रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर फायरिंग, चार राउंड चलने से हड़कंप- देखिए Video

रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर शनिवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अधिकारियों के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने इमारत के बाहर चार राउंड फायरिंग की. गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.;

By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 1 Feb 2026 7:39 AM IST

बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर शनिवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अधिकारियों के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने इमारत के बाहर चार राउंड फायरिंग की. गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. एहतियातन पूरे इलाके को घेर लिया गया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस गश्त तेज कर दी गई है.

चार गोलियों की आवाज, मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रोहित शेट्टी के घर के बाहर कम से कम चार गोलियों की आवाज सुनी गई, जिसके तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं. शहर पुलिस और क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी भी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया.

पुलिस आयुक्त ने की पुष्टि, जांच जारी

मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि "इमारत पर किसी ने फायरिंग की है. जोनल पुलिस और क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है, उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है. मुंबई पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अज्ञात assailants ने निर्देशक के आवास के बाहर चार राउंड फायरिंग की. पुलिस के अनुसार, "The motive behind the attack is still unknown," और हमलावरों की पहचान के लिए हर एंगल से जांच की जा रही है.

अंतरराष्ट्रीय गैंग लिंक की भी जांच

सूत्रों के मुताबिक, इस मामले को अंतरराष्ट्रीय गैंग कनेक्शन के एंगल से भी देखा जा रहा है, हालांकि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज की भी पड़ताल कर रही है. घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें रोहित शेट्टी के घर के बाहर भारी पुलिस तैनाती, बैरिकेडिंग, पुलिस वाहन और फॉरेंसिक टीम को देखा जा सकता है. पूरी इमारत और आसपास के इलाके की सघन तलाशी ली गई.

रोहित शेट्टी की ओर से कोई बयान नहीं

फिलहाल रोहित शेट्टी और उनके परिवार की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फायरिंग किसी धमकी के इरादे से की गई थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंता बढ़ी हुई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी. फिलहाल मामला गंभीरता से जांच के दायरे में है.

Similar News