Dhurandhar पाकिस्तान में हुई नंबर-1, पाक फैंस ने की जमकर तारीफ; कहा- सही रिसर्च के साथ शानदार फिल्म
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ भले ही पाकिस्तान में सिनेमाघरों में रिलीज न हो पाई हो, लेकिन नेटफ्लिक्स पर आते ही इसने वहां इतिहास रच दिया है. 30 जनवरी 2026 को OTT रिलीज के बाद फिल्म पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स की नंबर-1 ट्रेंडिंग फिल्म बन गई. आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह स्पाई-थ्रिलर एक भारतीय जासूस की खतरनाक मिशन कहानी दिखाती है.;
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' (Dhurandhar) ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी, लेकिन पाकिस्तान में इसे सिनेमाघरों में रिलीज करने की इजाजत नहीं मिली थी. वहां के नियमों के कारण भारतीय फिल्मों पर पहले से ही सख्ती है, और इस फिल्म को भी थिएटर में बैन कर दिया गया. फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर हैं, और इसमें रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन जैसे बड़े कलाकार हैं।फिल्म की कहानी एक भारतीय जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सीक्रेट मिशन पर पाकिस्तान जाता है और वहां लियारी के खतरनाक माफिया और अपराध की दुनिया में घुस जाता है. यह कहानी असली घटनाओं से प्रेरित बताई जाती है.
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने बहुत अच्छा बिजनेस किया, लेकिन पाकिस्तान और कुछ गल्फ देशों में न रिलीज होने की वजह से कुछ कमाई का नुकसान हुआ. अब अच्छी खबर यह है कि 30 जनवरी 2026 को यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर पूरी दुनिया में रिलीज हो गई. नेटफ्लिक्स पर आने के बाद पाकिस्तान में भी लोग इसे देख पा रहे हैं, क्योंकि वहां ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कोई रोक नहीं है. रिलीज के कुछ ही दिनों में धुरंधर पाकिस्तान के नेटफ्लिक्स पर नंबर 1 पोजीशन पर ट्रेंड करने लगी. हिंदुस्तान टाइम्स ने भी इसकी पुष्टि की है कि शनिवार से ही फिल्म वहां टॉप पर बनी हुई है. लोग एक्साइटेड हैं कि आखिर यह फिल्म इतनी 'विवादास्पद' क्यों बताई जा रही थी.
पकिस्तान की अवाम हुई धुरंधर की फैन
पाकिस्तान के दर्शकों ने फिल्म की खूब तारीफ की है. सोशल मीडिया पर कई कमेंट्स वायरल हो रहे हैं. एक पाकिस्तानी दर्शक ने लिखा, 'मैं पाकिस्तानी हूं और मुझे 'धुरंधर' बहुत पसंद आई. आप लोग यह धारणा बनाना बंद कर दो कि हम एक-दूसरे से नफरत करते हैं. मेरी तरफ से सिर्फ प्यार है, असभ्य मत बनो.' एक और यूजर ने कहा, 'एक पाकिस्तानी होने के नाते, यह मेरी अब तक की सबसे अच्छी बॉलीवुड फिल्म है. पहली बार ऐसी फिल्म देखी जिसमें असली रिसर्च किया गया है. पाकिस्तानियों को दिखाने के लिए सिर्फ 'आदाब', 'जनाब', सुरमा, काजल, टोपी और बनियान जैसे स्टीरियोटाइप नहीं इस्तेमाल किए गए.' एक अन्य कमेंट था, 'फिल्म ने पाकिस्तान को (हथियारबंद गिरोहों और राजनीति को) बहुत सही तरीके से दिखाया है, और भारत में जनमत की राजनीति पर भी अच्छा तड़का लगाया है.'
नंबर 1 ट्रेंड पर 'धुरंधर'
भारत में भी फिल्म नेटफ्लिक्स पर नंबर 1 ट्रेंड कर रही है. ओटीटी वर्जन में फिल्म की लंबाई में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है. पहले थिएटर में संजय दत्त के किरदार के कुछ बलूची डायलॉग्स पर आपत्ति हुई थी, उन्हें हटा दिया गया था. नेटफ्लिक्स पर भी वही वर्जन है, कोई एक्स्ट्रा कट नहीं किया गया. कुछ लोगों ने OTT पर कलर और साउंड की शिकायत की थी, लेकिन बाद में नेटफ्लिक्स ने इसे बेहतर कर दिया. फिल्म की सफलता से अब 'धुरंधर 2' पर भी काफी चर्चा हो रही है. सीक्वल पर काम शुरू हो चुका है और यह 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. हाल ही में मुंबई के सेट से कुछ वीडियो लीक हुए हैं, जिनमें अर्जुन रामपाल और संजय दत्त के किरदारों के बीच तीखी बहस दिख रही है. अगले पार्ट में हमजा मजहरी के बदले की कहानी दिखाई जाएगी, और आखिरकार 'बड़े साहब' का राज खुलने वाला है. कई लोग मानते हैं कि यह किरदार गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम से इंस्पायर्ड है.