इंतजार खत्म! आज से नोएडा की सड़कों पर दौड़ेंगी 100 इलेक्ट्रिक बसें, जानें टिकट, किराया और इससे जुड़ी पूरी डिटेल
नोएडा में आज से 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो गया है. इससे जेवर एयरपोर्ट और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. जानें बसों का किराया, सुविधाएं और इस नई सेवा से जुड़ी सभी अहम जानकारी.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. शहर में पहली बार इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत होने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह 10 बजे वर्चुअल माध्यम से बसों को हरी झंडी दिखाएंगे, जिसके बाद इन बसों का संचालन शुरू हो जाएगा. इसके साथ ही न केवल जेवर एयरपोर्ट तक पहुंच आसान होगी, बल्कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लोगों को भी पहली बार सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलने से बड़ी राहत मिलेगी.
इलेक्ट्रिक बसों का पूरा बेड़ा सेक्टर-90 स्थित बस डिपो पहुंच चुका है और संचालन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. फिलहाल कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतरेंगी, जिनमें 10 डबल डेकर बसें भी शामिल हैं.
बसों के सुचारू संचालन के लिए सेक्टर-90 बस डिपो में हाईटेक फास्ट चार्जिंग स्टेशन लगाए गए हैं. इनकी मदद से बसों को करीब दो घंटे में फुल चार्ज किया जा सकेगा. इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण कम करने के साथ-साथ ईंधन खर्च में भी बड़ी बचत होगी. इन बसों का संचालन नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मिलकर करेंगे.
कब से शुरू हो रही हैं उड़ाने?
गौरतलब है कि 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत होनी है. ऐसे में एयरपोर्ट तक यात्रियों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा को आज से शुरू किया जा रहा है. इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए बेहतर सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा.
कितना है इन बसों का किराया?
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों का किराया बेहद किफायती रखा गया है. बताया जा रहा है कि न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया जाएगा. इससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
इन बसों का सबसे अधिक फायदा ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को मिलने की संभावना है. अभी तक ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सार्वजनिक परिवहन की कोई नियमित सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण लोगों को नोएडा और दिल्ली आने-जाने के लिए ऑटो और कैब का सहारा लेना पड़ता है. लंबे समय से यहां के लाखों लोग मेट्रो सेवा की मांग भी कर रहे हैं.
अब इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से लाखों लोगों को पहली बार बेहतर और नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी. इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो सकती है और ट्रैफिक का दबाव घटने की भी संभावना है.




