Digital Arrest से खतरनाक है Digital Coercion? समझें डर, धमकी और दबाव का नया साइबर खेल
Digital Arrest के बाद Digital Coercion का नया साइबर खतरा समझें. जानिए कैसे Cyber Fraud में डर, चेतावनी और दबाव से लोगों को फंसाया जाता है.
अब साइबर ठगी का खेल सिर्फ पैसे ऐंठने तक सीमित नहीं रह गई है. ठग अब डर, धमकी और डिजिटल तकनीक को मिलाकर दबाव का ऐसा कॉकटेल बनाते हैं कि पीड़ित अपनी मर्जी से नहीं, बल्कि मजबूरी में उनके निर्देश मानने लगता है. ‘Digital Arrest’ इसी साइबर डर का चर्चित उदाहरण है, लेकिन इसके आगे एक और अड़ा साइबर क्राइम का नया पैटर्न सामने आ रहा है, जिसे ‘Digital Coercion’ कहा जा सकता है. इसमें फर्जी पहचान, धमकी, ब्लैकमेल, निजी जानकारी के दुरुपयोग और तत्काल कार्रवाई के दबाव के जरिए व्यक्ति को नियंत्रित किया जाता है. आखिर Digital Coercion क्या है, यह कैसे काम करता है और इससे कैसे बचा जा सकता है?
Digital Arrest’ क्या है?
‘Digital Arrest’ साइबर ठगी का एक तरीका है, जिसमें ठग खुद को पुलिस, CBI, ED, TRAI, कस्टम या किसी दूसरी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल या फोन पर व्यक्ति को डराते हैं. पीड़ित से कहा जाता है कि उसका नाम किसी अपराध, मनी लॉन्ड्रिंग, फर्जी सिम या पार्सल केस में आया है और उसे ऑनलाइन निगरानी में रखा गया है. इसके बाद कैमरा चालू रखने, किसी से बात न करने और बैंक खाते की जानकारी या पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया जाता है. असल में भारत में कानूनन ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है जिसमें पुलिस किसी व्यक्ति को वीडियो कॉल पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर सके.
डिजिटल अरेस्ट का डर क्या है?
इस ठगी में असली हथियार तकनीक से ज्यादा डर और मानसिक दबाव होता है. ठग सरकारी भाषा, फर्जी दस्तावेज, वीडियो कॉल, वर्दी और नकली केस नंबर का इस्तेमाल कर पीड़ित को विश्वास दिलाते हैं कि वह गंभीर अपराध में फंस गया है. घबराया व्यक्ति परिवार या पुलिस से संपर्क करने के बजाय ठगों के निर्देश मानने लगता है.
Digital Coercion क्या?
Digital Coercion यानी डिजिटल दबाव वह स्थिति है, जिसमें इंटरनेट, फोन, मैसेज, वीडियो कॉल या डिजिटल पहचान का इस्तेमाल करके किसी व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध कोई काम करने के लिए मजबूर किया जाता है. इसका मकसद हमेशा सीधे पैसे ठगना ही नहीं होता. ठग धमकी, डर, ब्लैकमेल, फर्जी कानूनी कार्रवाई, अकाउंट बंद होने या निजी जानकारी सार्वजनिक करने का भय दिखाकर पीड़ित से पैसा ट्रांसफर, OTP साझा, स्क्रीन शेयर, ऐप इंस्टॉल या कोई गोपनीय जानकारी देने को कह सकते हैं.
‘Digital Arrest’ को इसी व्यापक डिजिटल दबाव की एक खास रणनीति के रूप में समझा जा सकता है. यानी Digital Coercion एक बड़ा साइबर पैटर्न है.
यह कैसे करता है काम?
इसका सामान्य पैटर्न विश्वास, डर, अलगाव फिर दबाव या कार्रवाई होता है. पहले ठग खुद को अधिकारी, बैंक कर्मचारी या किसी विश्वसनीय संस्था से जुड़ा बताते हैं. फिर फर्जी केस, आर्थिक नुकसान या निजी जानकारी लीक होने का डर पैदा करते हैं. पीड़ित को परिवार या अधिकारियों से बात करने से रोककर अकेला किया जाता है.
इसके बाद तुरंत पैसे भेजने, OTP बताने, स्क्रीन शेयर करने या कोई ऐप डाउनलोड करने का दबाव बनाया जाता है. समय का दबाव सोचने और सत्यापन का मौका भी कम कर देता है.
‘Digital Arrest’ और ‘Digital Coercion’ में अंतर क्या?
Digital Arrest एक विशिष्ट साइबर ठगी का तरीका है, जिसमें अपराधी कानून-प्रवर्तन एजेंसी का अधिकारी बनकर व्यक्ति को कथित गिरफ्तारी या जांच का डर दिखाते हैं और ऑनलाइन निगरानी में रखने का दावा करते हैं.
Digital Coercion इससे व्यापक अवधारणा है. इसमें किसी व्यक्ति को डिजिटल माध्यम से डर, धमकी, ब्लैकमेल या दबाव डालकर कोई काम करने के लिए मजबूर किया जाता है. इसमें फर्जी सरकारी अधिकारी बनना जरूरी नहीं है.
हर Digital Arrest में Digital Coercion का तत्व हो सकता है, लेकिन हर Digital Coercion, Digital Arrest नहीं होता. Digital Coercion में वित्तीय ठगी के अलावा निजी डेटा, अकाउंट, पहचान या प्रतिष्ठा से जुड़े दबाव भी शामिल हो सकते हैं.
Digital Coercion से बचने के तरीके
1. घबराकर तुरंत पैसा ट्रांसफर न करें- पहले संबंधित संस्था के आधिकारिक नंबर से स्वतंत्र रूप से सत्यापन करें.
2. OTP, PIN, पासवर्ड या स्क्रीन शेयर न करें- किसी अनजान व्यक्ति को ये जानकारी न दें.
3. वीडियो कॉल पर ‘अरेस्ट’ या जांच के दावे पर भरोसा न करें- कॉल काटकर परिवार या भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें.
4. अनजान लिंक, ऐप या फाइल डाउनलोड न करें- इनसे फोन और बैंकिंग जानकारी खतरे में पड़ सकती है.
5. साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें.




