Begin typing your search...

3 करोड़ कर्ज, तलाक के बाद भत्ता और इमेच्योर बेबी, आखिर किन परेशानियों से जूझ रहा था नोएडा में सुपरनोवा की 42वीं मंजिल से कूदने वाला संभव

नोएडा के सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से कूदकर जान देने वाले संभव जैन की जिंदगी से जुड़ी कई अहम बातें सामने आई है. गुरुग्राम में एक एमएनसी में काम करने वाला शख्स करोड़ों के कर्ज में था और तलाक के बाद पूर्व पत्नी को भत्ता देने से परेशान था,

3 करोड़ कर्ज, तलाक के बाद भत्ता और इमेच्योर बेबी, आखिर किन परेशानियों से जूझ रहा था नोएडा में सुपरनोवा की 42वीं मंजिल से कूदने वाला संभव
X

नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा के स्पायरा टावर की 43वीं मंजिल से खुदकुशी करने वाले संभव जैन को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. पुलिस के मुताबिक, संभव ने ऑनलाइन बुकिंग ऐप के जरिए यहां कमरा बुक किया था और घटना से पहले करीब चार दिन तक घर नहीं गए थे. वह पहले दो दिन गुरुग्राम के एक होटल में ठहरे और इसके बाद शुक्रवार को नोएडा आए थे.

पुलिस का कहना है कि संभव मानसिक तनाव से गुजर रहे थे. उनके मोबाइल से एक वीडियो मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया और करीब 3 करोड़ रुपये का कर्ज होने की बात कही. परिवार के मुताबिक, संभव का तलाक हो चुका था और पत्नी को करीब 20 लाख रुपये देने की बात सामने आई है. शनिवार को 43वीं मंजिल से छलांग लगाने से पहले आसपास मौजूद लोगों और एक एसी मैकेनिक ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके.

10 Points में जानें पूरी डिटेल

1. पुलिस के अनुसार, संभव जैन ने सुपरनोवा के स्पायरा टावर में ऑनलाइन बुकिंग ऐप के जरिए कमरा लिया था. वह शुक्रवार को यहां चेक-इन हुए थे और शनिवार को चेक-आउट करना था. घटना से पहले वह करीब चार दिन से घर नहीं गए थे.

2. जानकारी के मुताबिक, संभव घटना से पहले दो दिन गुरुग्राम के किसी होटल में ठहरे थे. इसके बाद शुक्रवार को नोएडा पहुंचे और सुपरनोवा में कमरा लिया. वह मानेसर, गुरुग्राम के रहने वाले थे.

3. पुलिस को संभव के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है. इसमें वह अपनी आत्महत्या के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बता रहे हैं. वीडियो में उन्होंने करीब 3 करोड़ रुपये का कर्ज होने की बात कही है. इसके अलावा संभव घटना से पहले अपने पिता से व्हाट्सऐप पर बातचीत भी कर रहे थे.

4. बताया जा रहा है कि संभव का तलाक हो चुका था. परिवार के मुताबिक, उनकी पत्नी ने तलाक की अर्जी दाखिल की थी. तलाकशुदा पत्नी को करीब 20 लाख रुपये देने की बात सामने आई है. गुजारा भत्ता और दूसरे खर्चों के साथ-साथ कर्ज के कारण वह आर्थिक परेशानी से जूझ रहे थे.

5. परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, संभव की शादी करीब दो साल पहले हुई थी. बताया जा रहा है कि प्री-मैच्योर बच्चे, तलाक और कर्ज जैसी परिस्थितियों के बाद वह मानसिक तनाव में थे. पुलिस ने भी शुरुआती तौर पर तनाव को खुदकुशी की वजह बताया है.

6. एडीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, संभव जैन गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर सेक्टर-1 के रहने वाले थे. वह एक MNC में काम करते थे और पिछले कुछ समय से वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे. उनके पिता एक फूड कंपनी में क्वालिटी ऑफिसर हैं.

7. बताया गया है कि शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे संभव बालकनी की रेलिंग पर लटक गए. उस समय पास के फ्लैट में कुछ लोग एसी रिपेयरिंग का काम कर रहे थे. उन्होंने संभव को ऐसा करने से रोकने और बचाने की कोशिश शुरू कर दी.

8. संभव को बचाने के लिए एसी मैकेनिक समेत चार लोगों ने करीब 15 मिनट तक कोशिश की. वे उनसे लगातार बात करते रहे और उनका हाथ पकड़ने का प्रयास भी किया. लोगों ने उन्हें वापस आने के लिए समझाया, लेकिन संभव ने वापस लौटने की बात कहकर रेलिंग से हाथ छोड़ दिया.

9. घटना के दौरान एसी का काम कर रहे अल्ताफ ने भी संभव को पकड़ने की कोशिश की. बताया गया है कि संभव ने उससे कहा कि वह डिप्रेशन में हैं. अल्ताफ ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके. बताया गया कि संभव का वजन 100 किलो से ज्यादा था, जिसके कारण उन्हें पकड़ना मुश्किल हुआ.

10. लोगों की तमाम कोशिशों के बावजूद संभव ने 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी और उनकी मौत हो गई. घटना के बाद सामने आए वीडियो में भी कुछ लोग उन्हें आत्महत्या करने से रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मोबाइल में मिले वीडियो समेत उपलब्ध जानकारी के आधार पर घटना के हालात को समझने की कोशिश की जा रही है.

अगला लेख