एक 3 साल का तो दूसरा 14 महीने... कहानी उस मां की जिसने बेरहमी से अपने बच्चों को मारा, जेल में बनाए संबंध, 30 की सजा पूरी फिर भी क्यों नहीं आई बाहर
अमेरिका में दो मासूम बेटों की हत्या करने वाली सुसान स्मिथ को 32 साल बाद भी जेल से राहत नहीं मिली है. साउथ कैरोलिना के पैरोल बोर्ड ने उसकी दूसरी रिहाई की अर्जी भी खारिज कर दी है. 1994 में सुसान ने अपने तीन साल के बेटे माइकल और 14 महीने के एलेक्स को कार समेत झील में डुबो दिया था.
susan smith two young sons murder
अमेरिका में अपने दो मासूम बेटों को कार समेत झील में डुबोकर मारने के मामले में उम्रकैद की सजा काट रही सुसान स्मिथ को एक बार फिर जेल से बाहर आने की अनुमति नहीं मिली है. करीब 32 साल पुराने इस हत्याकांड में साउथ कैरोलिना के पैरोल बोर्ड ने उसकी रिहाई की दूसरी अपील भी खारिज कर दी. सुसान ने पैरोल सुनवाई के दौरान अपने किए पर पछतावा जताया और खुद को पहले से बदला हुआ इंसान बताया, लेकिन उसके बच्चों के पिता और मामले से जुड़े लोगों ने उसकी रिहाई का कड़ा विरोध किया.
न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, पैरोल बोर्ड ने पीड़ित परिवार की बातें सुनने के बाद बिना किसी लंबी बहस के सुसान की अर्जी खारिज कर दी. इससे पहले नवंबर 2024 में भी उसकी पैरोल याचिका नामंजूर हो चुकी है. अब सुसान साल 2028 में एक बार फिर पैरोल के लिए आवेदन कर सकती है.
क्या साल 1994 का मामला?
सुसान स्मिथ ने साल 1994 में अपने दो छोटे बेटों माइकल और एलेक्स को कार की पिछली सीट पर बांधकर झील में डुबो दिया था. उस समय माइकल की उम्र तीन साल और एलेक्स की उम्र महज 14 महीने थी. इस घटना के बाद सुसान ने पुलिस को बताया था कि एक अज्ञात व्यक्ति उसकी कार लेकर भाग गया है और उसके दोनों बच्चे भी कार में मौजूद थे. उसने एक अश्वेत व्यक्ति पर कार चोरी करने का आरोप लगाया था. इसके बाद करीब 9 दिनों तक वह मीडिया के सामने अपने बच्चों की गुमशुदगी पर आंसू बहाती रही और उनकी सुरक्षित वापसी की अपील करती रही लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ उसकी कहानी की सच्चाई सामने आने लगी.
कैसे हुआ था खुलासा?
3 नवंबर 1994 को पुलिस ने एक चर्च में सुसान से पूछताछ की. यह चर्च जांच के लिए कमांड सेंटर की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था. लगातार सवालों के बाद आखिरकार सुसान टूट गई और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसने कबूल किया कि कार किसी दूसरे व्यक्ति ने चोरी नहीं की थी, बल्कि उसने खुद अपनी कार को झील में धकेला था. कार में उसके दोनों बेटे माइकल और एलेक्स मौजूद थे. दोनों की डूबने से मौत हो गई थी. इस खुलासे ने पूरे अमेरिका को हैरान कर दिया. जिस मां को देशभर के लोग अपने बच्चों की तलाश में परेशान समझ रहे थे, वही उनकी हत्या की जिम्मेदार निकली.
पैरोल सुनवाई में सुसान ने क्या कहा?
सुसान स्मिथ ग्रीनवुड स्थित लीथ सुधार संस्थान से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पैरोल बोर्ड के सामने पेश हुई. वहीं, बोर्ड के सदस्य कोलंबिया में मौजूद थे. सुनवाई के दौरान उसने दावा किया कि 32 साल पहले अपराध करने वाली महिला और आज की सुसान में काफी अंतर है. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक उसने कहा "मैं वह व्यक्ति नहीं हूं जो 32 साल पहले थी. मुझे पता है कि मैंने माइकल और एलेक्स के साथ जो किया वह भयानक है. मुझे बहुत पछतावा है और मैं कहना चाहती हूं कि मुझे बहुत, बहुत खेद है. वे मासूम बच्चे थे. वे मरने के लायक नहीं थे."
क्या बोले बच्चों के पिता?
सुसान की पैरोल याचिका का उसके पूर्व पति डेविड स्मिथ ने पुरजोर विरोध किया. उन्होंने बोर्ड के सामने अपने बेटों की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि सुसान को रिहा करना उनके बच्चों के साथ अन्याय होगा. डेविड स्मिथ ने कहा "मैं दिल से जानता हूं कि उसे पैरोल देना माइकल और एलेक्स के साथ बहुत बड़ा अन्याय होगा."
सुसान की पैरोल याचिका के समर्थन में एक फोरेंसिक मनोचिकित्सक, जेल के एक कर्मचारी और उसके दो भाइयों ने अपनी बात रखी. उसके वकील ने बोर्ड को बताया कि सुसान का इसके बाद कोई दूसरा आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है और भविष्य में उसके दोबारा अपराध करने की आशंका भी कम है.
सजा पूरी होने के बाद भी क्यों नहीं आई बाहर?
इस मामले में अभियोजन पक्ष ने सुसान स्मिथ के लिए मौत की सजा की मांग की थी. हालांकि, जूरी ने मौत की सजा के पक्ष में फैसला नहीं दिया. इसके बाद अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई. सजा के दौरान 30 साल बाद पैरोल के लिए आवेदन करने का अवसर मिलने का प्रावधान था. साल 2024 में यह अवधि पूरी होने के बाद उसने पहली बार रिहाई की अर्जी दी थी, लेकिन 20 नवंबर 2024 को उसकी याचिका खारिज कर दी गई. उस समय भी डेविड स्मिथ ने उसकी रिहाई का विरोध करते हुए कहा था कि उनके बेटों की मौत कोई 'दुखद गलती' नहीं थी, बल्कि सुसान का लिया हुआ फैसला था. साउथ कैरोलिना में पैरोल देने के लिए बोर्ड के दो-तिहाई सदस्यों का समर्थन जरूरी होता है. सुसान को पहली और दूसरी सुनवाई में भी इतनी सहमति नहीं मिल सकी.
जेल में किससे बनाए संबंध?
सुसान स्मिथ का जेल में रहने के दौरान व्यवहार भी कई बार चर्चा में रहा है. CBS न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2000 में एक जेल गार्ड को नौकरी से निकाल दिया गया था. उसने सुसान के साथ यौन संबंध बनाने की बात स्वीकार की थी. उस समय सुसान की उम्र करीब 29 साल थी. अगले साल एक अन्य गार्ड ने भी उसके साथ यौन संबंध बनाने की बात कबूल की थी. पीपल मैगजीन की रिपोर्ट में जेल में सुसान से जुड़े कुछ लोगों के हवाले से बताया गया कि वह ड्रग्स का इस्तेमाल भी कर रही थी.




