Hong Kong Sixes 2026 में भारत की हार पर इतराए पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ, ट्वीट तो ऐसे कर रहे जैसे जीत लिया हो वर्ल्ड कप, फिर बनवा लिया मजाक
हांगकांग सिक्सेस 2026 में टीम इंडिया को पाकिस्तान के हाथों पहले ही मैच हार का सामना करना पड़ा. वहीं भारत की हार पर पाकिस्तान के पीएम ने ट्वीट करके अपनी टीम को ऐसे बधाई दी जैसे उन्होंने कोई वर्ल्ड कप जीत लिया हो.
Hong Kong Sixes 2026
हांगकांग सिक्सेस 2026 में 30 अक्टूबर को टीम इंडिया ने अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के साथ मुकाबले से की. इस बार टीम इंडिया की कप्तानी क्रुणाल पांड्या कर रहे हैं. हालांकि पहले ही मैच में टीम इंडिया को पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा. वैसे तो ऐसा बहुत ही कम देखने को मिलता है कि टीम इंडिया को पाकिस्तान जैसी टीम से हार का सामना करना पड़े. हालांकि वर्ल्ड कप और एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में अब भी पाकिस्तान की टीम भारतीय टीम के हाथों लगातार पिट रही है.
लेकिन हांगकांग सिक्सेस में मिली इस जीत परा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ऐसे खुश होकर अपनी टीम और पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी को बधाई देने लगे जैसे उन्होंने कोई वर्ल्ड कप का खिताब टीम इंडिया को हराकर जीत लिया हो. अपनी इस हरकत पर पीएम शहबाज ने खुद का और अपने देश का एक बार फिर से मजाक बनवा लिया है.
क्या है शहबाज शरीफ की पोस्ट?
पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने ट्वीट करके लिखा कि "हांगकांग सिक्सस 2026 के शुरुआती मुकाबले में भारत के खिलाफ चार विकेट से शानदार जीत हासिल करने पर हमारे लड़कों को बधाई! यह क्रिकेट का एक अच्छा मैच था. मैं पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी और उनकी टीम की भी तारीफ करता हूं, जिन्होंने हमारे खिलाड़ियों को तैयार करने और उन्हें सपोर्ट करने के लिए समर्पित प्रयास किए."
उनकी पोस्ट पर अब यूजर्स भी काफी मजे ले रहे हैं. एक यूजर ने कमेंट करके लिखा "बड़ा ही खाली पीएम है, फर्जी सी सीरीज के लिए ट्वीट करता रहता है." दूसरे यूजर ने कमेंट करके लिखा "दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ मैच जीतने पर बधाई. यह अब तक खेले गए किसी भी विश्व कप या एशिया कप से कहीं बढ़कर है."
कैसा रहा मैच का हाल?
हांगकांग सिक्सेस 2026 टूर्नामेंट में भारतीय टीम की शुरुआत निराशाजनक रही. अपने पहले मुकाबले में भारत को पाकिस्तान के हाथों 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम छह ओवर में पांच विकेट खोकर सिर्फ 88 रन बना सकी. टीम की ओर से शशांक सिंह ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की और महज दो ओवर में 59 रन बना लिए थे. अब्बास अफरीदी ने पहले ही ओवर में कप्तान क्रुणाल पांड्या के खिलाफ लगातार पांच छक्के जड़कर मैच का रुख पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया. इसके बाद ख्वाजा नफे ने टीम को जीत तक पहुंचाया. इस हार के साथ भारतीय टीम को टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा.




