जेवर-दादरी में हारेगी BJP, नोएडा में भी बदलेगा समीकरण; PDA पंचायत में बोले चौधरी इंद्रसेन. अखिलेश यादव को बताया PM चेहरा
नोएडा में सपा की PDA जन पंचायत में चौधरी इंद्रसेन ने किसानों के मुआवजे, गांवों की बुनियादी सुविधाओं, महंगाई और रोजगार को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि 2027 में सपा जेवर और दादरी सीटें बीजेपी से छीनेगी, जबकि नोएडा में संगठन मजबूत कर चुनावी स्थिति बदलने की तैयारी है.
SP Leader Chaudhary Indrasen
नोएडा में समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित पीडीए जन पंचायत के दौरान पार्टी के कद्दावर नेता चौधरी इंद्रसेन ने बीजेपी सरकार पर किसानों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. इंद्रसेन ने कहा कि नोएडा में किसानों के मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर लगातार आंदोलन चल रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है.
सपा नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार पूंजीपतियों को बढ़ावा दे रही है, जबकि किसानों के प्रति सरकार की कोई हमदर्दी नहीं है. नोएडा को स्मार्ट सिटी बनाने की बात कही जाती है, लेकिन गांवों में आज भी पेयजल और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी है. इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में जनेश्वर मिश्र और लोहिया ग्राम योजनाओं के तहत गांवों में कराए गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया.
चौधरी इंद्रसेन ने क्या-क्या कहा?
- चौधरी इंद्रसेन ने किसानों के मुआवजे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि नोएडा और जेवर क्षेत्र में किसानों के साथ मुआवजे को लेकर भेदभाव किया गया है. कई किसान लंबे समय से धरने पर बैठे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है.
- सपा नेता ने आरोप लगाया कि सरकार बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ कर सकती है, लेकिन किसानों और छोटे दुकानदारों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
- चौधरी इंद्रसेन ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी जेवर और दादरी दोनों सीटे बीजेपी से छिनेगी. नोएडा को लेकर उन्होंने कहा कि यहां पार्टी फिलहाल कमजोर है, लेकिन चुनाव तक संगठन को मजबूत कर इस स्थिति को बदला जाएगा.
- चुनाव आयोग को लेकर भी चौधरी इंद्रसेन ने बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को चुनाव आयोग से मिलने नहीं दिया जा रहा है.
- सपा नेता ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लंबे समय से इन मुद्दों को उठा रहे हैं.
- मुख्यमंत्री की ओर राज्यसभा सीटों के बाद 80-20 के मुकाबले की बयान पर चौधरी इंद्रसेन ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने बीजेपी को जवाब दिया है. 2027 में भी जनता अपना फैसला सुनाएगी.
- सपा नेता ने दावा किया कि 2027 में 73 फीसदी हिस्सेदारी समाजवादी पार्टी और पीडीए की होगी, जबकि बीजेपी 27 फीसदी तक सीमित रह जाएगी.
- इंद्रसेन ने कहा पीडीए पंचायत के उद्देश्य पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, शोषित और वंचित वर्ग को एकजुट कर उनके मुद्दों को उठाना इसका मुख्य उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए हिंदू-मुस्लिम मुद्दों को आगे किया जा रहा है.
- सपा नेता ने कहा कि महंगाई से आम आदमी परेशान है. डीजल-पेट्रोल की कीमतों और किसानों की आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगपतियों को राहत दी जा रही है, जबकि किसान, गरीब और छोटे दुकानदार परेशान हैं.
चौधरी इंद्रसेन ने दावा किया कि पीडीए के जरिए समाजवादी पार्टी 2027 में बीजेपी को सत्ता से बाहर करने की तैयारी कर रही है. अखिलेश यादव प्रदेश में मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में ही नहीं देश में प्रधानमंत्री के मजबूत चेहरे के रूप में उभर रहे हैं.




