बेटी का अपहरण करा दूंगा... क्या गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव से जबरन मिलने पहुंचे तेज प्रताप यादव, क्या है ये नया मामला
तेज प्रताप यादव के खिलाफ उनकी कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने FIR दर्ज कराई है. शिकायत में तेज प्रताप पर धमकी देने और बेटी को किडनैप करने के आरोप लगाए गए हैं.
बिहार की राजनीति में एक बार फिर तेज प्रताप यादव सुर्खियों में हैं. इस बार विवाद की वजह उनकी कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव से जुड़ा मामला है. अनुष्का के भाई आकाश यादव ने तेज प्रताप के खिलाफ FIR दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत में दावा किया गया है कि तेज प्रताप यादव बिना मंजूरी के घर पहुंचे और अनुष्का की बेटी उज्जैनी से मिलने की कोशिश की. साथ ही उन पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
आकाश यादव का कहना है कि तेज प्रताप ने कथित तौर पर चेतावनी दी थी कि अगर उन्हें अनुष्का यादव से मिलने से रोका गया तो उज्जैनी का अपहरण कराया जा सकता है. हालांकि, तेज प्रताप यादव ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.
क्या है मामला?
आकाश यादव का आरोप है कि 6 जून को तेज प्रताप यादव उनके घर पहुंचे थे. उन्होंने कथित तौर पर टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर घर में आए और अनुष्का यादव की बेटी उज्जैनी से मिलने की कोशिश की.
अपहरण करने की दी धमकी
शिकायत में यह भी कहा गया है कि तेज प्रताप यादव ने कथित रूप से धमकी दी थी कि यदि उन्हें अनुष्का से मिलने से रोका गया, तो उज्जैनी का अपहरण कराया जा सकता है. साथ ही इसके गंभीर और हिंसक परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई थी. इन्हीं आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है.
तेज प्रताप यादव ने आरोपों को बताया झूठा
दूसरी ओर, तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा बयान जारी कर आरोपों को गलत बताया है. उन्होंने कहा कि 'उनके खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत पूरी तरह झूठी और मनगढ़ंत है. तेज प्रताप का कहना है कि जिस व्यक्ति को उसके कथित अभद्र, अपमानजनक और धमकीपूर्ण व्यवहार के संबंध में कानूनी नोटिस भेजा गया था, उसी ने बदले की भावना से यह शिकायत दर्ज कराई है. यह कदम उनकी सार्वजनिक छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है.'
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
अपने बयान में तेज प्रताप यादव ने कहा कि वह हमेशा कानून और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते आए हैं. उन्होंने साफ किया कि उनकी विनम्रता और लोगों से जुड़े रहने की आदत को कोई कमजोरी न समझे. उन्होंने यह भी कहा कि कानून का दुरुपयोग कर झूठे आरोप लगाना न्याय व्यवस्था और सत्य दोनों का अपमान है. तेज प्रताप ने न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि सच्चाई तथ्यों और सबूतों के आधार पर सामने आएगी. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ उपलब्ध सभी कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल किया जाएगा.




