FAQ: अमेरिका में भारतीयों की नौकरी पर संकट! IBM ने विदेशी कर्मचारियों को वीजा स्पॉन्सरशिप देने से क्यों किया इनकार?
अमेरिकी टेक कंपनी IBM ने विदेशी कर्मचारियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है. कंपनी अब अपने सबसे बड़े डिवीजन IBM कंसल्टिंग में ज्यादातर पदों के लिए वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप नहीं देगी.
IBM Visa Sponsorship
अमेरिकी टेक कंपनी IBM ने विदेशी कर्मचारियों को लेकर बड़ा फैसला किया है. कंपनी अपने सबसे बड़े डिवीजन IBM कंसल्टिंग में ज्यादातर पदों के लिए अब वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप नहीं देगी. यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार H-1B वीजा के नियम सख्त कर रही है. साथ ही अमेरिकी कंपनियों पर स्थानीय लोगों को नौकरी देने का दबाव बढ़ाया जा रहा है. IBM के इस फैसले से अमेरिका में काम करने वाले विदेशी कर्मचारियों, खासकर भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स की चिंता बढ़ सकती है. कंपनी के इस कदम से प्रभावित कर्मचारियों को अमेरिका से बाहर रहकर काम जारी रखने या साल के अंत तक नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया जा सकता है. आखिर IBM ने ऐसा फैसला क्यों लिया और इससे भारतीय कर्मचारियों के भविष्य पर क्या असर पड़ेगा?
IBM ने अपने कंसल्टिंग डिवीजन में ज्यादातर पदों के लिए वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद करने का फैसला किया है. यानी अब कंपनी इन पदों पर काम करने वाले विदेशी कर्मचारियों को अमेरिका में नौकरी करने के लिए वीजा संबंधी मदद नहीं देगी.
IBM के कंसल्टिंग डिवीजन में 1.5 लाख से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं. हालांकि, कंपनी ने यह जानकारी नहीं दी है कि उसके इस फैसले से कुल कितने कर्मचारी प्रभावित होंगे. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभावित कर्मचारियों के पास अमेरिका से बाहर रहकर IBM के लिए काम जारी रखने या साल के अंत तक कंपनी छोड़ने का विकल्प होगा.
कंपनी के मुताबिक, पिछले कई सालों से अमेरिकी हाई-स्किल्ड वीजा प्रोग्राम में उसकी भागीदारी कम हो रही है. इसके पीछे स्किल की उपलब्धता और क्लाइंट की जरूरतों में बदलाव को वजह बताया गया है. इसके अलावा IBM अपने कारोबार की रणनीति भी बदल रही है. कंपनी ने रेड हैट, हाशिकॉर्प और कॉन्फ्लुएंट जैसी कंपनियों को खरीदकर अपने सॉफ्टवेयर बिजनेस को मजबूत किया है. वहीं, उसका कंसल्टिंग कारोबार 2024 से लगभग स्थिर बना हुआ है.
ज्यादातर उम्मीदवारों के लिए 1 लाख डॉलर की फाइलिंग फीस का प्रावधान किया गया है, H-1B वीजा की सालाना लॉटरी में ज्यादा वेतन वाले पदों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था की गई है. अमेरिकी कंपनियों पर स्थानीय कर्मचारियों को नौकरी देने का दबाव बढ़ाया गया है.
अमेरिकी प्रशासन ने पिछले महीने माइक्रोसॉफ्ट और एडोब समेत कुछ कंपनियों पर वर्कर वीजा प्रोग्राम का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था. रिपोर्ट के मुताबिक, इन कंपनियों को इस प्रोग्राम के इस्तेमाल से अनिश्चित समय के लिए निलंबित कर दिया गया. USCIS के आंकड़ों के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट को 2026 में 3,828 H-1B वीजा आवेदनों की मंजूरी मिली थी. कंपनी लंबे समय से इस वीजा प्रोग्राम के बड़े इस्तेमालकर्ताओं में शामिल रही है.
USCIS के आंकड़ों के मुताबिक, IBM को 30 सितंबर को समाप्त हुए 2026 के वित्त वर्ष में 1,611 H-1B वीजा अप्रूवल मिले. जबकि 2025 में कंपनी को 2,045 वीजा अप्रूवल मिले थे. यानी एक साल में इनकी संख्या कम हुई है. आंकड़ों के अनुसार, IBM ने 2009 से अब तक 27,863 बार H-1B कर्मचारियों को स्पॉन्सर किया है. इस मामले में कंपनी अमेरिका की प्रमुख वीजा स्पॉन्सर कंपनियों में 20वें स्थान पर है.
अमेरिका में बड़ी संख्या में भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स H-1B वीजा के जरिए काम करते हैं. ऐसे में IBM का यह फैसला उन भारतीय कर्मचारियों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है, जो अमेरिका में नौकरी पाने या अपनी नौकरी जारी रखने के लिए कंपनी की वीजा स्पॉन्सरशिप पर निर्भर हैं.




