Begin typing your search...

ग्रेटर नोएडा: जिस बेटी की शादी में खर्च किए 1 करोड़, उसी ने ससुराल में छत से कूद दी जान, दहेज की मांग और मारपीट का आरोप

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित जलपुरा गांव में एक विवाहिता ने कथित दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर छत से कूदकर आत्महत्या कर ली. पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Greater Noida Dowry harassment
X

Greater Noida Dowry harassment

भले ही कितना भी जोर देकर कह लिया जाए कि देश से दहेज प्रथा खत्म होनी चाहिए, लेकिन कई जगह ऐसा देखने को नहीं मिलता है. दहेज प्रताड़ना झेलकर कई लड़कियां आज भी आत्महत्या कर रही हैं. ऐसा ही एक मामला अब ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित जलपुरा गांव से सामने आया है. जहां एक विवाहिता ने कथित दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर छत से कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है.

क्या है परिजनों के आरोप?

जानकारी के अनुसार, मृतका दीपिका पुत्री संजय निवासी ग्राम कुड़ी खेड़ा, थाना बादलपुर की शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा निवासी ऋतिक पुत्र मनोज के साथ हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर दीपिका को लगातार प्रताड़ित करता था.

मृतका के परिवार का आरोप है कि दीपिका के साथ मारपीट भी की जाती थी और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था. आरोप है कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर दीपिका ने शनिवार रात छत से कूदकर आत्महत्या कर ली.

पुलिस ने क्या दी जानकारी?

घटना की सूचना मिलने पर थाना ईकोटेक-3 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर दहेज उत्पीड़न समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

डीसीपी सेंट्रल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. वही मृतका का पोस्टमार्टम अभी चल रहा है. पुलिस और परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद है, परिवार का आरोप है कि मृतका के शरीर पर कई चोट के निशान है.

अगला लेख