खीर में 18 नींद की गोलियां, फिर बाथरूम में 2 फीट नीचे दफनाया पति; 'दृश्यम' और Crime Patrol से मिला IDEA? आगरा हत्याकांड का पूरा सच
आगरा के सिकंदरा में एक महिला पर आरोप है कि उसने खीर में नींद की गोलियां मिलाकर पति की हत्या की और शव को घर के बाथरूम के नीचे दफना दिया. करीब 45 दिन तक परिवार और पुलिस को गुमराह करने के बाद मामला उजागर हुआ और आरोपी महिला गिरफ्तार कर ली गई.
17 मई की रात...आगरा के एक घर में खीर बनी थी. पति ने उसे खाया और कुछ ही देर बाद गहरी नींद में चला गया. अगले 45 दिनों तक मोहल्ले वालों को लगा कि वह कहीं चला गया है. परिवार समझता रहा कि शायद किसी बात से नाराज होकर घर छोड़ दिया. लेकिन सच उस घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दबा था.
घर में रोज लोग आते-जाते रहे. बाथरूम का इस्तेमाल भी होता रहा. जिस जगह पर टाइलें चमक रही थीं, उसके ठीक दो फीट नीचे एक इंसान की लाश दफन थी. सबसे हैरानी की बात यह थी कि जिस महिला ने उसे वहां दफनाया, वही रोज उसी बाथरूम में नहाती रही और हर सवाल पर एक नई कहानी गढ़ती रही. हत्या के 45 दिन बात जब इस मामले का पर्दाफाश हुआ और अब सुरेंद्र की पत्नी रूबी शर्मा पुलिस की गिरफ्त में पहुंची तो क्या कुछ खुलासे किए आइए जानते हैं.
16 साल पहले हुई थी शादी, लेकिन रिश्ता कभी सामान्य नहीं रहा
मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे. आगरा के सिकंदरा इलाके की रेणुका धाम कॉलोनी में वह अपनी मां, पत्नी रूबी और दो बेटियों के साथ रहते थे. करीब 16 साल पहले उनकी शादी इटावा की रहने वाली रूबी से हुई थी. परिवार में दो बेटियां भी हैं, लेकिन रिश्तेदारों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चलता आ रहा था. एक-एक करके घर खाली कराया गया. पुलिस जांच के मुताबिक घटना से पहले पूरी तैयारी की गई.
पहले बच्चों और बुजुर्ग मां को बहाने से घर से बाहर भेजा गया. रिश्तेदारों को बताया गया कि घर में पुलिस से जुड़ा कोई मामला हो गया है. बाद में कहा गया कि सुरेंद्र झगड़ा करके 5 हजार रुपये लेकर घर छोड़ गए हैं और कुछ दिनों में खुद फोन करेंगे. यहीं से गुमराह करने का खेल शुरू हुआ.
खीर में मिलाईं नींद की गोलियां, फिर हमेशा के लिए बंद कर दी सांसें
पूछताछ में आरोपी रूबी ने पुलिस को बताया कि 17 मई की रात उसने खीर बनाई थी. आरोप है कि उसी खीर में उसने एक-दो नहीं, बल्कि दर्जन भर से ज्यादा नींद की गोलियां मिला दीं. जब सुरेंद्र बेसुध हो गए तो उनकी हत्या कर दी गई. इसके बाद पूरी रात घर के अंदर ऐसा काम हुआ, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी.
बाथरूम बना कब्र, ऊपर लगवा दी नई टाइलें
आरोप है कि रूबी ने घर के बाथरूम में करीब दो फीट गहरा गड्ढा खोदा और पति के शव को वहीं दफना दिया. फिर गड्ढे को सीमेंट से भरकर उसके ऊपर नई टाइलें लगवा दीं, ताकि किसी को शक तक न हो. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इसके बाद वह रोज उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही. बाहर की दुनिया के लिए उसका पति 'लापता' था, लेकिन घर के भीतर उसका शव उसी के पैरों के नीचे दफन था.
45 दिन तक हर किसी को सुनाती रही अलग-अलग कहानी
सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा जब भी अपने भाई के बारे में पूछते, रूबी हर बार नया जवाब देती. कभी कहती वह नाराज होकर चले गए हैं, कभी कहती जल्द लौट आएंगे. 26 मई को परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी, लेकिन सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला. इधर, आरोप है कि इस दौरान वह अपनी सास के बैंक खाते से पेंशन की रकम भी निकालती रही.
फिर एक फोन... और खुल गया पूरा राज
करीब 45 दिन बाद एक सुबह रूबी ने खुद अपने जेठ को फोन कर घर बुलाया. जब उन्होंने पूछा कि सुरेंद्र कहां हैं, तो पहले उसने टालने की कोशिश की. लेकिन लगातार सवालों के बाद वह टूट गई. उसने कहा कि 'बाथरूम में हैं...' जेठ ने बाथरूम देखा, लेकिन वहां कोई नहीं था. तभी रूबी ने कथित तौर पर कहा कि 'दो फीट नीचे...", सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. खुदाई हुई और बाथरूम के फर्श के नीचे से सुरेंद्र का शव बरामद कर लिया गया.
Crime Patrol और 'दृश्यम' से मिला आइडिया?
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह अक्सर Crime Patrol देखती थी और उसने फिल्म Drishyam भी देखी थी. उसके अनुसार, शव छिपाने और लोगों को गुमराह करने का तरीका उसे वहीं से सूझा. हालांकि पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
अब हत्या, साजिश और सबूत छिपाने की जांच
पुलिस ने आरोपी रूबी को गिरफ्तार कर लिया है. फोरेंसिक टीम ने घर से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की साजिश कब और कैसे बनी, क्या इसमें कोई और भी शामिल था और घटना के बाद सबूत मिटाने की पूरी योजना किस तरह अंजाम दी गई. एक साधारण घर... एक बंद बाथरूम... और उसके नीचे दफन एक ऐसा राज, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया.




