Begin typing your search...

'भारत में मुसलमान नहीं होने...', न्यूयॉर्क में हिंदू राष्ट्र और राजनीति को लेकर क्या-क्या बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत?- 10 पॉइंट्स

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं, जहां 29 अगस्त को उन्होंने न्यूयॉर्क में आयोजित ‘एक विश्व: एक मानवता' कार्यक्रम को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने धर्म, राजनीति और हिंदू राष्ट्र को लेकर कई अहम बाते कही.

RSS Chief Mohan Bhagwat
X

RSS Chief Mohan Bhagwat

( Image Source:  ANI )

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को न्यूयॉर्क में आयोजित ‘एक विश्व: एक मानवता’ विषय पर धर्मगुरुओं के सम्मेलन को संबोधित किया. विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों के बीच बोलते हुए उन्होंने धार्मिक विविधता, मानवता की एकता, संवाद और सेवा को लेकर अपने विचार रखे.

भागवत ने कहा कि अलग-अलग धर्मों की परंपराएं और अनुष्ठान भले ही अलग हों, लेकिन उनका उद्देश्य मनुष्य को सत्य की ओर ले जाना है. उन्होंने भारत की पारंपरिक विचारधारा का हवाला देते हुए धार्मिक सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए समाज से शुरुआत करने की जरूरत पर जोर दिया.

10 पॉइंट्स में जानें क्या बोले भागवत

1. मोहन भागवत ने कहा कि आज धर्म को काफी हद तक अनुष्ठानों के जरिए परिभाषित किया जाता है. उन्होंने कहा "धार्मिक अनुशासन का पालन करने और दिव्यता के मार्ग पर चलने के लिए, अनुष्ठानों का यह अनुशासन भी आवश्यक है लेकिन धर्म का उद्देश्य क्या है? यह हमें सत्य की ओर ले जाता है.

2. भागवत ने भारत की पारंपरिक सोच का जिक्र करते हुए कहा "मैं एक ऐसे समाज में काम कर रहा हूं जो पारंपरिक रूप से कहता है कि धर्म भले ही अलग-अलग हों, लेकिन मानवता एक है. सत्य एक है, और मानवता उस सत्य का परिणाम है."

3. आरएसएस प्रमुख ने भारत की प्राचीन परंपराओं और विचारों को समाज तक पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रमणों के बावजूद भारत की ऐसी परंपराएं बची रहीं, जिन्होंने ‘एक विश्व, एक मानवता’ की भावना को आगे बढ़ाया.

4. अपने भाषण के दौरान मोहन भागवत ने 2018 में मुसलमानों की ओर से आरएसएस के ‘हिंदू राष्ट्र’ के लक्ष्य को लेकर पूछे गए सवाल का जिक्र किया. उन्होंने कहा, "यदि कोई हिंदू यह सोचता है कि भारत में मुसलमान नहीं होने चाहिए, तो वह हिंदू धर्म के मूल सिद्धांतों के प्रति सच्चा नहीं है."

5. भागवत ने मानव समानता और गरिमा को भी अपने संबोधन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया. उन्होंने कहा कि मनुष्यों के बीच कोई मूलभूत अंतर नहीं है और हर व्यक्ति सम्मान तथा गरिमा का अधिकारी है. उन्होंने यह भी बताया कि आरएसएस ने भारत में रहने वाले मुस्लिम और ईसाई समुदायों के साथ संवाद की शुरुआत की है.

6. आरएसएस प्रमुख ने धार्मिक और सामाजिक सद्भाव के लिए केवल बातचीत तक सीमित रहने के बजाय सेवा को भी समान महत्व देने की बात कही. उन्होंने कहा "संवाद पहला कदम है. सेवा दूसरा कदम है, लेकिन जरूरी नहीं कि संवाद के बाद का कदम हो. ये दोनों साथ-साथ होने चाहिए. हम सेवा कर रहे हैं और जब हम सेवा करते हैं, तो हम भेदभाव नहीं करते."

7. मोहन भागवत ने आरएसएस के बारे में बनी धारणाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा "इसीलिए प्रचार के मामले में हम काफी पीछे हैं. गलत कहानियों के कारण एक धारणा बनी हुई है लेकिन जब लोग वास्तव में आकर हमारे काम को कुछ समझ के साथ देखते हैं, तो ये धारणाएं बहुत जल्दी दूर हो जाती हैं."

8. आधुनिक राजनीति पर टिप्पणी करते हुए भागवत ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीति काफी हद तक जनमत पर निर्भर रहती है. ऐसे में राजनीतिक बदलाव के लिए समाज में पहले सकारात्मक सोच विकसित करना जरूरी है.

9. भागवत ने कहा "हम घटनाओं के घटित होने से पहले ही राजनीति को बदलना और प्रभावित करना चाहते हैं, और सही तरीके से प्रभावित करना चाहते हैं. हम युद्धों को रोकना चाहते हैं. हम ये सब करना चाहते हैं. इसलिए, किसी न किसी समय हमें राजनीति को प्रभावित करना ही होगा."

10. उन्होंने कहा "मुझे यह कहते हुए खेद है, लेकिन सच्चाई यह है कि राजनीति अब स्वार्थ का खेल बन गई है. जहां 'मैं और मेरा' होता है, वहां कोई समाधान नहीं होता. 'हम और हमारा' ही समाधान है. इसलिए, भारत में हमारा अनुभव यह है कि हमें समाज से शुरुआत करनी होगी. हमने इसकी शुरुआत कर दी है."

अगला लेख