर उभरी है. अब यह फिल्म 30 जून से OTT पर रिलीज होने जा रही है, जहां भारतीय दर्शक भी इसका आनंद ले सकेंगे।
Obsession OTT Release: आजकल फिल्मी दुनिया में सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा है 'ऑब्सेशन' (Obsession). इस छोटी सी इंडी हॉरर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर वो कारनामा कर दिखाया है, जिसकी उम्मीद बड़े-बड़े दिग्गजों को भी नहीं थी. टॉम हॉलैंड से लेकर हमारी देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा तक, हॉलीवुड और बॉलीवुड के तमाम बड़े सितारे इस फिल्म की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस फिल्म को बनाने में सिर्फ 750,000 डॉलर (करीब 6.2 करोड़ रुपये) का खर्च आया था, लेकिन अपनी शानदार कहानी के दम पर इसने दुनिया भर में 30 करोड़ डॉलर (2,500 करोड़ रुपये से अधिक) से ज्यादा की बंपर कमाई कर ली है. इस फिल्म को मशहूर यूट्यूबर से डायरेक्टर बने करी बार्कर ने लिखा और निर्देशित किया है. फिल्म की इस जादुई सफलता ने इसके मुख्य कलाकारों माइकल जॉनस्टन और इंडे नवारेटे को रातोंरात ग्लोबल स्टार बना दिया है.
कहां रिलीज हो रही है 'ऑब्सेशन'?
फिल्म की डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी 'फोकस फीचर्स' इस फिल्म को इस महीने की शुरुआत में ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने वाली थी. लेकिन सिनेमाघरों में फिल्म की जबरदस्त पकड़ और लगातार टॉप 5 फिल्मों में बने रहने के कारण इस प्लान को टालना पड़ा. अब मेकर्स ने इसकी नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है. यह फिल्म 30 जून से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अवेलेबल होगी. भारतीय दर्शक इसे 30 जून से अमेज़न प्राइम वीडियो पर इस फिल्म को रेंट पर या खरीदकर देख सकेंगे. ग्लोबल लेवल पर यह फिल्म पीकॉक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी. भारत में पीकॉक की फिल्में जियोहॉटस्टार प्लेटफॉर्म पर भी दिखाई जाती हैं, इसलिए आने वाले कुछ हफ्तों में इसके सब्सक्राइबर्स भी इस फिल्म का लुत्फ उठा सकेंगे. 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही वीकेंड में 17 मिलियन डॉलर की शानदार ओपनिंग की थी. अमेरिकी बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म लगातार छह हफ्तों तक टॉप 5 फिल्मों की लिस्ट में टिकी रही.
क्या है 'ऑब्सेशन' की कहानी?
अगर आप सोच रहे हैं कि इस फिल्म में ऐसा क्या है, तो आपको बता दें कि इसकी कहानी बेहद अनोखी और रोंगटे खड़े कर देने वाली है. कहानी बैरन बेली (उर्फ बेयर) नाम के एक सीधे-साधे युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका रोल माइकल जॉनस्टन ने निभाया है. बेयर एक म्यूजिक शॉप में काम करता है और अपनी बचपन की दोस्त निक्की (इंडे नवारेटे) से पागलों की तरह प्यार करता है, लेकिन निक्की की तरफ से ऐसा कुछ नहीं है. एक दिन बेयर को एक अजीब और जादुई खिलौना मिलता है, जिसका नाम है 'वन विश विलो' (One Wish Willow). एक रात हताश होकर बेयर इस खिलौने से दुआ मांगता है कि निक्की भी उससे प्यार करने लगे. बेयर की इच्छा पूरी तो हो जाती है और निक्की उसके प्यार में दीवानी हो जाती है, लेकिन यह प्यार सामान्य नहीं होता. इस 'ओबसेशन' के पीछे कई भयानक और विनाशकारी परिणाम छिपे होते हैं, जिनका सामना करना बेयर के लिए एक नाईटमेयर बन जाता है. इस फिल्म में कूपर टॉमलिंसन, मेगन लॉलेस और एंडी रिक्टर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. मजेदार बात यह है कि खुद डायरेक्टर करी बार्कर ने उस जादुई खिलौने (वन विश विलो) के कस्टमर केयर रिप्रेजेंटेटिव को अपनी आवाज दी है.
फिल्म की दमदार कास्ट
इस फिल्म की सफलता ने इसके लीड एक्टर्स के करियर को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. मैक्सिकन-ऑस्ट्रेलियाई मूल की इस एक्ट्रेस ने इससे पहले सिर्फ एक फिल्म 'वांडर डार्कली' (2020) में काम किया था. हालांकि, टीवी की दुनिया में वो जाना-माना नाम हैं. उन्होंने मशहूर नेटफ्लिक्स सीरीज '13 रीजन्स व्हाई' और 'सुपरमैन एंड लोइस' में बेहतरीन काम किया है. माइकल जॉनस्टन को इससे पहले एमटीवी की लोकप्रिय सीरीज 'टीन वुल्फ' में कोरी ब्रायंट के किरदार के लिए जाना जाता था. इसके अलावा उन्होंने 2016 की इंडी फिल्म 'स्लैश' में भी काम किया था.