Begin typing your search...

शादी का कार्ड बना जाल! WhatsApp पर आया ‘Marriage.apk’ और मिनटों में खाली हो रहा बैंक अकाउंट

शादी के डिजिटल कार्ड के नाम पर ‘Marriage.apk’ फाइल भेजकर हैकर्स लोगों के फोन और बैंक अकाउंट तक पहुंच बना रहे हैं. राजस्थान पुलिस ने चेतावनी दी है कि एक क्लिक से ही पूरा डेटा और पैसा चोरी हो सकता है.

शादी का कार्ड बना जाल! WhatsApp पर आया ‘Marriage.apk’ और मिनटों में खाली हो रहा बैंक अकाउंट
X
( Image Source:  AI Created )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय5 Mins Read

Updated on: 26 April 2026 2:36 PM IST

वेडिंग सीजन की खुशियों और धूमधाम के बीच एक बहुत बड़ा खतरा तेजी से फैल रहा है. यह खतरा इतना खतरनाक है कि चंद सेकंड में आपके बैंक खाते को पूरी तरह खाली कर सकता है. यह कोई साधारण धोखाधड़ी नहीं है, बल्कि बेहद चालाक और शातिर साइबर अपराधियों का गिरोह है, जो अब शादी के ऑनलाइन डिजिटल कार्ड को अपना हथियार बना लिया है. राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने इस बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है.

व्हाट्सएप पर आ रहा है खतरनाक इनविटेशन

पुलिस के अनुसार, इन दिनों लोगों को व्हाट्सएप पर शादी का डिजिटल कार्ड भेजा जा रहा है. बाहर से देखने में यह बिल्कुल सामान्य और आकर्षक शादी का इनविटेशन लगता है. लेकिन जैसे ही आप उस फाइल को खोलते हैं या लिंक पर क्लिक करते हैं, हैकर्स तुरंत आपके फोन पर नजर जमाते हैं. कई लोगों को तब तक इस बात का पता भी नहीं चलता कि उनके साथ ठगी हो रही है, जब तक उनके बैंक खाते से सारा पैसा गायब नहीं हो जाता.

Marriage.apk - एक क्लिक और पूरा फोन कंट्रोल में

जांच में पता चला है कि ठग 'Marriage.apk' नाम की फाइल भेज रहे हैं. आम आदमी इसे शादी का कार्ड समझकर उत्सुकता में डाउनलोड कर लेता है. लेकिन असल में यह एक खतरनाक मैलवेयर (खराब सॉफ्टवेयर) है. जैसे ही आप इसे इंस्टॉल करते हैं, यह ऐप आपके फोन का पूरा कंट्रोल हैकर्स को सौंप देता है. हैकर्स आपके फोन का कैमरा, माइक्रोफोन, मैसेज, कॉन्टैक्ट लिस्ट और एसएमएस सब कुछ देख सकते हैं. सबसे खतरनाक बात यह है कि वे आपके बैंकिंग OTP, पासवर्ड और अकाउंट डिटेल्स आसानी से चुरा लेते हैं और कुछ ही मिनटों में आपके खाते से पैसे ट्रांसफर कर देते हैं.

फिशिंग लिंक भी उतना ही खतरनाक

केवल APK फाइल ही नहीं, ठग छोटे-छोटे लिंक के जरिए भी लोगों को फंसाते हैं. वे bit.ly, tinyurl या ऐसे ही छोटे लिंक भेजते हैं. इन लिंक को खोलते ही आप एक नकली वेबसाइट पर पहुंच जाते हैं, जहां आपसे नाम, फोन नंबर, बैंक डिटेल्स या OTP मांगा जाता है. कई बार बिना कुछ बताए बैकग्राउंड में ही स्पाईवेयर डाउनलोड हो जाता है, जो धीरे-धीरे आपके फोन का सारा डेटा चुराता रहता है.

परिचित के नाम से आता है मैसेज - यहीं होता है सबसे बड़ा खेल

सबसे चालाक तरीका भावनात्मक फंसाने का है. साइबर ठग पहले किसी आपके जान-पहचान वाले व्यक्ति का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लेते हैं. फिर उसी व्यक्ति के नाम से आपके और आपके परिवार के लोगों को मैसेज भेजते हैं, 'भाई/बहन, मेरी शादी का कार्ड भेजा है, जल्दी से देख लो.' जान-पहचान वाले नाम और प्यार भरे मैसेज को देखकर लोग बिना ज्यादा सोचे-समझे लिंक खोल देते हैं या फाइल डाउनलोड कर लेते हैं. यहीं पर वे जाल में फंस जाते हैं.

राजस्थान में बढ़ रहे हैं ऐसे मामले

राजस्थान पुलिस के साइबर क्राइम अधिकारियों का कहना है कि शादी के सीजन में ऐसे ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. कई पीड़ितों ने शिकायत की है कि शादी के कार्ड का लिंक खोलने के कुछ घंटों बाद ही उनके बैंक खातों से लाखों रुपये गायब हो गए. पुलिस अब इन शातिर गिरोहों की तलाश में लगी हुई है और लोगों से बार-बार सतर्क रहने की अपील कर रही है.

खुद को सुरक्षित रखने के आसान उपाय

पुलिस ने लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बताई हैं:

किसी भी अनजान या अचानक आए लिंक या फाइल को बिना सोचे न खोलें

अगर फाइल का नाम '.apk' में खत्म होता है, तो उसे तुरंत डिलीट कर दें। कभी भी इंस्टॉल न करें

अपने फोन में Google Play Protect को हमेशा ऑन रखें और अच्छा एंटीवायरस ऐप इस्तेमाल करें

अगर कोई जान-पहचान वाला व्यक्ति शादी का कार्ड भेजे, तो पहले फोन करके या दूसरे तरीके से पुष्टि जरूर करें कि उसने सच में भेजा है या नहीं।

अनजान वेबसाइट पर कभी भी बैंक डिटेल्स, OTP या पासवर्ड न डालें

अगर ठगी हो जाए तो तुरंत क्या करें?

अगर आपको लगे कि आपके साथ ऐसा कुछ हुआ है, तो घबराएं नहीं, लेकिन तुरंत एक्शन लें:

तुरंत अपने बैंक को कॉल करके अकाउंट ब्लॉक करवाएं

साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें

राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें

नजदीकी पुलिस स्टेशन में भी रिपोर्ट लिखवाएं

जितनी जल्दी आप शिकायत करेंगे, पैसे वापस आने की संभावना उतनी ही ज्यादा होगी. शादी का सीजन खुशियों का होता है, लेकिन थोड़ी सी सावधानी से हम इन खुशियों को बर्बाद होने से बचा सकते हैं. अपने और अपने परिवार के फोन और बैंक खातों को सुरक्षित रखें. किसी भी शक वाली बात पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें.

अगला लेख