Begin typing your search...

कोई 93 का तो कोई 36 साल का, दुनिया के सबसे बुजुर्ग और जवान नेता कौन, उम्र को लेकर क्या बोलते आंकड़े?

प्यू रिसर्च सेंटर द्वारा संयुक्त राष्ट्र के 186 सदस्य देशों के मौजूदा नेताओं का अध्ययन किया गया. जिसमें सबसे उम्रदराज और सबसे कम उम्र वाले नेताओं के नाम सामने निकलकर आए.

World Oldest and oungest Leader list
X

World Oldest and oungest Leader list

दुनिया भर के राष्ट्रीय नेताओं की उम्र को लेकर जारी एक नए विश्लेषण ने कई दिलचस्प तथ्य सामने रखे हैं. प्यू रिसर्च सेंटर द्वारा संयुक्त राष्ट्र के 186 सदस्य देशों के मौजूदा नेताओं का अध्ययन किया गया, जिसमें पाया गया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दुनिया के सबसे उम्रदराज राष्ट्रीय नेताओं में शामिल हैं.

वर्तमान में सत्ता में मौजूद अधिकांश नेताओं की तुलना में ट्रंप की उम्र काफी अधिक है और उनसे ज्यादा उम्र के नेताओं की संख्या बेहद सीमित है. रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के 186 राष्ट्रीय नेताओं में केवल 16 नेता ही ऐसे हैं जिनकी उम्र डोनाल्ड ट्रंप से अधिक है. वहीं दूसरी तरफ नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेन शाह दुनिया के सबसे युवा राष्ट्रीय नेता के रूप में सामने आए हैं.

कौन हैं सबसे उम्रदराज नेता?

दुनिया के सबसे बुजुर्ग राष्ट्रीय नेताओं की सूची में कैमरून के राष्ट्रपति पॉल बिया सबसे ऊपर हैं. 93 वर्षीय बिया करीब 44 वर्षों से देश की सत्ता संभाल रहे हैं. उनकी राजनीतिक यात्रा इतनी लंबी रही है कि वर्तमान में सत्ता में मौजूद 13 राष्ट्रीय नेताओं की पूरी उम्र भी उनके कार्यकाल से कम है.

किस देश में सबसे ज्यादा उम्रदराज नेता?

रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के सबसे बुजुर्ग नेताओं में अफ्रीकी देशों के नेताओं का दबदबा देखने को मिलता है. कैमरून के अलावा मलावी, आइवरी कोस्ट, इक्वेटोरियल गिनी, जिम्बाब्वे, कांगो गणराज्य और युगांडा के नेता भी शीर्ष 10 सबसे उम्रदराज राष्ट्रीय नेताओं की सूची में शामिल हैं.

कौन है दुनिया के सबसे कम उम्र के नेता?

दूसरी ओर, दुनिया के सबसे युवा राष्ट्रीय नेता के रूप में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का नाम सामने आया है. 36 वर्षीय शाह ने मार्च में प्रधानमंत्री पद संभाला था. युवाओं के नेतृत्व में हुए बड़े राजनीतिक आंदोलन के बाद नेपाल की सत्ता में बदलाव हुआ और शाह को देश की कमान सौंपी गई.

वैश्विक नेताओं की औसत उम्र कितनी?

अध्ययन में शामिल 186 राष्ट्रीय नेताओं की औसत उम्र 63 वर्ष बताई गई है. इनमें से लगभग दो-तिहाई नेता 40 से 69 वर्ष की आयु वर्ग के बीच आते हैं. इससे स्पष्ट होता है कि दुनिया की राजनीति में अनुभव और उम्र अभी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए कितनी उम्र सही?

प्यू रिसर्च सेंटर द्वारा वर्ष 2023 में किए गए एक सर्वेक्षण में अमेरिकी नागरिकों से राष्ट्रपति पद के लिए आदर्श उम्र को लेकर राय मांगी गई थी. सर्वेक्षण में 49 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उनके अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति की आदर्श उम्र लगभग 50 वर्ष होनी चाहिए. वहीं 24 प्रतिशत लोगों ने 60 वर्ष के आसपास के व्यक्ति को बेहतर विकल्प माना.

आंकड़ों देखी
अगला लेख