वर्ल्डवाइड 1088 करोड़ के पार Dhurandhar 2, दिल्ली-मुंबई में खचाखच भरे पड़े है थिएटर

'धुरंधर 2' ने सिर्फ 8 दिनों में 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है.

Dhurandhar 2 Collection(Image Source:  IMDB )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

'धुरंधर द रिवेंज' (Dhurandhar: The Revenge) बॉक्स ऑफिस पर अभी भी जोरदार धमाल मचा रही है. रिलीज के सिर्फ आठ दिनों में ही यह फिल्म कमाई के नए-नए रिकॉर्ड बना रही है. जियो स्टूडियोज ने आधिकारिक रूप से बताया कि रणवीर सिंह की यह फिल्म अब तक भारत में 690 करोड़ रुपये और पूरे वर्ल्डवाइड पर 1,088 करोड़ रुपये कमा चुकी है. इतनी कम समय में इतनी बड़ी कमाई करना किसी भी फिल्म के लिए बहुत बड़ी बात है. आठवें दिन अकेले इस फिल्म ने पूरे देश में 19,493 शो चलाए और इन शो से 53 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की.

खास बात यह है कि दिल्ली-एनसीआर जैसे बड़े शहरों में लोगों की फिल्म के प्रति दीवानगी देखते ही बनती है. वहां कई-कई शो पूरी तरह हाउसफुल चल रहे हैं. प्रीमियम फॉर्मेट में टिकट की कीमतें बहुत ऊंची होने के बावजूद लोग उन्हें खरीद रहे हैं. उदाहरण के लिए, पीवीआर डायरेक्टर कट वाले शो में टिकट की कीमत 2,400 रुपये तक थी, फिर भी सारे टिकट बिक गए. इससे साफ पता चलता है कि दर्शक इस फिल्म को कितना पसंद कर रहे हैं.

मुंबई में भी एक दिन में 1,254 शो हुए, जो फिल्म की देशभर में कितनी बड़ी रिलीज हुई है, इसका अच्छा प्रमाण है. एक और बड़ी उपलब्धि यह है कि 'धुरंधर 2' ने 'पुष्पा 2: द रूल' को पीछे छोड़ते हुए सबसे बड़ी वीकेंड ओपनिंग का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. फिल्म को सिर्फ हिंदी में ही नहीं, बल्कि कन्नड़, तमिल, तेलुगु, मलयालम और अन्य कई भारतीय भाषाओं में रिलीज किया गया था.

अलग-अलग भाषाओं में रिलीज होने की इस रणनीति से फिल्म ने पूरे देश के दर्शकों तक अपनी पहुंच बनाई और इसी वजह से उसकी लोकप्रियता बहुत तेजी से बढ़ी।ट्रेड एनालिस्ट वेबसाइट Sacnilk के अनुसार, फिल्म ने भारत में 700 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. शुक्रवार को रात 9 बजे तक फिल्म ने लगभग 33.10 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी. वहीं, रात 8 बजे तक यह आंकड़ा करीब 27.38 करोड़ रुपये था. कुल मिलाकर कहें तो रणवीर सिंह की धुरंधर द रिवेंज फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार तहलका मचा रही है. 

Similar News