Saba Azad को हुआ पैरासिटिक इन्फेक्शन, 14 दिन में 4KG वजन कम; बॉयफ्रेंड Hrithik Roshan कर रहे है केयर

सबा आज़ाद को साइक्लोस्पोरा कैटेनेन्सिस नाम के परजीवी इन्फेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा, जिससे उनका 4 किलो वजन तेजी से कम हो गया.

Saba Azad Health Update(Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 28 March 2026 8:38 AM IST

सिंगर-एक्ट्रेस सबा आज़ाद (Saba Azad) हाल ही में एक गंभीर पैरासिटिक इन्फेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती हो गई हैं.इस इन्फेक्शन का नाम साइक्लोस्पोरा कैटेनेन्सिस है. इस बीमारी की वजह से उनका वज़न बहुत तेज़ी से घट गया है. मात्र दो हफ्तों में उनका वज़न करीब 4 किलो कम हो गया है. अपनी इस मुश्किल स्थिति के बारे में लोगों को बताने के लिए सबा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की. इस पोस्ट में उन्होंने अस्पताल के बिस्तर पर लेटे हुए अपनी एक तस्वीर डाली और उसके साथ एक बहुत लंबा और इमोशनल नोट भी लिखा.

पोस्ट में सबा ने लिखा कि ये उनके जीवन के सबसे बुरे 14 दिन रहे हैं. उन्होंने परजीवी को सीधे संबोधित करते हुए कहा, 'साइक्लोस्पोरा कैटेनेन्सिस, तू कितना घिनौना कीड़ा है.' सबा ने बताया कि वे हमेशा घर का बना हुआ खाना ही खाती हैं और हर जगह अपने साथ पानी की बोतल लेकर चलती हैं. फिर भी यह इन्फेक्शन उन पर अचानक से आ गया. वह भी ठीक उस समय जब उनका साल का सबसे व्यस्त शेड्यूल चल रहा था.

उन्होंने अपनी हालत के बारें में बताया. उन्होंने लिखा, 'दो हफ्तों में मेरा 4 किलो वज़न कम हो गया, जो मुझे बिल्कुल भी नहीं चाहिए था. अब मैं मुश्किल से चल पा रही हूं. कुछ दिन पहले तक मैं एक दिन में दो बार एक्सरसाइज करती थी, पुल-अप्स करती थी और भारी वज़न उठाती थी.  लेकिन अब मैं आधी हो गई हूं. एक छोटी सी टूथपिक उठाने की भी ताकत नहीं बची है, भारी वज़न तो बहुत दूर की बात है.'

इस पोस्ट में सबा ने फ़ूड हाइजीन पर बहुत ज़ोर दिया. उन्होंने अपने फॉलोअर्स से अपील की कि वे सब्जियों और सलाद के पत्तों को बहुत अच्छी तरह धोएं. उन्होंने कहा, 'अपने पेट की सेहत के लिए सलाद और सब्जियों को ऐसे धोएं जैसे कि आपकी पूरी जिंदगी इस पर निर्भर कर रही हो क्योंकि कभी-कभी सचमुच ऐसा ही होता है.'

सबा ने अपनी नई ट्रिक भी बताई. उन्होंने कहा कि अब वे सब्जियों को धोने के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करती हैं. पोस्ट में सबा ने अपने बॉयफ्रेंड एक्टर ऋतिक रोशन का भी खास तौर पर धन्यवाद किया. उन्होंने लिखा कि मुश्किल समय में ऋतिक ने उनका बहुत साथ दिया.  ऋतिक ने न सिर्फ उनकी तस्वीर खींची, बल्कि उनके चिड़चिड़े मूड को भी खुश रखा और हर मुश्किल हालात में कॉमेडी ढूंढ निकालते हैं. सबा ने @hrithikroshan को टैग करते हुए दिल से शुक्रिया कहा.

अपनी पोस्ट के अंत में सबा ने हल्के-फुल्के अंदाज में मजाक भी किया. उन्होंने लिखा, 'पीएस - मैं उतनी छोटी नहीं हुई हूं जितनी यहां तस्वीर में दिख रही हूं. असल में बिस्तर बहुत बड़ा है और एंगल भी चौड़ा है. जैसे ही सबा की यह पोस्ट इंस्टाग्राम पर आई, उनके दोस्तों और फैंस की तरफ से ढेर सारी प्रतिक्रियाएं आने लगीं. लोग चिंता जता रहे थे और उन्हें जल्दी ठीक होने की दुआ कर रहे थे.

एक्ट्रेस कोंकणा सेन शर्मा ने कमेंट में लिखा, 'अरे नहीं, बेचारी! ढेर सारा प्यार भेज रही हूं.' एक्टर अली फजल ने लिखा, 'हे भगवान सबा, अपना ख्याल रखना, जल्दी ठीक हो जाओ.' इसके अलावा सोनी राजदान, ऋचा चड्ढा और जायद खान जैसी कई अन्य सेलेब्स ने भी सबा के जल्द  ठीक होने की कामना की और प्यार भरे मैसेज दिए. 

Similar News