कुत्ते को डंडा दिखाना पड़ा भारी! Gaur City में डॉग लवर और दंपति आमने-सामने, खूब चले लाठी-डंडे
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी 14th एवेन्यू सोसाइटी में कुत्ते को लेकर डॉग लवर और एक दंपति के बीच विवाद हाथापाई तक पहुंच गया. इस दौरान लाठी डंडें भी चलें. जानें पूरी मामला
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी 14th एवेन्यू सोसाइटी में कुत्ते को लेकर हुआ विवाद हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया. डॉग लवर और एक दंपति के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते-देखते हाथापाई तक पहुंच गई. इस दौरान एक महिला की उंगली में गंभीर चोट आई, जिसे मेडिकल जांच में फ्रैक्चर बताया गया. थाना बिसरख पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, गौर सिटी 14th एवेन्यू में रहने वाले दीपक अपनी पत्नी और छोटे बच्चों के साथ बेसमेंट से अपने टावर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान एक कुत्ता उनके बच्चे की तरफ दौड़ पड़ा. बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए दीपक ने पास में पड़ा एक डंडा उठाकर कुत्ते को डराने की कोशिश की, जिसके बाद कुत्ता वहां से दूर चला गया.
कैसे बढ़ा हंगामा?
चश्मदीदों के मुताबिक, मौके पर मौजूद भावना नाम की एक डॉग लवर महिला को लगा कि दीपक कुत्ते को डंडे से मारने का प्रयास कर रहे हैं. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई. इस दौरान भावना की उंगली में चोट लग गई. बाद में डॉक्टरों ने जांच के दौरान उंगली में फ्रैक्चर की पुष्टि की. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई. पुलिस को दी गई शिकायत में भावना ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोट लगी. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने क्या कहा?
थाना बिसरख पुलिस के अनुसार, गौर सिटी 14th एवेन्यू में कुत्ते को डंडा दिखाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. विवाद के दौरान दीपक और भावना के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हल्की हाथापाई में बदल गई. इस घटना में महिला की उंगली में चोट आई है और मेडिकल जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उपलब्ध साक्ष्यों, वीडियो फुटेज तथा शिकायत के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.




