'घर की याद नहीं आई तुझे जस्सी?' मिलिए Dhurandhar 2 के Udaybir Sandhu से, जिनके एक डायलॉग ने कर दिया सबको इमोशनल
धुरंधर: द रिवेंज में पिंडा का किरदार निभाने वाले उदयबीर संधू ने अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया है. दोस्ती, धोखा और देशभक्ति के बीच उनका रोल फिल्म का सबसे बड़ा ट्विस्ट बनकर सामने आता है.
फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' (Dhurandhar: The Revenge) इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. यह एक स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसे आदित्य धर ने लिखा और निर्देशित किया है. रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं, और फिल्म दमदार एक्शन और इमोशनल कहानी के कारण लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं. मुख्य कलाकारों के अलावा कई सपोर्टिंग कास्ट ने भी अपनी जबरदस्त एक्टिंग से सबका दिल जीत लिया है. इनमें से एक नाम है उदयबीर संधू, जिन्होंने गुरबाज सिंह उर्फ पिंडा का किरदार निभाया है. उनका रोल फिल्म में बहुत खास है और उन्होंने इसे इतनी अच्छी तरह निभाया है कि दर्शक उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह पा रहे.
फिल्म की कहानी पंजाब के एक छोटे से इलाके से शुरू होती है. यहां जसकिरत सिंह रंगी (रणवीर सिंह) और उसका बचपन का दोस्त पिंडा (उदयबीर संधू) साथ-साथ बड़ा होता है. दोनों के बीच गहरी दोस्ती है. लेकिन एक क्रूर जमीन विवाद की वजह से जसकिरत का परिवार बर्बाद हो जाता है. यह घटना जसकिरत के अंदर बदले की आग जला देती है और वह बदला लेने की राह पर चल पड़ता है.
फिल्म में उदयबीर संधू की भूमिका क्या है?
पिंडा इस पूरे सफर में जसकिरत का साथ नहीं छोड़ता. वह अपने दोस्त की मदद के लिए हर संभव कोशिश करता है. खास तौर पर जब जसकिरत को हथियारों की जरूरत पड़ती है, तो पिंडा उत्तर प्रदेश के एक बड़े और खतरनाक राजनेता-गुंडे के जरिए हथियार जुटाने में बड़ी भूमिका निभाता है. इस वजह से जसकिरत को दुश्मनों पर पलटवार करने का मौका मिलता है. फिल्म में एक बहुत बड़ा ट्विस्ट आता है. कई साल बाद पिंडा की मुलाकात जसकिरत से होती है, जो अब हमजा अली मजारी के नाम से पाकिस्तान में रह रहा है. वहां वह एक बड़े ड्रग तस्करी और आतंकवाद से जुड़े नेटवर्क में फंस चुका है. पिंडा पहले तो अनजान बनने का नाटक करता है, लेकिन फिर एक दिल दहला देने वाला सवाल पूछता है, 'घर की याद नहीं आई तुझे, जस्सी?. यह डायलॉग फिल्म में बहुत इमोशनल और रोमांचक पल बनाता है. इसके बाद पता चलता है कि पिंडा को जसकिरत के भारतीय जासूस होने का राज पता चल चुका है. यह मोड़ कहानी को और भी रोमांचक बना देता है और फिल्म के सबसे यादगार ट्विस्ट में से एक बन जाता है. उदयबीर ने इस किरदार को इतनी गहराई से निभाया है कि दर्शकों का दिल छू जाता है – दोस्ती से लेकर विश्वासघात तक का सफर दिखाया है.
उदयबीर संधू कौन हैं और उनका सफर कैसा रहा?
उदयबीर संधू पंजाब के अमृतसर इलाके से ताल्लुक रखते हैं. वे पहले नेशनल लेवल के हॉकी प्लेयर थे. खेल के मैदान से वे एक्टिंग की दुनिया में आए. उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें जल्दी ही अच्छे रोल दिलाए. उनकी पहली बड़ी फिल्म थी 'गोल्ड' (2018), जिसमें उन्होंने अक्षय कुमार के साथ काम किया।. फिल्म में उनका किरदार था देवांग चतुर्वेदी का. यह हॉकी टीम की कहानी थी, और उदयबीर ने इसमें अच्छा प्रदर्शन किया. फिर उन्होंने 'अमर सिंह चमकीला' में जितेंद्र जिंदा का रोल किया. यह किरदार असली लोक गायक सुरिंदर शिंदा से प्रेरित था. इस रोल के लिए उदयबीर ने अपना वजन 8 किलो बढ़ाया और किरदार में पूरी तरह ढल गए. यहां उन्होंने दिलजीत दोसांझ और परिणीति चोपड़ा के साथ स्क्रीन शेयर किया. पंजाबी सिनेमा में उन्होंने 'इक्क कुड़ी' से एंट्री की, जहां शहनाज गिल के साथ काम किया. उनका किरदार था जगवीर संधू का.