वो दाग साला खा गया... नाना पाटेकर-तनुश्री विवाद पर इस फिल्ममेकर ने बता दी पूरी सच्चाई, एक्ट्रेस से ऐसा था Nana का रिश्ता
| नाना पाटेकर और तनुश्री दत्ता से जुड़ा पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में है. फिल्ममेकर महमूद ने इस मामले पर बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि नाना पाटेकर इस विवाद से काफी परेशान थे. वह इंटरव्यू में बार-बार सफाई देते-देते थक चुके थे. महमूद ने यह भी बताया कि फिल्म 'चॉकलेट' की शूटिंग के दौरान आखिर क्या हुआ था.
बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर और एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता के बीच हुआ विवाद एक बार फिर चर्चा में है. अब फिल्ममेकर महमूद ने इस पूरे मामले को लेकर अपनी बात रखी है. उन्होंने बताया कि एक बार गोवा में बैठे हुए नाना पाटेकर ने उनसे कहा था कि वह उस विवाद के दाग को लेकर सफाई देते-देते थक गए हैं.
महमूद ने यह भी बताया कि गोवा में बातचीत के दौरान नाना पाटेकर ने उनसे कहा था, 'यार, वो दाग साला खा गया. कहीं भी जाता हूं, इंटरव्यू में सफाई देते-देते थक गया हूं.' महमूद के मुताबिक, नाना इस विवाद को लेकर काफी परेशान थे और उन्हें लगता था कि यह मामला उनके करियर के साथ जुड़ गया है.
'चॉकलेट' के सेट पर क्या हुआ?
महमूद ने बताया कि फिल्म 'चॉकलेट' की पहले दिन की शूटिंग के दौरान विवेक साहब ने तनुश्री दत्ता से कुछ कह दिया था. इसके बाद तनुश्री ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि वह सेट पर नहीं आएंगी. शूटिंग के पहले दिन वह रो भी रही थीं. ऐसे में महमूद ने विवेक और तनुश्री दोनों को समझाया था कि उन्हें इस तरह मिलकर काम करना होगा.
नाना पाटेकर पर लगे आरोपों को लेकर महमूद ने कहा कि इस मामले में वह तनुश्री दत्ता को दोष देंगे. उनके मुताबिक, यह पूरा किस्सा उनके कजिन भाई समीर के सेट पर हुआ था और इसमें नाना पाटेकर की कोई गलती नहीं थी. हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि उस समय दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. महमूद के अनुसार, उस वक्त दोनों के बीच रिलेशनशिप था और तनुश्री को लगता था कि वह नाना से काफी कुछ सीखेंगी.
महमूद को क्या बुरा लगा?
महमूद ने आगे बताया कि तनुश्री को फिल्म में स्पेशल अपीयरेंस के लिए नाना पाटेकर ने ही लेने की बात कही थी. ऐसे में उन्हें तनुश्री से इस तरह के आरोपों की उम्मीद नहीं थी. उन्होंने कहा कि इस तरह के इल्जाम लगना काफी बुरा था.
महमूद ने नाना पाटेकर के साथ 'चॉकलेट' और 'आशिक बनाया आपने' जैसी फिल्मों में काम किया था. उन्होंने बताया कि इन फिल्मों की शूटिंग के दौरान उनके सामने ऐसा कुछ नहीं हुआ था.
उनके मुताबिक, 'आशिक बनाया आपने' के समय तनुश्री की डायरेक्टर के साथ नजदीकियां बढ़ गई थीं और वह इससे फ्रस्ट्रेट भी हुई थीं.