Today Weather: अर्नब कमजोर लेकिन बारिश का कहर बरकरार, दिल्ली से पंजाब तक बरसात, यूपी में 23 जिलों में आंधी का अलर्ट
तूफान अर्नब की रफ्तार भले ही धीमी पड़ गई हो, लेकिन मौसम की मार अभी जारी है. कई राज्यों में बादल, बारिश और तेज हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं.
चक्रवाती तूफान 'अर्नब' भले ही कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया हो, लेकिन इसका असर अब भी कई राज्यों में देखने को मिल रहा है. शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कई शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. वहीं, दिल्ली, पंजाब और आसपास के इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं.
मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार यानी 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के 23 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. उधर, बिहार और झारखंड में भी 5 नवंबर तक बारिश का दौर चलने का अनुमान है, जबकि उत्तराखंड और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
दिल्ली और पंजाब में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के लोगों को भी आने वाले दिनों में मौसम की मार झेलनी पड़ सकती है. 2 नवंबर को इन इलाकों में बादल बरस सकते हैं. बारिश के साथ बिजली चमकने और बादलों के गरजने की भी आशंका है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
उत्तराखंड में भी बदलेगा मौसम
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है. उत्तराखंड में 31 अक्टूबर से बारिश का सिलसिला शुरू होकर 2 नवंबर तक चलने के आसार हैं. इस दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ आसमान से बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. वहीं, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी 2 नवंबर तक बादल छाए रह सकते हैं और रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
यूपी में 23 जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में शनिवार को भी लोगों को बारिश और तेज हवाओं का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, प्रयागराज, वाराणसी और जौनपुर समेत 23 जिलों के लिए खराब मौसम की चेतावनी दी है. इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है. हालांकि, राहत की बात यह है कि पश्चिमी यूपी में 31 अक्टूबर के बाद मौसम सामान्य होने की उम्मीद है, जबकि पूर्वी हिस्सों में 2 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
बिहार-झारखंड में 5 नवंबर तक बारिश के आसार
पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश से जल्द राहत मिलने के आसार नहीं हैं. बिहार और झारखंड में अगले कई दिनों तक बादलों की आवाजाही के साथ बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल में भी 31 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है. इन राज्यों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश होने की चेतावनी दी गई है. वहीं, ओडिशा में 31 अक्टूबर को बारिश के बाद 2 से 5 नवंबर तक फिर मौसम बिगड़ सकता है. खासतौर पर 2 नवंबर को यहां कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की आशंका है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 31 अक्टूबर से बारिश का दौर शुरू होकर 5 नवंबर तक चलने के आसार हैं. इस बीच 2 और 3 नवंबर को कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. केरल में 1 से 3 नवंबर के बीच बादल जमकर बरस सकते हैं. वहीं, कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में 31 अक्टूबर से शुरू होने वाली बारिश 5 नवंबर तक जारी रहने का अनुमान है.




