क्या Nicki Minaj बनेंगी ट्रंप की प्रेस सेक्रेटरी? केटी जकारिया के जाने के बाद क्यों उछला रैपर का नाम, ट्रंप ने भी की फिगर की तारीफ
Nicki Minaj ने एयर फोर्स वन फ्लाइट के दौरान डोनाल्ड ट्रंप की जमकर तारीफ की. इतना ही नहीं, वह राष्ट्रपति की रैली में भी शामिल हुई. इसके बाद व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशन डायरेक्टर स्टीवन चेउंग ने निकी को अगली प्रेस सेक्रेटरी कहा है.
अमेरिकी रैपर निकी मिनाज इन दिनों अपने गानों की वजह से नहीं, बल्कि व्हाइट हाउस की संभावित प्रेस सेक्रेटरी बनने के कारण सुर्खियों में हैं.पहले एयर फोर्स वन में उन्होंने ट्रंप के नेतृत्व, कारोबारी समझ और विदेश नीति की तारीफ की, फिर मिशिगन में रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी रैली में उनके साथ नजर आईं. रैली के दौरान ट्रंप ने निकी के फिगर की तारीफ करते हुए ऐसा कमेंट किया, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया. इसके बाद व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशन डायरेक्टर ने निकी को अगली प्रेस सेक्रेटरी तक बता दिया.
अब सवाल उठ रहा है कि क्या निकी मिनाज सच में ट्रंप प्रशासन में कोई बड़ी जिम्मेदारी संभालने वाली हैं? दरअसल, प्रेस सेक्रेटरी के पद से केटी जकारिया के जाने के बाद निकी का नाम उछला है. व्हाइट हाउस के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने भी इस चर्चा पर इमोजी के जरिए रिएक्शन दिया है, जबकि निकी ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया.
ट्रंप को लेकर क्या-क्या बोलीं निकी मिनाज?
एयर फोर्स वन में ट्रंप से बातचीत के दौरान निकी मिनाज उनकी तारीफ करती नजर आईं.उन्होंने कहा कि ट्रंप को कारोबार चलाने का अच्छा एक्सपीरियंस है और जो इंसान अपने पैसों को सही तरीके से संभाल सकता है, वह देश चलाने की जिम्मेदारी भी उठा सकता है. निकी ने दूसरे देशों के साथ ट्रंप की नीतियों की भी तारीफ की. उनके मुताबिक, ट्रंप सबसे पहले अमेरिका के हितों के बारे में सोचते हैं. निकी पहले भी खुद को ट्रंप की सबसे बड़ी फैन बता चुकी हैं. हालांकि, पहले वह उनकी कुछ नीतियों की आलोचना भी कर चुकी हैं. अब खुले तौर पर ट्रंप का साथ देने की वजह से निकी एक बार फिर चर्चा में हैं.
ट्रंप ने रैपर के लिए क्या कहा?
25 अक्टूबर को निकी मिनाज मिशिगन के पोर्ट ह्यूरॉन में डोनाल्ड ट्रंप की चुनावी रैली में पहुंचीं. वहां ट्रंप ने मंच से निकी का जिक्र करते हुए उन्हें खड़े होने के लिए कहा. इसके बाद उन्होंने निकी के फिगर की तारीफ करते हुए ‘Beautifull ass’ शब्द का इस्तेमाल किया. राष्ट्रपति की इस बात पर वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं. कुछ देर बाद निकी भी मंच पर आईं और ट्रंप के समर्थन में अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि ट्रंप के आने से देश का माहौल बदला है और लोगों को अब अपने भविष्य से उम्मीदें हैं. निकी ने लोगों से मिशिगन में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों को वोट देने की अपील भी की.
क्या सच में व्हाइट हाउस में मिलेगी नई जिम्मेदारी?
इस पूरे मामले ने तब तूल पकड़ा, जब स्टीवन चेउंग ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया. इसमें निकी मिनाज एयर फोर्स वन में ट्रंप से बात करती दिखीं. बातचीत के दौरान निकी ने ट्रंप के कारोबार संभालने के तरीके, उनकी अगुवाई और दूसरे देशों के साथ उनके रिश्तों की तारीफ की. चेउंग ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा 'लगता है व्हाइट हाउस को अपनी नई प्रेस सेक्रेटरी मिल गई हैं.' इसके बाद सोशल मीडिया पर निकी के नाम की चर्चा होने लगी.
व्हाइट हाउस ने दिया ये रिएक्शन
इसके बाद व्हाइट हाउस के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने भी आंखों वाला इमोजी शेयर किया. वहीं, ट्रंप के सलाहकार एलेक्स ब्रूसेविट्ज ने निकी के फैंस से पूछा कि अगर वह प्रेस सेक्रेटरी बनती हैं, तो उन्हें यह कैसा लगेगा. निकी ने भी अमेरिकी झंडे और मुस्कुराते चेहरे वाला इमोजी शेयर करके जवाब दिया. इससे सोशल मीडिया पर चर्चा और बढ़ गई. हालांकि, निकी के इस जवाब का मतलब यह नहीं है कि वह सच में यह पद संभालने वाली हैं. न ही अभी तक कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट हुई है.




