Agra Murder Case: पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, 45 दिन तक करती रही गुमशुदगी का नाटक- देखिए VIDEO
आगरा में पत्नी ने कथित तौर पर पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया और 45 दिन तक गुमशुदगी का नाटक करती रही. जानिए कैसे खुला पूरा राज.
कभी नीला ड्रम... कभी खाई... कभी सूटकेस...पति की हत्या के मामलों में आपने कई खौफनाक तरीके देखे होंगे. लेकिन आगरा में एक पत्नी ने ऐसा प्लान बनाया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. पति की हत्या के बाद उसने शव को घर के बाथरूम में दफना दिया, ऊपर नई टाइल्स लगवा दीं और अगले 45 दिन तक थाने में पति की गुमशुदगी का रोना रोती रही.
यह कहानी है उत्तर प्रदेश के आगरा के सिकंदरा इलाके के दहतोरा में रहने वाले 40 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा एक दिन अचानक गायब हो गए. घरवालों ने तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला. कुछ ही देर बाद पत्नी रूबी थाने पहुंची और पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी. पुलिस भी उसे एक लापता व्यक्ति का सामान्य मामला मानकर जांच में जुट गई.
दिन बीतते गए... एक हफ्ता, दो हफ्ते, फिर पूरा डेढ़ महीना. घर में आने वाला हर व्यक्ति यही पूछता कि सुरेंद्र का कोई पता चला या नहीं. हर बार रूबी की आंखों में आंसू होते, आवाज में बेबसी होती और जवाब वही- 'मुझे नहीं पता वो कहां चले गए.' किसी को अंदाजा भी नहीं था कि जिस शख्स की तलाश पूरे शहर में हो रही है, वह उसी घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफन पड़ा है.
पहले बनाई पूरी साजिश, फिर हमेशा के लिए खत्म कर दिया पति का अध्याय; पुलिस
पुलिस जांच के मुताबिक यह हत्या गुस्से में नहीं, बल्कि पूरी तैयारी के साथ की गई थी. वारदात वाली रात दोनों बेटियों को पहले ही जेठ के घर भेज दिया गया. इसके बाद सुरेंद्र के लिए खीर बनाई गई, जिसमें कथित तौर पर नींद की गोलियां मिलाई गईं. जब वह बेसुध हो गया तो उसकी हत्या कर दी गई. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद उसी रात घर के बाथरूम में गड्ढा खोदा गया. शव को उसमें दफनाया गया, ऊपर से मिट्टी भर दी गई, फिर सीमेंट का प्लास्टर कराया गया और नई टाइल्स बिछा दी गईं. अगले ही दिन बाथरूम बिल्कुल वैसा दिख रहा था, जैसे वहां कभी कुछ हुआ ही न हो.
45 दिन तक चलता रहा ऐसा नाटक कि किसी को शक तक नहीं हुआ
हत्या के बाद जिंदगी फिर सामान्य दिखने लगी. रूबी मोहल्ले में लोगों से मिलती रही, रिश्तेदारों के सामने रोती रही और पुलिस से पति को ढूंढने की गुहार भी लगाती रही. हर गुजरते दिन के साथ गुमशुदगी की कहानी और मजबूत होती चली गई. शायद उसे भी यकीन हो गया था कि यह राज हमेशा जमीन के नीचे ही दबा रहेगा.
लेकिन एक पुराने केस ने बदल दी पूरी कहानी
कहते हैं अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कोई न कोई सुराग पीछे छोड़ ही देता है. इस मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ. सुरेंद्र के खिलाफ दर्ज एक पुराने ट्रक चोरी के मामले में पुलिस रूटीन सत्यापन के लिए उसके घर पहुंची. पुलिस को अचानक दरवाजे पर देखकर रूबी का व्यवहार बदल गया. उसकी घबराहट ने सबसे पहले परिवार वालों का ध्यान खींचा. सुरेंद्र के बड़े भाई को पहले से ही कई बातें खटक रही थीं. उन्होंने अपना शक पुलिस के सामने रखा. इसके बाद जांच की दिशा बदल गई और सवालों का दायरा घर की चारदीवारी तक पहुंच गया.
जब टूटा बाथरूम का फर्श... तो दफन सच भी बाहर आ गया
पुलिस ने रूबी से लगातार पूछताछ की. अधिकारियों के मुताबिक, सख्ती से पूछे गए सवालों के बीच वह टूट गई और कथित तौर पर पूरी वारदात कबूल कर ली. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में बाथरूम का फर्श तोड़ा गया. हथौड़े चलते रहे... टाइल्स उखड़ती रहीं... और कुछ देर बाद जमीन के नीचे से इंसानी शव के अवशेष दिखाई देने लगे. करीब 45 दिन पुराना शव बुरी तरह सड़-गल चुका था. जिस बाथरूम का रोज इस्तेमाल हो रहा था, उसके नीचे डेढ़ महीने से एक हत्या का सबसे बड़ा सबूत दफन था.
अब पुलिस तलाश रही है सबसे अहम जवाब
रूबी को गिरफ्तार कर लिया गया है. शव पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. हालांकि सबसे बड़ा सवाल अभी भी बाकी है. आखिर इस हत्या की वजह क्या थी? पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच कर रही है. डिजिटल साक्ष्य, फॉरेंसिक रिपोर्ट और परिवार के लोगों के बयान जुटाए जा रहे हैं ताकि इस खौफनाक वारदात की पूरी सच्चाई अदालत के सामने रखी जा सके.




