'प्रेमिका नंदनी के साथ अविमुक्तेश्वरानंद का पुत्र है', पत्नी- बेटा होने का दावा; आशुतोष ब्रह्मचारी के आरोप में क्या-क्या?
आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनकी प्रेमिका नंदिनी (पूर्णाम्बा) से उनका एक बेटा है और पत्नी भी मठ में रहती हैं. उन्होंने उन्हें फर्जी शंकराचार्य बताते हुए यौन शोषण केस, गोपनीय शादी और परिवारिक संबंधों को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की है.
रविवार को आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर कई गंभीर आरोप लगाए. आशुतोष महाराज ने कहा कि यह संत नहीं हैं, बल्कि फर्जी तरीके से जगतगुरु शंकराचार्य की गद्दी पर बैठे हैं. वीडियो में आशुतोष महाराज ने शंकराचार्य की पत्नी और बेटे का जिक्र करते हुए कहा कि मठ में उनके साथ रहते हैं और यदि कोई चाहे तो डीएनए टेस्ट करा सकता है.
महाराज ने यह भी कहा कि यह भगवान के नाम पर मठ और संत परंपरा को बदनाम कर रहे हैं. उनका दावा है कि नंदिनी नाम की लड़की उनकी गर्लफ्रेंड थी. बाद में गोपनीय शादी हुई और लड़की का नाम पूर्णाम्बा रखा गया. इस शादी से एक बच्चा हुआ जो वर्तमान में विद्यापीठ में पढ़ रहा है.
क्या है आशुतोष महाराज का आरोप?
आशुतोष महाराज ने कहा कि 'अगर ये संत हैं, तो पत्नी उनके साथ क्यों रहती है? बच्चे को इसलिए विद्यापीठ में पढ़ाया जा रहा है ताकि आगे चलकर वह भी संत बन सके.' उन्होंने साफ किया कि हम इन्हें संत नहीं मानते. महाराज का कहना है कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार कोई भी व्यक्ति ज्योतिष पीठ का शंकराचार्य नहीं है.
क्या अविमुक्तेश्वरानंद फर्जी शंकराचार्य हैं?
महाराज का कहना है कि अविमुक्तेश्वरानंद भगवान आदि गुरु शंकराचार्य जी की पवित्र गद्दी को बदनाम कर रहे हैं. आशुतोष महाराज ने जोर देकर कहा कि वे संत समाज और जनता को सच बताने के लिए ‘सनातन न्याय यात्रा’ निकालेंगे. इस यात्रा के जरिए वे लोगों को बताएंगे कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के परिवारिक संबंध हैं.
यौन शोषण के आरोप कितने गंभीर हैं?
दरअसल, आशुतोष महाराज ने ही बटुकों (छात्रों) से यौन शोषण के आरोप में शंकराचार्य के खिलाफ FIR करवाई थी. उन्होंने बटुकों को कोर्ट में पेश कर केस दर्ज कराया. हालांकि, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 25 मार्च को शंकराचार्य को अग्रिम जमानत दे दी. कोर्ट ने चार्जशीट दाखिल होने तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई है.
आशुतोष महाराज की मांग और कार्रवाई
आशुतोष महाराज ने निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने कहा, "अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए." इसके अलावा, कोर्ट ने आशुतोष महाराज पर भी कुछ सवाल उठाए हैं और मीडिया में बयानबाजी से रोका है. फिर भी वे लगातार मामले को उठाते रहे हैं और संत समाज को जोड़ने का काम कर रहे हैं.
आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने वीडियो जारी कर शंकराचार्य पर गंभीर आरोप लगाए.
- शंकराचार्य के पत्नी और बेटे का मठ में रहना सवालों के घेरे में.
- नंदिनी/पूर्णाम्बा के साथ गोपनीय शादी और बच्चा, विद्यापीठ में पढ़ाई.
- अविमुक्तेश्वरानंद को आशुतोष महाराज ने फर्जी शंकराचार्य बताया.
- बटुकों से यौन शोषण का मामला, FIR आशुतोष ने करवाई.
- इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत दी, चार्जशीट तक गिरफ्तारी रोकी.
- आशुतोष महाराज की ‘सनातन न्याय यात्रा’ से जनता को सच बताने का इरादा.
- निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग.




