Begin typing your search...

बदायूं में सुहागरात पर दूल्हे को जहरीले सांप ने डसा, मेहंदी सूखने से पहले उजड़ गया रश्मि का सुहाग- देखिए VIDEO

बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र के रियोनाई गांव में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. दुल्हन की विदाई के कुछ घंटे बाद ही दूल्हे बबलू मौर्य को कमरे में जहरीले सांप ने डंस लिया.

बदायूं में सुहागरात पर दूल्हे को जहरीले सांप ने डसा, मेहंदी सूखने से पहले उजड़ गया रश्मि का सुहाग- देखिए VIDEO
X
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी3 Mins Read

Published on: 25 July 2026 7:57 PM

उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम पसर गया. उघैती थाना क्षेत्र के रियोनाई गांव में नवविवाहित दूल्हे बबलू मौर्य की सांप के डसने से मौत हो गई. बबलू की शादी बुधवार को संभल के लौहरपुरा गांव की रश्मि से हुई थी. गुरुवार को दुल्हन की विदाई के बाद दोनों घर पहुंचे थे, लेकिन रात होते-होते नई जिंदगी की शुरुआत का सपना एक दर्दनाक हादसे में बदल गया.

जानकारी के मुताबिक, बबलू मौर्य की बारात बुधवार को संभल जिले के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र स्थित लौहरपुरा गांव गई थी. शादी की रस्में पूरी होने के बाद गुरुवार दोपहर बबलू अपनी पत्नी रश्मि को विदा कराकर बदायूं स्थित अपने घर पहुंचा. नवविवाहित जोड़े के घर लौटने पर परिवार में खुशी का माहौल था और रिश्तेदार भी शादी की रस्मों में व्यस्त थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों में यह खुशी चीख-पुकार में बदल जाएगी.

कमरे में जमीन पर बिछा था बिस्तर, तभी पहुंचा सांप

रात में बबलू और रश्मि के लिए कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाया गया था. देर रात कमरे में अचानक एक जहरीला सांप पहुंच गया. बताया जा रहा है कि सांप ने सो रहे बबलू की गर्दन पर डंस लिया. सर्पदंश के बाद बबलू की तबीयत बिगड़ने लगी. परिजन उसे तत्काल सहसवान के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने सांप के काटने की पुष्टि की. हालत गंभीर होने पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

अस्पताल के बाद झाड़-फूंक की भी ली मदद

बबलू की हालत बिगड़ने के बाद परिवार ने उसे बचाने के लिए हर संभव कोशिश की. अस्पताल ले जाने के बाद भी जब हालत नहीं सुधरी तो परिजन उसे सपेरों और झाड़-फूंक करने वालों के पास भी लेकर गए. काफी देर तक उसे बचाने की कोशिश होती रही, लेकिन बबलू की जान नहीं बच सकी. परिजनों ने बाद में बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार कर दिया.

जिस घर में मंगलगीत गूंज रहे थे, वहां पसरा मातम

बबलू की मौत की खबर से परिवार पूरी तरह टूट गया. जिस आंगन में एक दिन पहले शादी के गीत, बैंड-बाजे और रिश्तेदारों की चहल-पहल थी, वहीं अब मातम का माहौल है. नई जिंदगी की शुरुआत करने ससुराल पहुंची रश्मि के सामने कुछ ही घंटों में ऐसा हादसा हुआ कि उसकी दुनिया उजड़ गई. पति की मौत के बाद उसका रो-रोकर बुरा हाल है. बबलू की मौत से रियोनाई गांव में भी शोक की लहर है.

अगला लेख