चारधाम यात्रा 2026: 19 अप्रैल से शुरुआत, गैर-सनातनियों पर सख्ती, मोबाइल-रील पूरी तरह बैन
चारधाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से शुरू होगी और इस बार कई नए नियम लागू किए गए हैं, जिसमें मोबाइल और रील बनाने पर पूरी तरह रोक शामिल है.
Chardham Yatra 2026: इस साल चारधाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही है. बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि यात्रा को लेकर सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. अब सिर्फ अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के यात्रा कर सकें. हेमंत द्विवेदी ने साफ-साफ कहा है कि चारधाम के मंदिरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर बहुत सख्ती से रोक लगाई जाएगी. अगर किसी व्यक्ति में सनातन धर्म (हिंदू धर्म) के प्रति सच्ची आस्था और भक्ति नहीं है, तो उसे मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा.
इसके अलावा, मंदिर की गरिमा बनाए रखने के लिए एक और बड़ा फैसला लिया गया है. मंदिर परिसर में मोबाइल फोन, कैमरा, फोटो, वीडियो या रील बनाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. मंदिर के आसपास 70 मीटर के दायरे में फोन ले जाना भी मना होगा. यह नियम श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर की पवित्रता को ध्यान में रखकर बनाया गया है.
अब तक कितने लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया?
अभी तक चारधाम यात्रा के लिए 11 लाख 68 हजार 644 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं. यह संख्या हर रोज बढ़ भी रही है. घर बैठे पूजा बुकिंग की सुविधाबीकेटीसी अध्यक्ष ने यह भी बताया कि जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर पूजा बुकिंग शुरू कर दी जाएगी. इससे श्रद्धालु घर बैठे ही अपनी मनोकामना पूजा बुक करवा सकेंगे. साथ ही, यात्रा मार्ग पर बनाए गए विश्राम गृहों में और बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं, जैसे अच्छा खाना, आराम की व्यवस्था और साफ-सफाई. इस बार दर्शन की व्यवस्था को और भी आसान और सुगम बनाने की कोशिश की गई है.
गैर सनातनी विवाद क्यों शुरू हुआ?
इस बार यह मुद्दा इसलिए ज्यादा चर्चा में आया क्योंकि बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान के बारे में सवाल किया गया. सारा अली खान कई बार केदारनाथ और रुद्रनाथ यात्रा कर चुकी हैं. उन्होंने 20 किलोमीटर की रुद्रनाथ और 14 किलोमीटर की केदारनाथ यात्रा भी पैदल की है. इस पर हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट जवाब दिया कि अगर किसी दूसरे धर्म का व्यक्ति सनातन धर्म में सच्ची श्रद्धा रखता है, तो उसे चारधाम आने और दर्शन करने की अनुमति दी जाएगी. लेकिन सिर्फ नाम या घूमने के लिए आने वालों पर सख्ती की जाएगी.
कब खुलेंगे चारधाम के कपाट?
यमुनोत्री और गंगोत्री धाम: 19 अप्रैल 2026 (अक्षय तृतीया) को खुलेंगे
केदारनाथ धाम: 22 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 8 बजे खुलेंगे
बदरीनाथ धाम: 23 अप्रैल 2026 को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह लगभग 6:15 बजे खुलेंगे
श्री हेमकुंड साहिब: मई महीने में तारीख अलग से घोषित की जाएगी




