पंजाब में फिर साथ आए अकाली और बीजेपी, कौन से हैं वो 3 मुद्दे जिन पर फंसती है बात, क्या अभी भी दिखेगी दरार
पंजाब में अकाली दल और बीजेपी फिर साथ आए हैं, लेकिन कृषि कानून, चंडीगढ़ और पानी के बंटवारे जैसे तीन मुद्दे 2027 चुनाव से पहले गठबंधन की परीक्षा ले सकते हैं.
पंजाब की राजनीति की राह देश के अन्य राज्यों से हमेशा उल्टा रहा है. अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिल रहा है. करीब छह साल तक अलग-अलग राह पर चलने के बाद शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी ने फिर हाथ मिला लिया. यह आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों के लिए सियासी तौर पर चौंकाने वाली है. दोनों पार्टियों के इस फैसले के पीछे यह उम्मीद है कि उनका पुराना सामाजिक और राजनीतिक समीकरण आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को चुनौती दे सकेगा. लेकिन इस गठबंधन की राह इतनी आसान नहीं है. तीन प्रमुख मुद्दों सहित ऐसे कई मुद्दे हैं जिन पर दोनों दलों के रुख में अंतर रहा है. सवाल है कि क्या सत्ता की खातिर पुराने विवाद भुला दिए जाएंगे या चुनाव के दौरान फिर दरार दिखाई देगी?
1. तीन कृषि कानूनों पर अकाली कैसे करेगी BJP का बचाव?
अकाली दल और बीजेपी के बीच 24 साल पुराना गठबंधन सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर टूट गया था. केंद्र सरकार ने जून 2020 में तीन अध्यादेश जारी किए, जिन्हें सितंबर में संसद से पारित कराया गया. इनमें किसान उपज व्यापार एवं वाणिज्य (संवर्धन एवं सुविधा) कानून, किसान (सशक्तीकरण एवं संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा करार कानून तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम में संशोधन शामिल थे.
अकाली दल ने किसानों की आशंकाओं और पंजाब में बढ़ते विरोध के बीच इन कानूनों का विरोध किया. तत्कालीन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने 17 सितंबर 2020 को केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया. इसके बाद 26 सितंबर को अकाली दल ने एनडीए छोड़ने का ऐलान कर दिया.
किसान आंदोलन के दबाव में केंद्र सरकार ने नवंबर 2021 में संसद से तीनों कानून वापस ले लिए. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद 30 नवंबर 2021 को कृषि कानून निरसन अधिनियम लागू हुआ. यानी जिस मुद्दे पर गठबंधन टूटा था, वह कानूनी रूप से खत्म हो चुका है, लेकिन किसानों की नाराजगी और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी जैसे सवाल अभी भी राजनीति में मौजूद हैं.
ऐसे में अकाली दल के सामने चुनौती होगी कि वह किसानों को वो कैसे समझाए कि बीजेपी के साथ उसकी वापसी उनके हितों के खिलाफ नहीं है. दूसरी ओर बीजेपी को भी पंजाब में किसान संगठनों का भरोसा जीतना होगा.
2. चंडीगढ़ पर Punjab का दावों पर बीजेपी अकालियों का कैसे देगी साथ?
चंडीगढ़ का मुद्दा पंजाब की राजनीति में केवल राजधानी का विवाद नहीं, बल्कि राज्य के अधिकार और पहचान से भी जुड़ा है. 1966 में पंजाब के पुनर्गठन के बाद चंडीगढ़ को केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया. पंजाब और हरियाणा दोनों ने इस पर अपना दावा किया. पंजाब इसे अपनी राजधानी मानता है, जबकि हरियाणा भी इसे साझा राजधानी के रूप में इस्तेमाल करता है.
24 जुलाई 1985 को तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी और अकाली नेता संत हरचंद सिंह लोंगोवाल के बीच हुए समझौते में चंडीगढ़ पंजाब को देने का प्रावधान किया गया था. इसके लिए 26 जनवरी 1986 की तारीख तय हुई, लेकिन यह हस्तांतरण नहीं हो सका. इसके बाद भी पंजाब विधानसभा कई बार चंडीगढ़ को राज्य को सौंपने की मांग वाला प्रस्ताव पारित कर चुकी है.
अप्रैल 2022 में भगवंत मान सरकार ने विधानसभा में फिर प्रस्ताव पारित किया. इसकी पृष्ठभूमि में केंद्र का वह फैसला था, जिसके तहत चंडीगढ़ के कर्मचारियों पर केंद्रीय सेवा नियम लागू किए गए थे. इस फैसले पर पंजाब में विरोध हुआ था.
बीजेपी केंद्र की सत्ता में है, जबकि अकाली दल पंजाब के अधिकारों की बात करता रहा है. ऐसे में सवाल उठेगा कि गठबंधन बनने के बाद अकाली दल चंडीगढ़ को पंजाब को सौंपने की मांग पर कितना दबाव बनाएगा और बीजेपी इस पर क्या रुख अपनाएगी.
3. पानी और सिख धार्मिक संस्थाओं की मांगों पर कैसे बनेगी सहमति?
पंजाब के पानी का बंटवारा और सिख धार्मिक संस्थाओं का प्रबंधन ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर अकाली दल की राजनीति लंबे समय से केंद्रित रही है. सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर विवाद में पंजाब का तर्क रहा है कि राज्य के पास अतिरिक्त पानी नहीं है, जबकि हरियाणा अपने हिस्से के पानी की मांग करता है. 1985 के राजीव-लोंगोवाल समझौते में भी रावी-ब्यास के पानी के बंटवारे और एसवाईएल नहर का जिक्र था.
दूसरी ओर, हरियाणा में अलग गुरुद्वारा प्रबंधन समिति बनाने के फैसले ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अधिकार क्षेत्र का सवाल खड़ा किया. सितंबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा के अलग गुरुद्वारा कानून को वैध माना. इन मुद्दों पर अकाली दल की क्षेत्रीय राजनीति और बीजेपी की केंद्र की जिम्मेदारी के बीच टकराव की आशंका बनी रह सकती है.
दूसरे कौन से मुद्दे हैं, जिन पर दोनों दलों के बीच मतभेद हो सकते हैं?
पंजाबी भाषा और क्षेत्रीय पहचान: अकाली दल की राजनीति पंजाबी भाषा, सिख पहचान और पंजाब के अधिकारों के इर्द-गिर्द रही है. वहीं बीजेपी की राजनीति का आधार व्यापक राष्ट्रीय मुद्दे हैं. भाषा, राज्य के अधिकार और केंद्र-राज्य संबंधों पर दोनों के बीच राजनीतिक प्राथमिकताओं का अंतर सामने आ सकता है.
1984 दंगों का मुद्दा: अकाली दल लंबे समय से 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने और दोषियों को सजा देने की मांग उठाता रहा है. बीजेपी भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरती रही है. हालांकि, न्यायिक कार्रवाई, राजनीतिक जवाबदेही और पीड़ितों के मुद्दे पर अकाली दल की अपेक्षाएं अलग हो सकती हैं.
क्या 2027 के चुनाव में पुराने मतभेद गठबंधन की परीक्षा लेंगे?
अकाली दल और बीजेपी का साथ आना दोनों के लिए राजनीतिक जरूरत भी है और चुनौती भी. अकाली दल को ग्रामीण पंजाब में अपना पुराना जनाधार वापस पाने की जरूरत है, जबकि बीजेपी को राज्य में अपना राजनीतिक विस्तार करना है. 2022 के विधानसभा चुनाव में अलग-अलग लड़ते हुए बीजेपी को दो और अकाली दल को तीन सीटों पर जीत मिली थी. ऐसे में दोनों को उम्मीद है कि साथ आने से उनका चुनावी प्रदर्शन बेहतर होगा.
पंजाब में केवल हिंदू-सिख एकता, नशे के खिलाफ अभियान और किसानों के कल्याण की बात करने से काम नहीं चलेगा. चंडीगढ़, पानी, कृषि कानून और सिख संस्थाओं के अधिकार जैसे मुद्दों पर भी स्पष्ट रुख अपनाना होगा. असली परीक्षा तब होगी, जब इन मुद्दों पर दोनों दलों से एक साथ जवाब मांगा जाएगा. गठबंधन की घोषणा ने पुरानी राजनीतिक दूरी तो खत्म कर दी है, लेकिन क्या वैचारिक और क्षेत्रीय मतभेद भी खत्म हो गए हैं, इसका जवाब 2027 के चुनाव से पहले सामने आएगा.




