गोरखपुर के इंस्पेक्टर सूरज सिंह कौन, योगी के गढ़ में अखिलेश ने उछाला ब्राह्मण परिवार से जूते पर थूक चटाने का मुद्दा; अब तक क्या एक्शन हुआ?
अखिलेश यादव ने गोरखपुर के दौरे पर ब्राह्मण परिवार के साथ हुई कथित पुलिस बर्बरता का मुद्दा उठाकर योगी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने युवक के साथ मारपीट की और उसे जूते पर थूककर चाटने के लिए मजबूर किया.
gorakhpur brahmin family
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार, 18 नवंबर 2026 को गोरखपुर का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने पीडीए रथ पर सवार होकर करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया और चौरीचौरा के देवकही गांव में जनसभा को संबोधित किया. अपने भाषण में अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाए.
जनसभा के दौरान अखिलेश यादव ने गोरखपुर में एक ब्राह्मण परिवार के साथ कथित पुलिस बर्बरता का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने एक युवक के साथ अपमानजनक व्यवहार किया और उसे जूते पर थूककर चाटने के लिए मजबूर किया. सपा प्रमुख ने इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि गोरखपुर में ब्राह्मण समाज के साथ अन्याय हो रहा है. उन्होंने दलितों के खिलाफ अत्याचार का मुद्दा भी उठाया.
ब्राह्मण परिवार के साथ हुई घटना पर क्या बोले अखिलेश यादव?
जनसभा में अखिलेश यादव ने गोरखपुर के ब्राह्मण परिवार के साथ हुई कथित पुलिस बर्बरता का जिक्र किया. उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा "क्या कोई कल्पना कर सकता है कि बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान के बाद और जो लोग कहते हैं जीरो टॉरलेंस है कानून व्यवस्था में वहां पर एक ब्राह्मण समाज के साथ जो व्यवहार हुआ है, न केवल उसे अपमानित किया गया बल्कि सुनने में आ रहा है कि पुलिस अपना जूता उससे चटवाया है. बताओ से सच्चाई है कि नहीं. मुझे तो लगता है जो बात मैं कहते हुए आया हूं कि हाता नहीं, क्या यहीं पक्ष तो नहीं जिसकी वजह से अन्याय हो रहा हो. केवल यही नहीं दलितों के ऊपर सबसे ज्यादा अन्याय जो हो रहा है वो गोरखपुर में हो रहा है."
क्या है गोरखपुर में ब्राह्मण परिवार के साथ मारपीट का मामला?
दरअसल, नवंबर 2026 में गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र से एक युवक और उसकी मां के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था. पीड़ित युवक की पहचान शिवम पांडेय और उनकी मां की पहचान पूनम पांडेय के रूप में हुई है. परिवार ने आरोप लगाया कि चिलुआताल थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर या सब-इंस्पेक्टर सूरज सिंह ने थाने में उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया. पीड़ितों का दावा है कि पुलिसकर्मी उन्हें सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से दूर एक जगह ले गए और वहां उनके साथ मारपीट की गई. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी ने जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कीं और कहा कि उनकी सारी ब्राह्मणगिरी निकाल देंगे.
पीड़ित परिवार ने क्या लगाया था आरोप?
पीड़ित परिवार के आरोपों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़ रखा था. इसी दौरान अधिकारी ने अपने जूते पर थूककर उसे जीभ से चाटने के लिए मजबूर किया. परिवार ने मारपीट के आरोपों के समर्थन में शरीर पर चोट के निशान और मेडिकल दस्तावेज भी दिखाए. उनका दावा है कि घटना में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई और पैर में फ्रैक्चर हुआ. इसके लिए सीटी स्कैन और एक्स-रे रिपोर्ट का भी हवाला दिया गया है.
क्या FIR में हुई थी देरी?
मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के अनुसार, घटना के करीब 24 घंटे बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार के खिलाफ ही चिलुआताल थाने में एफआईआर दर्ज कर ली थी. दावा किया गया कि बाद में इस मुकदमे में गैर-जमानती धारा भी जोड़ दी गई. इस घटनाक्रम के बाद परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए. शुरुआती दिनों में ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी नाराजगी देखने को मिली.
सांसद रवि किशन ने क्या लिया था संज्ञान?
गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने भी इस मामले का संज्ञान लिया था. उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर गोरखपुर के एसएसपी को लिखित पत्र दिया था. इसके अलावा उन्होंने फोन पर भी अधिकारियों से बातचीत की थी. बता दें, रिपोर्ट के मुताबिक अभी तक इंस्पेक्टर सूरज सिंह पर कोई एक्शन नहीं लिया गया है.
कौन हैं इंस्पेक्टर सूरज सिंह?
यूपी पुलिस नॉमिनल रोल सिस्टम के आंकड़ों के मुताबिक इंस्पेक्टर सूरज सिंह का जन्म 1 जनवरी 1990 को बस्ती जिले में हुआ था, उनके पिता का नाम राजेंद्र सिंह है. इंस्पेक्टर सूरज सिंह की गोरखपुर में पोस्टिंग 2 नवंबर साल 2015 में हुई थी, यानी पिछले 11 साल से वे गोरखपुर में ही हैं और उनका कोई तबादला भी नहीं हुआ है इसको लेकर भी सवाल उठा है. कि ट्रांसफर के इस दौर में आखिर एक इंस्पेक्टर 11 साल तक कैसे एक ही जगह टिका हुई है. उनकी रैंक एसआईसीपी है.




