iPhone का ऐसा जुनून, रातभर दुबई मॉल की पार्किंग में बैठे रहे दो भारतीय, सुबह एक साथ खरीद डाले 36 सेलफोन्स, कितना पैसा किया खर्च?
दुबई में नए iPhone खरीदने का गजब क्रेज देखने को मिला. दो लोगों ने रातभर पार्किंग में इंतजार किया और 36 iPhone खरीदने में करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए.
Apple के नए iPhone की लॉन्चिंग एक बार फिर सिर्फ फोन लॉन्च होने तक सीमित नहीं रही. भारत समेत कई देशों में Apple के फैंस नए iPhone मॉडल खरीदने के लिए स्टोर्स के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आए. मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु जैसे शहरों में भी ग्राहकों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं. इसी तरह के नजारे मलेशिया, UAE और दूसरे देशों में भी दिखाई दिए.
हालांकि, दुबई से सामने आई एक घटना ने लोगों का खास ध्यान खींचा है. यहां दो ग्राहकों ने कथित तौर पर 36 iPhone खरीदे हैं. इन 36 iPhone की कीमत करीब 4 लाख दिरहम यानी लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
कितनी मेहनत के बाद लिए ये फोन?
दुबई के रहने वाले रायहान और मुहम्मद शबीब नए iPhone खरीदने वाले शुरुआती ग्राहकों में शामिल होना चाहते थे. इसके लिए दोनों ने दुबई मॉल की पार्किंग में पूरी रात बिताई. दोनों ने बताया कि उनका घर स्टोर के पास ही है, लेकिन उन्हें डर था कि अगर वे घर चले गए तो सो सकते हैं और अपना कलेक्शन स्लॉट मिस कर सकते हैं. इसलिए दोनों रात में ही दुबई मॉल पहुंच गए.
रायहान ने बताया, "हम पास में ही रहते हैं, लेकिन हमें डर था कि कहीं हम सो न जाएं. इसलिए हम पिछली रात ही यहां आ गए और फिर करीब 6 बजे स्टोर की तरफ चले गए."
कब से खरीद रहे हैं फोन?
रायहान और मुहम्मद ने बताया कि वे पिछले 14 साल से iPhone खरीद रहे हैं. उनके मुताबिक, उनके कई ऑर्डर दोस्तों के अलावा भारत में रहने वाले लोगों से भी आते हैं. मुहम्मद ने कहा, "हमारे पास बहुत सारे दोस्तों और भारत के लोगों के भी ऑर्डर हैं. आज हमने 36 पीस बुक किए हैं. इनमें से 14 हमने यहां से ले लिए हैं. बाकी हम Mall of the Emirates से लेंगे. कल भी हमने 40 और पीस बुक किए हैं." दोनों के मुताबिक, 36 iPhone खरीदने में उन्हें करीब 4 लाख दिरहम खर्च करने पड़े.
वीडियो हो रहा है वायरल...
36 iPhone खरीदने वाले दोनों लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की तरफ से तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोगों ने अनुमान लगाया कि दोनों iPhone के रीसेलर हो सकते हैं. कुछ यूजर्स ने यह सवाल भी उठाया कि क्या एक व्यक्ति के लिए इतनी बड़ी संख्या में डिवाइस बुक करने की कोई सीमा होनी चाहिए.
एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, "ये साफ तौर पर रीसेलर हैं. एक व्यक्ति द्वारा बुक किए जाने वाले डिवाइस की संख्या पर किसी तरह की सीमा होनी चाहिए." एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "यह जुनून तो हद से ज्यादा है. मैं सिर्फ एक फोन के लिए इतना पागल कभी नहीं हो सकता."
एक तीसरे यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, "भारतीय कस्टम्स भी मुंबई, बेंगलुरु, कोच्चि, अहमदाबाद, दिल्ली या चेन्नई में उनके उतरने का इंतजार कर रहे होंगे." वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने सवाल उठाते हुए लिखा, "कीमत में कितना अंतर होगा? लोग अपनी नींद खराब करके और इतने लंबे समय तक लाइन में खड़े होकर डिवाइस खरीदने के लिए क्यों भाग रहे हैं? आखिर ये कैसा जुनून है?"




