अगर आप नवंबर में बैंक जाकर कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं तो थोड़ा रुककर छुट्टियों का कैलेंडर जरूर देख लें. अगले महीने त्योहारों की वजह से कई राज्यों में बैंक बंद रहने वाले हैं. दिवाली से लेकर छठ पूजा और गुरु नानक जयंती तक कई खास मौके नवंबर में पड़ रहे हैं.

इनके अलावा हर हफ्ते आने वाले रविवार और महीने के दो शनिवार को भी बैंकिंग कामकाज नहीं होगा. इस तरह नवंबर में कुल 16 दिन ऐसे होंगे, जब अलग-अलग जगहों पर बैंक बंद रह सकते हैं. हालांकि, हर राज्य में एक जैसी छुट्टियां नहीं होंगी.

त्योहारों के कारण कब-कब बंद रहेंगे बैंक?

  • नवंबर की शुरुआत से ही त्योहारों का असर बैंकिंग सर्विस पर दिखाई देगा. 9 नवंबर को त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़, सिक्किम, मणिपुर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में दिवाली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा या विश्वकर्मा दिवस के कारण बैंक बंद रहेंगे.
  • 10 नवंबर को गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम में छुट्टी रहेगी. वहीं, 11 नवंबर को सिक्किम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश में लक्ष्मी पूजा, भाई दूज, निंगोल चकौबा और चित्रगुप्त जयंती के चलते बैंक नहीं खुलेंगे.
  • 13 नवंबर को मेघालय में वांगाला उत्सव के कारण बैंक नहीं खुलेंगे. इसके बाद 16 नवंबर को बिहार और झारखंड में छठ पूजा के पहले अर्घ्य के चलते छुट्टी रहेगी. 20 नवंबर को उत्तराखंड में इगास-बग्वाल और 23 नवंबर को मेघालय में सेंग कुट स्नेम के अवसर पर बैंक न जाएं.
  • 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और रहस पूर्णिमा के कारण कई राज्यों में बैंकिंग कामकाज ठप रहेगा. इनमें महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब क्षेत्र के चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्य शामिल हैं. वहीं, 27 नवंबर को कर्नाटक में कनकदास जयंती के चलते बैंक की छुट्टी है. 

रविवार और शनिवार की छुट्टियां भी समझ लें

नवंबर में त्योहारों के अलावा साप्ताहिक छुट्टियों का भी हिसाब रखना होगा. इस महीने 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर को रविवार है. इन पांचों दिन देशभर में बैंक बंद रहेंगे. इसके अलावा 14 नवंबर को दूसरा शनिवार और 28 नवंबर को चौथा शनिवार होने के कारण भी बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा. नियम के मुताबिक, बैंक हर महीने दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं. हालांकि, पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को सामान्य तौर पर बैंक खुले रहते हैं.

बैंक जाने से पहले क्या कर लें?

अगर बैंक में कोई जरूरी काम अटका हुआ है तो उसे छुट्टी वाले दिनों से पहले पूरा करने की कोशिश करें. खासकर बिहार के लोगों को 16 नवंबर का ध्यान रखना चाहिए. इस दिन छठ पूजा के पहले अर्घ्य के चलते बैंक बंद रहेंगे.

एक बात और समझ लें कि बैंक शाखाएं बंद होने पर भी UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सुविधाएं आमतौर पर मिलती रहेंगी. इसलिए अपने काम की तारीख पहले तय करें और घर से निकलने से पहले स्थानीय बैंक की छुट्टी की जानकारी जरूर जांच लें.