जिद्दी-बाघी फिर बनी बॉलीवुड की क्वीन, ग्लैमर वर्ल्ड से राजनीति तक इतने करोड़ों की मालकिन हैं Kangana Ranaut

कंगना रनौत का सफर संघर्ष, सफलता और विवादों से भरा रहा है, जिसने उन्हें बॉलीवुड की क्वीन से राजनीति की ताकतवर नेता बना दिया. आज वह करोड़ों की संपत्ति और लग्जरी लाइफस्टाइल के साथ मंडी की सांसद भी हैं.

( Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 23 March 2026 6:20 AM IST

कंगना रनौत का नाम बॉलीवुड में बहुत बड़ा है. वह न सिर्फ एक बेहतरीन एक्ट्रेस हैं, बल्कि अपनी खुलकर बोलने वाली आदत और मजबूत व्यक्तित्व की वजह से भी जानी जाती हैं. उनकी खूबसूरती, एक्टिंग और बेबाकी ने उन्हें इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम दिया है. लेकिन उनका सफर आसान नहीं रहा. एक छोटे से गांव की लड़की से लेकर आज टॉप स्टार बनने तक का उनका संघर्ष बहुत प्रेरणादायक है.

हिमाचल प्रदेश में कंगना का साधारण बचपन

कंगना रनौत का जन्म हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक छोटे से गांव भामला में हुआ था. उनका परिवार एक सामान्य राजपूत परिवार था, जहां कोई भी शोबिज या फिल्मों से जुड़ा नहीं था. उनके पिता एक छोटे स्तर के व्यवसायी थे और मां स्कूल में टीचर थीं, जो अब रिटायर्ड हैं. कंगना के दो भाई-बहन हैं एक भाई अक्षत और एक बहन रंगोली. बचपन से ही कंगना को अच्छी पढ़ाई-लिखाई पर जोर दिया गया. उनके माता-पिता चाहते थे कि वह बड़ी होकर डॉक्टर बनें. लेकिन कंगना का मन कुछ और था. वह बहुत जिद्दी और थोड़ी विद्रोही स्वभाव की थीं. 16 साल की उम्र में उन्होंने घर छोड़ दिया और दिल्ली चली गईं, ताकि अपनी जिंदगी खुद संवार सकें. यह फैसला उनके लिए बहुत बड़ा था, क्योंकि परिवार का कोई साथ नहीं था.

दिल्ली में नई शुरुआत: मॉडलिंग और थिएटर

दिल्ली पहुंचकर कंगना ने खुद को आजमाया. उन्होंने एलीट मॉडलिंग एजेंसी जॉइन की. अपनी अच्छी लुक्स की वजह से उन्हें कुछ मॉडलिंग के काम मिले. एजेंसी ने उन्हें ट्रेनिंग भी दी. लेकिन जल्द ही उन्हें समझ आ गया कि मॉडलिंग उनका सपना नहीं है. वह तो असली एक्ट्रेस बनना चाहती थीं. इसके बाद उन्होंने अस्मिता थिएटर ग्रुप जॉइन किया. यहां प्रसिद्ध थिएटर डायरेक्टर अरविंद गौड़ ने उन्हें एक्टिंग सिखाई. थिएटर में काम करके कंगना को बहुत कुछ सीखने को मिला. उन्होंने स्टेज पर परफॉर्म किया और कॉन्फिडेंस बढ़ाया. फिर मुंबई जाने का फैसला किया, जहां बॉलीवुड का असली खेल था. मुंबई में उन्होंने आशा चंद्रा के ड्रामा स्कूल में चार महीने का कोर्स भी किया.

बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री: गैंगस्टर से शुरुआत

मुंबई आने के बाद किस्मत ने उनका साथ दिया. एक कास्टिंग एजेंट की मदद से वह डायरेक्टर अनुराग बसु के पास पहुंचीं. अनुराग बसु की फिल्म 'गैंगस्टर' के लिए ऑडिशन दिया. शुरू में अनुराग को लगा कि 19 साल की कंगना इस रोल के लिए छोटी हैं, इसलिए उन्होंने चित्रांगदा सिंह को साइन किया था. लेकिन चित्रांगदा ने आखिरी वक्त में फिल्म छोड़ दी. फिर कंगना को मौका मिला और उन्होंने लीड रोल किया. 2006 में रिलीज हुई 'गैंगस्टर' ने कंगना को रातोंरात स्टार बना दिया. उनकी एक्टिंग की सबने तारीफ की. फिल्म को बहुत पसंद किया गया. इसके बाद 'वो लम्हे', 'लाइफ इन ए... मेट्रो', 'फैशन' जैसी फिल्में आईं. 'फैशन' में उनकी एक्टिंग ने उन्हें नेशनल अवॉर्ड तक पहुंचाया. धीरे-धीरे वह बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस बन गईं. 

आदित्य पंचोली के साथ दुखद अनुभव

बॉलीवुड में नए आने पर कंगना को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. वह एक छोटे शहर से आई थीं, इसलिए इंडस्ट्री के कई गलत पहलुओं से अनजान थीं. शुरुआत में एक्टर आदित्य पंचोली और उनकी पत्नी जरिना वहाब ने उन्हें अपना घर जैसा माहौल दिया. कंगना उनके घर में रहती थीं और उन्हें परिवार जैसा सपोर्ट मिला. लेकिन बाद में हालात बिगड़ गए. कंगना ने कई इंटरव्यू में बताया कि आदित्य ने उनके साथ गलत व्यवहार किया. उन्होंने शारीरिक और मानसिक परेशान किया. कंगना ने कहा कि आदित्य ने उन्हें कई बार घर में बंद करके रखा, उनके साथ बदसलूकी की और यहां तक कि पुलिस कंप्लेंट भी करनी पड़ी. यह दौर उनके लिए बहुत दर्दनाक था. उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का सबसे बुरा समय बताया. हालांकि इसके बाद वह अध्यन सुमन और ऋतिक रोशन के साथ भी रिलेशनशिप में रही लेकिन इन दोनों रिश्तों में भी उनके विवाद कोर्ट तक पहुंचें.

राजनीति में कैसे आईं 

कंगना रनौत ने राजनीति में एंट्री 2024 में की थी. वह बॉलीवुड की एक सफल एक्ट्रेस थीं, लेकिन कई सालों से वह देशहित, राष्ट्रवाद और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलती आई हैं. राजनीति में आने से पहले उन्हें कई बार ऑफर मिल चुके थे, यहां तक कि उनकी डेब्यू फिल्म 'गैंगस्टर' के बाद भी. लेकिन 2024 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उन्हें हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया. कंगना ने खुद कई इंटरव्यू में बताया कि बीजेपी ने उन्हें टिकट ऑफर किया, और उन्होंने इसे मौका मानकर स्वीकार कर लिया. उनका कहना था कि यह सही समय था, और वह हिमाचल के लोगों की सेवा करना चाहती थीं. 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह को 74,755 वोटों से हराकर जीत हासिल की. उन्हें कुल 5,37,022 वोट मिले. इस तरह, जून 2024 से वह मंडी से लोकसभा सांसद (MP) बनीं. यह उनका राजनीति में पहला चुनाव था, और काफी मजबूत डेब्यू माना गया. 

कंगना की लग्जरी लाइफस्टाइल और महंगी चीजें

आज कंगना बहुत सफल हैं और उनकी जिंदगी काफी लग्जरी वाली है. उनकी सबसे बड़ी प्रॉपर्टी मनाली में है- एक शानदार 8 बेडरूम वाला बंगला, जिसकी कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये है. यह 7600 स्क्वेयर फुट में फैला है. इसमें जिम, प्राइवेट ऑफिस, कंजर्वेटरी और कई खास चीजें हैं. मुंबई में पाली हिल में उनका एक 5 बेडरूम वाला अपार्टमेंट है, जो करीब 20 करोड़ का है. यहां से समुद्र का खूबसूरत नजारा दिखता है. पहले उनका प्रोडक्शन हाउस ऑफिस भी पाली हिल में था, जो काफी महंगा था करीब 48 करोड़ का बताया जाता था लेकिन अब कुछ बदलाव हुए हैं. कारों में उनके पास मर्सिडीज बेंज की महंगी गाड़ियां हैं, जैसे BMW 7 सीरीज करीब 1.35 करोड़ और GLE SUV। उन्हें लग्जरी हैंडबैग और जूते बहुत पसंद हैं - लुई विटॉन, हर्मीज, डियोर, प्राडा जैसे ब्रांड्स के. 

कंगना की नेट वर्थ

कंगना को उनके फैंस 'क्वीन' कहते हैं और यह नाम उन पर पूरी तरह फिट बैठता है. वह अपनी जिंदगी राजाओं-रानियों की तरह जीती हैं.  पद्मश्री अवॉर्ड जीत चुकी कंगना की नेट वर्थ हाल के रिपोर्ट्स के अनुसार लगभग 90-96 करोड़ रुपये के आसपास है (2024-2025 में उनके चुनाव एफिडेविट में 91 करोड़ दिखाई गई थी, कुछ रिपोर्ट्स में 96 करोड़ तक बताई जाती है.  उनकी कमाई फिल्मों से, ब्रांड एंडोर्समेंट से और प्रोडक्शन से होती है. एक फिल्म के लिए 3 करोड़ या उससे ज्यादा फीस लेती हैं. ब्रांड एंडोर्समेंट में 2-3 करोड़ तक चार्ज करती हैं. 

Similar News