Begin typing your search...

ग्रेटर नोएडा वेस्ट वालों की बल्ले-बल्ले! सेक्टर-51 से सेक्टर-4 तक दौड़ेगी मेट्रो, 5 नए स्टेशन मंजूर

नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी मिल गई है. सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक 8.449 KM का कॉरिडोर बनेगा, 5 नए स्टेशन होंगे.

Noida’s Tallest Elevated Road Planned Chilla to Sector 94 Link to Cross Metro and High-Tension Lines
X
चिल्ला-सेक्टर 94 एलिवेटेड रोड बनेगी नोएडा की सबसे ऊंची सड़क
मोहम्मद रज़ा
मोहम्मद रज़ा4 Mins Read

Updated on: 11 Nov 2026 3:55 PM IST

ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नोएडा के बीच रहने वाले लाखों लोगों के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी राहत की खबर आई है. केंद्र सरकार ने नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक नए मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण पर मुहर लगाई गई.

करीब 8.449 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर पांच एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे. इसके शुरू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई 71.878 किलोमीटर हो जाएगी.

दिल्ली जाने वालों को मिलेगी बड़ी राहत, ब्लू लाइन से जुड़ेगा नया कॉरिडोर

इस मेट्रो विस्तार का सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिलने वाला है, जिन्हें रोजाना नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के बीच सफर करना पड़ता है. नए कॉरिडोर के जरिए यात्रियों को सेक्टर-61 पर ब्लू लाइन मेट्रो से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी. इससे दिल्ली के विभिन्न इलाकों और एनसीआर के दूसरे हिस्सों तक पहुंचना आसान हो सकेगा.

अभी ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई बड़ी आवासीय सोसायटियों और व्यावसायिक क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मेट्रो पकड़ने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. ऐसे में नया कॉरिडोर शुरू होने से सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होने और रोजाना आने-जाने में लगने वाला समय बचने की उम्मीद है.

गौर सिटी, ब्लू सफायर और IKEA तक पहुंचना होगा आसान

नए मेट्रो कॉरिडोर से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कई प्रमुख शॉपिंग और व्यावसायिक केंद्रों को कनेक्टिविटी मिलेगी. इनमें गौर सिटी मॉल, H&S मॉल और ब्लू सफायर मॉल शामिल हैं. इसके अलावा ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 के व्यावसायिक क्षेत्र को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की योजना है.

नोएडा में सेक्टर-51 स्थित IKEA और सेक्टर-73 के एंथुरियम मॉल तक पहुंच भी पहले से आसान हो सकती है. इससे आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ इन व्यावसायिक केंद्रों में खरीदारी और कामकाज के लिए आने वालों को भी फायदा मिलेगा.

टेक महिंद्रा और TCL टेक के कर्मचारियों का सफर होगा आसान

मेट्रो विस्तार से नोएडा के कॉरपोरेट और औद्योगिक क्षेत्रों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. सेक्टर-60 स्थित टेक महिंद्रा और TCL टेक के कार्यालयों तक पहुंच बेहतर हो सकती है. इसके अलावा सेक्टर-73 स्थित ऑयल इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 के गोल्डन-आई व्यावसायिक क्षेत्र को भी नए कॉरिडोर से लाभ मिलने की संभावना है. इन इलाकों में रोजाना नौकरी और कारोबार के सिलसिले में आने-जाने वाले लोगों को सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा. इससे निजी कार और दोपहिया वाहनों पर निर्भरता घटाने में मदद मिल सकती है.

अस्पताल और स्कूल जाने वालों को भी मिलेगा फायदा

नए मेट्रो रूट से शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है. सेक्टर-122 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल, कैलाश अस्पताल, सेक्टर-70 का रामा अस्पताल, सेक्टर-51 स्थित क्लाउड-9 अस्पताल और सेक्टर-62 के रामा अस्पताल तक आने-जाने वाले लोगों को इसका लाभ मिल सकता है.

वहीं, क्लियो काउंटी सोसायटी और गौर सिटी-1 व गौर सिटी-2 में रहने वाले परिवारों के लिए भी मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होने की संभावना है. स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने के लिए लोगों को निजी वाहनों पर कम निर्भर रहना पड़ सकता है.

ट्रैफिक जाम और प्रदूषण से मिलेगी राहत? कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा

मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है. केंद्र सरकार के मुताबिक, इस परियोजना का उद्देश्य निजी वाहनों पर निर्भरता घटाना, यात्रा का समय कम करना और प्रदूषण के स्तर में कमी लाना है.

इसके अलावा नए मेट्रो स्टेशनों के आसपास व्यावसायिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. बेहतर परिवहन व्यवस्था से रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कारोबार के सिलसिले में रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों को सहूलियत मिल सकती है. कुल मिलाकर, एक्वा लाइन का यह विस्तार ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नोएडा के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है.

अगला लेख