Begin typing your search...

कैसे पुलिस के हत्थे चढ़ा नोएडा में अमित हत्याकांड का आरोपी आफताब, मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली; क्या-क्या हुआ बरामद?

नोएडा के नया बांस गांव में स्कूटी टकराने को लेकर हुए विवाद में अमित की हत्या के मामले में फरार आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. सेक्टर-3 के पार्क में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी.

Noida amit murder case
X

Noida amit murder case

नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र के नया बांस स्थित पार्क में स्कूटी टकराने को लेकर हुए विवाद में युवक अमित की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. बुधवार को सेक्टर-3 स्थित पार्क में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई. घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के मुताबिक, थाना फेस-1 पुलिस को सूचना मिली थी कि अमित हत्याकांड में वांछित आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी सेक्टर-3 स्थित पार्क में मौजूद है और वहां से फरार होने की फिराक में है. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पार्क के बाहर आरोपी की मोटरसाइकिल खड़ी मिली. पुलिस टीम ने पार्क के अंदर उसकी तलाश शुरू की तो आरोपी अपने साथी के साथ पुलिस को देखकर भागने लगा.

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी. पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है. इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 8 और 9 नवंबर की रात थाना फेस-1 क्षेत्र के नया बांस गांव के पार्क में जन्मदिन की पार्टी के दौरान स्कूटी टकराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था. मारपीट के दौरान अमित के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जबकि शिवम भी घायल हो गया था. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया था. शिवम का इलाज जारी है.

इस मामले में थाना फेस-1 पुलिस ने आफताब उर्फ तुस्सी समेत आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था. पुलिस के अनुसार, आफताब के खिलाफ पहले से तीन अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

अगला लेख