पिता को कुल्हाड़ी से काटा, फिर मेट्रो के आगे कूदकर 16 साल के बेटे ने किया सुसाइड; नोएडा में किस विवाद के चलते हुई ये वारदात?
नोएडा में एक 16 साल के बेटे ने विवाद के चलते पहले घर पर अपने पिता को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला और फिर मेट्रो के आगे कूदकर खुद भी सुसाइड कर लिया.
Noida son murder father
नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-121 स्थित गढ़ी चौखंडी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, 16 वर्षीय किशोर अमृत शर्मा ने कथित तौर पर अपने पिता राजीव शर्मा की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के सामने मेट्रो के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने पिता का शव घर से बरामद किया है। मामले की जांच की जा रही है.
फेज-3 थाना प्रभारी के अनुसार, बुधवार को 16 वर्षीय अमृत शर्मा के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के सामने आत्महत्या करने की सूचना मिली थी. इसके बाद अमृत के चाचा अरुण शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी कि उनके भाई राजीव शर्मा से संपर्क नहीं हो पा रहा है. पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो अमृत की जेब से दो मोबाइल फोन और घर की चाबी मिली. इनमें से एक मोबाइल फोन उसके पिता राजीव का था.
घर पहुंचने पर क्या हुआ?
पुलिस टीम जब घर पहुंची तो गेट बंद था और अंदर से बदबू आ रही थी. दरवाजा खोलने पर कमरे में राजीव शर्मा का खून से सना शव पड़ा मिला. थाना प्रभारी के मुताबिक, शव पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने के निशान मिले हैं. घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी और अमृत के खून से सने कपड़े भी बरामद हुए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि राजीव शर्मा और उनकी पत्नी का करीब 12 साल पहले तलाक हो चुका था. इसके बाद पिता और बेटा दोनों अकेले रहते थे. जांच में यह भी पता चला है कि राजीव अपने बेटे अमृत को स्कूल नहीं भेजता था और उसके बाहर जाने पर उसे कमरे में बंद कर देता था.
क्यो होता था विवाद?
थाना प्रभारी के अनुसार, स्कूल नहीं भेजने और कई तरह की बंदिशों को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद रहता था. शुरुआती जांच में आशंका है कि इसी विवाद के चलते अमृत ने पहले अपने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई. इसके बाद वह सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पहुंचा और मेट्रो के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने अमृत के चाचा अरुण शर्मा की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.




