Begin typing your search...

10 हजार की नौकरी, खाते में जमा 55 हजार, बिल पेमेंट करने गया तो ब्लॉक मिले 1 लाख करोड़ रुपये, क्या है पूरा मामला

सीकर के समीर खान के बैंक खाते में अचानक एक लाख करोड़ रुपये को ब्लॉक करने का मामला सामने आया है. मेडिकल स्टोर पर 10 हजार रुपये महीने की नौकरी करने वाले समीर के खाते में 55 हजार रुपये थे. मोबाइल रिचार्ज करने के लिए ऐप खोला तो बैलेंस जीरो मिला. इसके बाद वह शिकायत लेकर साइबर पुलिस के पास पहुंचा.

10 हजार की नौकरी, खाते में जमा 55 हजार, बिल पेमेंट करने गया तो ब्लॉक मिले 1 लाख करोड़ रुपये, क्या है पूरा मामला
X

खाते में लगा 1 लाख करोड़ रुपये का लियन

( Image Source:  @chatgpt )

राजस्थान के सीकर में एक युवक के बैंक खाते में एक लाख करोड़ रुपये का लियन लगने का मामला सामने आया है. मेडिकल स्टोर पर हर महीने 10 हजार रुपये कमाने वाले 22 साल के समीर खान के खाते में 55 हजार रुपये जमा थे. लेकिन मोबाइल रिचार्ज करने के लिए बैंक का ऐप खोला तो बैलेंस जीरो दिखाई दिया.

समीर ने खाते की जानकारी देखी तो उसमें एक लाख करोड़ रुपये का लियन दर्ज था. यह देखकर उसके होश उड़ गए। वह दुकान के मालिक के साथ साइबर पुलिस थाने पहुंचा और शिकायत की. अब सवाल है कि एक आम युवक के खाते में इतनी बड़ी रकम का लियन (लियन का मतलब होता है कि बैंक ने खाते की एक तय राशि को अस्थायी रूप से रोक दिया है. उस रोकी गई राशि का उपयोग नहीं किया जा सकता) कैसे लग गया और उसके अपने पैसे क्यों रूक गए?

कैसे हुआ बैंक बैलेंस जीरो?

यह मामला सीकर शहर के सालासर बस स्टैंड के पास स्थित निर्मल मेडिकल पॉइंट का है. यहां काम करने वाले समीर खान ने बताया कि उसका कोटक बैंक में खाता है. 28 अक्टूबर की सुबह तक उसके अकाउंट में 55 हजार रुपये थे. दोपहर में उसे मोबाइल रिचार्ज करना था. इसके लिए उसने बैंक का ऐप खोला और अपना पिन डालकर बैलेंस चेक किया. खाते में जीरो रुपये देखकर वह हैरान रह गया. जब उसने स्टेटमेंट देखा, तो उसमें एक लाख करोड़ रुपये का लियन दर्ज था. इसके बाद समीर को समझ नहीं आया कि उसके खाते में ऐसा कैसे हो गया.

कहां गए खाते से 55 हजार रुपये ?

समीर पिछले कई महीनों से मेडिकल स्टोर पर काम कर रहा है. उसे हर महीने 10 हजार रुपये वेतन मिलता है. खाते में जमा 55 हजार रुपये उसकी बचत थी. लेकिन लियन लगने के बाद वह इस रकम का इस्तेमाल नहीं कर पा रहा है.समीर ने सबसे पहले दुकान के मालिक धीरज शर्मा और वहां काम करने वाले दूसरे लोगों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद वह धीरज शर्मा के साथ साइबर पुलिस थाने पहुंचा और अपनी शिकायत बताई.

कैसे हुई बैंक से गलती?

मेडिकल स्टोर के मालिक धीरज शर्मा ने बताया कि समीर को हर महीने 10 हजार रुपये वेतन मिलता है. खाते में एक लाख करोड़ रुपये का लियन लगा होने की बात सुनकर सभी हैरान रह गए. वहीं, साइबर पुलिस थाने के एएसआई दीनदयाल ने कहा कि यह बैंक की तकनीकी गड़बड़ी का मामला हो सकता है. पुलिस ने समीर को बैंक से संपर्क करने की सलाह दी है. फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि खाते में इतनी बड़ी रकम का लियन क्यों और कैसे लगा. बैंक से जानकारी मिलने के बाद ही इसकी असली वजह सामने आएगी. तब तक समीर अपने खाते में जमा 55 हजार रुपये इस्तेमाल नहीं कर पा रहा है.

अगला लेख