भोपाल और इंदौर में हाल के दिनों में तथाकथित ‘किन्नर जिहाद’ को लेकर आई खबरों ने किन्नर समाज के भीतर और बाहर हलचल पैदा कर दी है. सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि कुछ मुस्लिम किन्नर, हिंदू या सनातनी किन्नरों पर दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन करवा रहे हैं. हालांकि, इन दावों की पुष्टि या खंडन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और मामला संवेदनशील बना हुआ है. इसी बीच, किन्नर समाज के अधिकारों के लिए लंबे समय से आवाज़ उठाने वाली और दिल्ली में सक्रिय नायरा किन्नर ने इस पूरे विवाद पर अपनी बात रखी है. स्टेट मिरर हिंदी के एडिटर (क्राइम इन्वेस्टिगेशन) संजीव चौहान से एक्सक्लूसिव बातचीत में नायरा किन्नर ने कहा कि किन्नर समाज के भीतर मतभेद और खींचतान कोई नई बात नहीं है, लेकिन इन्हें साम्प्रदायिक रंग देकर पेश करना स्थिति को और जटिल बना सकता है.