6 लाख से खेल शुरू 24 करोड़ तक, नोएडा के इस डॉक्टर और उसकी पत्नी ने ऐसे की ठगी, एयरपोर्ट पर फूड कोर्ट से लेकर वाइन शॉप दिलाने का था वादा
नोएडा में डॉक्टर नितेंद्र सिंह और पत्नी राबिन गौर पर 24 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी का आरोप है. जेवर एयरपोर्ट पर फूड कोर्ट, वाइन शॉप और प्लॉट दिलाने का दिया था झांसा.
नोएडा में एक डॉक्टर और उसकी पत्नी पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित का दावा है कि दंपती ने नोएडा और यमुना प्राधिकरण में कमर्शियल व ग्रुप हाउसिंग प्लॉट दिलाने का भरोसा देकर करोड़ों रुपये लिए. इतना ही नहीं, जेवर एयरपोर्ट के टर्मिनल पर फूड कोर्ट और वाइन शॉप आवंटित कराने का झांसा देकर भी मोटी रकम वसूली गई.
पीड़ित के मुताबिक, अलग-अलग सौदों के नाम पर उससे 24 करोड़ रुपये से अधिक की रकम ली गई, लेकिन न तो कोई प्लॉट मिला और न ही वादे के मुताबिक कोई दूसरी संपत्ति. मामले में थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने डॉक्टर नितेंद्र सिंह और उनकी पत्नी राबिन गौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
मुख्य सचिव और प्राधिकरण के अधिकारियों से करीबी का दिया भरोसा
सेक्टर-132 के रोहिल्लापुर गांव निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात डॉक्टर नितेंद्र सिंह से वाजिदपुर गांव में हुई थी. डॉक्टर ने वहां जेएस हॉस्पिटल किराये पर लेकर उसका संचालन शुरू किया था. इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी.
पीड़ित का आरोप है कि डॉक्टर ने खुद को उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का करीबी बताया. उन्होंने दावा किया कि प्राधिकरण में लंबित काम करवाने के साथ मेडिकल डिवाइस पार्क में प्लॉट भी दिलवा सकते हैं. डॉक्टर की पत्नी राबिन गौर भी इसी तरह के दावे करती थीं. उनके भरोसे में आकर मनोज कुमार ने अलग-अलग योजनाओं के लिए पैसे देने शुरू कर दिए.
मेडिकल डिवाइस पार्क से कमर्शियल प्लॉट तक के नाम पर करोड़ों वसूले
मनोज कुमार के मुताबिक, 11 दिसंबर 2022 को मेडिकल डिवाइस पार्क में प्लॉट दिलाने के नाम पर उनसे 6 लाख रुपये लिए गए. इसके बाद जनवरी से जुलाई 2023 के बीच सेक्टर-61 के डी-20 में 550 वर्ग मीटर के कमर्शियल प्लॉट का रद्द आवंटन दोबारा कराने का आश्वासन दिया गया. इसके लिए उनसे 2.80 करोड़ रुपये लिए गए.
पीड़ित ने आरोप लगाया कि अगस्त 2023 से अक्टूबर 2024 के बीच किसान कोटे के तहत अतिरिक्त 5 प्रतिशत प्लॉट आवंटित कराने के नाम पर 5.70 करोड़ रुपये वसूले गए. वहीं, जुलाई से दिसंबर 2023 के दौरान 2140 वर्ग मीटर का कमर्शियल प्लॉट दिलाने के लिए 4.50 करोड़ रुपये लिए गए.
जेवर एयरपोर्ट पर फूड कोर्ट और वाइन शॉप दिलाने का भी दिया झांसा
शिकायत में एक और बड़ा आरोप लगाया गया है. मनोज कुमार के अनुसार, डॉक्टर दंपती ने उन्हें जेवर एयरपोर्ट के टर्मिनल पर फूड कोर्ट और वाइन शॉप दिलाने का भरोसा दिया था. इसके लिए मार्च 2023 से जुलाई 2026 के बीच उनसे 5.30 करोड़ रुपये लिए गए.
इसके अलावा नवंबर 2024 से नवंबर 2025 के बीच यमुना प्राधिकरण में ग्रुप हाउसिंग प्लॉट दिलाने के नाम पर 5.70 करोड़ रुपये वसूले गए. पीड़ित का कहना है कि इतनी बड़ी रकम देने के बावजूद उन्हें न तो एयरपोर्ट पर दुकान मिली और न ही प्राधिकरण में कोई प्लॉट आवंटित हुआ.
बुलंदशहर में अस्पताल और नोएडा में विला खरीदने का आरोप
मनोज कुमार ने डॉक्टर दंपती पर एक और गंभीर आरोप लगाया है. उनका दावा है कि उनसे लिए गए पैसों का इस्तेमाल बुलंदशहर में वर्ल्ड हॉस्पिटल बनवाने और नोएडा के सेक्टर-128 स्थित किंग्सवुड विला में दो संपत्तियां खरीदने के लिए किया गया. इनमें ए-19 और बी-55 नंबर के विला शामिल हैं.
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि अक्टूबर-नवंबर 2023 के दौरान उनकी 600 वर्ग गज जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली गई. बाद में इस जमीन को पप्पू उर्फ लवकेश नाम के व्यक्ति को बेच दिया गया. मनोज कुमार का दावा है कि इस जमीन को बचाने के नाम पर भी उनसे 8 करोड़ रुपये की ठगी की गई.
21.78 करोड़ रुपये लौटाने का दिया था लिखित आश्वासन
शिकायत के मुताबिक, जब मनोज कुमार ने अपने पैसे वापस मांगे तो डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत नहीं करने और रकम लौटाने का भरोसा दिया. पीड़ित का कहना है कि 26 नवंबर 2025 को डॉक्टर ने लिखित रूप में 21.78 करोड़ रुपये वापस करने की बात कही थी. मनोज कुमार ने यह भी दावा किया कि मोबाइल फोन पर हुई बातचीत में डॉक्टर ने उनसे 31 करोड़ रुपये लेने की बात स्वीकार की थी. पीड़ित के अनुसार, इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है.
पैसे मांगने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप
मनोज कुमार का आरोप है कि बार-बार रकम वापस मांगने पर डॉक्टर और उनकी पत्नी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया. कथित तौर पर उन्होंने कहा कि रकम से अस्पताल और विला खरीदे जा चुके हैं, इसलिए अब वह अपने पैसे भूल जाएं. पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस में शिकायत करने या दोबारा पैसे मांगने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. मनोज कुमार के मुताबिक, पिछले चार-पांच दिनों से कुछ संदिग्ध लोग उनके घर के आसपास घूम रहे हैं. कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी.
डॉक्टर दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज, सुरक्षा की लगाई गुहार
पूरे मामले में मनोज कुमार ने नोएडा के थाना एक्सप्रेसवे में डॉक्टर नितेंद्र सिंह और उनकी पत्नी राबिन गौर के खिलाफ शिकायत दी है. पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है. पीड़ित ने पुलिस से कथित तौर पर ठगी गई रकम वापस दिलाने और अपने परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जानी है. आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है.




