देहरादून में ऑफ-मैप रास्ते से जाने से किया इनकार तो रैपिडो ड्राइवर ने महिला को चलती गाड़ी से उतारा, गाली भी दी; वीडियो वायरल
देहरादून में एक महिला ने आरोप लगाया कि ऑफ-मैप रास्ते से जाने से इनकार करने पर रैपिडो ड्राइवर ने बारिश के बीच उन्हें सड़क पर उतार दिया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद रैपिडो ने जांच का भरोसा दिया है.
देहरादून में युवती और रैपिडो ड्राइवर का वीडियो वायरल
देहरादून में एक महिला के साथ कथित तौर पर हुई रैपिडो राइड की घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. महिला का आरोप है कि ड्राइवर ने ऐप में दिखाए गए रास्ते की बजाय एक दूसरे रास्ते से जाने की जिद की. जब उसने सुरक्षा कारणों से ऑफ-मैप रास्ते पर जाने से इनकार किया तो ड्राइवर ने बीच रास्ते में ही राइड खत्म कर दी और उसे बारिश के बीच सड़क पर उतरने के लिए कह दिया.
महिला, जिसकी पहचान जानवी चौधरी के रूप में हुई है, ने इस पूरी घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया. वीडियो में उन्होंने बताया कि ड्राइवर पहाड़ी के पीछे वाले ऐसे रास्ते से जाना चाहता था, जो रैपिडो ऐप के मैप पर दिखाई ही नहीं दे रहा था. अनजान रास्ता होने की वजह से उन्होंने उस रास्ते पर जाने से मना कर दिया.
"मेरी गाड़ी, मेरी मर्जी"
जानवी का आरोप है कि बहस के बाद ड्राइवर ने गुस्से में राइड बीच में ही समाप्त कर दी और कहा, "मैं वही करूंगा, मेरी गाड़ी है, मेरी मर्जी." महिला के मुताबिक, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो ड्राइवर ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया.
अतिरिक्त पैसे देने पर भी नहीं माना ड्राइवर
महिला ने यह भी दावा किया कि उन्होंने ड्राइवर को अतिरिक्त पैसे देने की पेशकश की थी, क्योंकि रात का समय था और उन्हें लगा कि वापसी में शायद उसे दूसरी सवारी न मिले. इसके बावजूद ड्राइवर अपने फैसले पर अड़ा रहा और उन्हें बारिश के बीच सड़क पर छोड़ दिया.
घटना के बाद जानवी ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी आखिर कहां है. उन्होंने यह भी कहा कि वह रात करीब 10 बजे सुरक्षित घर पहुंच गईं और कंपनी की कार्रवाई के बारे में लोगों को अपडेट करती रहेंगी.
क्या बोले सोशल मीडिया यूजर्स?
यह वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए. कुछ लोगों ने दावा किया कि उन्हें भी राइड के दौरान अतिरिक्त किराया मांगने, गलत तरीके से वाहन चलाने और अभद्र व्यवहार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा है. हालांकि, ये सभी दावे संबंधित यूजर्स के व्यक्तिगत अनुभव हैं.
मामले पर रैपिडो ने भी सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है. कंपनी ने कमेंट में लिखा कि यह घटना पूरी तरह अस्वीकार्य है और यात्रियों की सुरक्षा व सम्मान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. रैपिडो ने जानवी से उनका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और राइड आईडी डायरेक्ट मैसेज में भेजने को कहा है ताकि मामले की तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई की जा सके.




