क्या आप भी खा रहे हैं नकली पनीर? नोएडा में 300 किलो संदिग्ध पनीर पकड़ा गया
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज, डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध पनीर मिला.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. जिले के अलग-अलग इलाकों में डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर करीब 300 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट कराया गया है. साथ ही दूध और पनीर के पांच नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.
खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान लोगों तक सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
जिलाधिकारी के निर्देश पर चला विशेष अभियान
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है. इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विभिन्न टीमों ने कई स्थानों पर निरीक्षण किया.
ग्रेटर नोएडा की डेरी से मिला संदिग्ध पनीर
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी क्षेत्र स्थित एक डेरी का निरीक्षण किया. यहां से पनीर का नमूना लिया गया. निरीक्षण के दौरान करीब 100 किलो पनीर प्रथम दृष्टया मिलावटी और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. टीम ने जेवर तहसील के जहांगीरपुर गांव स्थित एक डेरी से दूध का नमूना भी संग्रहित किया.
नोएडा सेक्टर-15 में 200 किलो पनीर कराया गया नष्ट
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह और विशाल गुप्ता की टीम ने नोएडा सेक्टर-15 स्थित एक डेरी का निरीक्षण किया. यहां से पनीर का नमूना लेने के साथ-साथ लगभग 200 किलो पनीर को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर नष्ट कराया गया.
सेक्टर-65 की कंपनी से भी लिए गए नमूने
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज ने नोएडा सेक्टर-65 स्थित एक खाद्य उत्पाद कंपनी का निरीक्षण किया. यहां से दूध और पनीर के एक-एक नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए.
लैब रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, पूरे अभियान के दौरान कुल पांच नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं. जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने साफ किया है कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.




