Begin typing your search...

जब शराब की दुकान में घुसा खूंखार तेदुंआ, एक के बाद एक कर्मचारियों पर किया हमला- CCTV फुटेज में देखिए डरावना मंजर

राजस्थान के टोंक में शराब की दुकान में घुसे तेंदुए ने दो कर्मचारियों पर हमला कर दिया. कर्मचारियों ने शटर बंद कर तेंदुए को अंदर कैद कर दिया. CCTV वीडियो वायरल.

जब शराब की दुकान में घुसा खूंखार तेदुंआ, एक के बाद एक कर्मचारियों पर किया हमला- CCTV फुटेज में देखिए डरावना मंजर
X
( Image Source:  @Rudhrayadav001-X )

राजस्थान के टोंक जिले में सोमवार सुबह ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. बाजार खुलते ही एक खूंखार तेंदुआ सीधे शराब की दुकान में घुस गया और देखते ही देखते दो कर्मचारियों पर हमला कर दिया. जान बचाने के लिए दोनों कर्मचारी किसी तरह बाहर भागे और सूझबूझ दिखाते हुए दुकान का शटर बाहर से बंद कर दिया.

जिससे तेंदुआ अंदर ही कैद हो गया. इस पूरी घटना का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें तेंदुए का हमला साफ दिखाई दे रहा है. इससे पहले यही तेंदुआ एक वन स्वयंसेवक पर भी हमला कर चुका था. सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और जयपुर जू की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई.

शराब की दुकान में अचानक घुसा तेंदुआ

यह घटना टोंक जिले के टोडारायसिंह कस्बे के मुख्य बाजार की है. सुबह दुकान खुलते ही एक कर्मचारी कैश का हिसाब देख रहा था. तभी पास के जंगल से भटककर आया तेंदुआ चुपचाप दुकान के अंदर घुस गया. किसी को उसकी भनक तक नहीं लगी, लेकिन कुछ ही सेकंड बाद उसने अचानक कर्मचारी पर हमला बोल दिया.

एक के बाद एक दो कर्मचारियों पर किया हमला

पहले कर्मचारी को घायल करने के बाद तेंदुआ दुकान के दूसरे हिस्से में पहुंचा और वहां बैठे दूसरे कर्मचारी पर भी झपट पड़ा. दोनों किसी तरह जान बचाकर बाहर भागे और तुरंत दुकान का शटर गिराकर तेंदुए को अंदर ही बंद कर दिया.

CCTV में कैद हुआ खौफनाक हमला

घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में तेंदुआ दुकान में दाखिल होता दिखाई देता है. वह पहले एक टेबल पर चढ़ता है और जैसे ही कर्मचारी उसकी तरफ बढ़ता है, तेंदुआ उस पर झपट पड़ता है. दूसरे वीडियो में वह शराब की बोतलों वाली रैक के नीचे छिपा नजर आता है.

दुकान से पहले वन स्वयंसेवक पर भी किया था हमला

वन विभाग के अनुसार, इसी तेंदुए ने कुछ देर पहले जंगल चौकी के पास वन स्वयंसेवक राकेश सैनी पर भी हमला किया था. इस हमले में उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं. पिछले कई दिनों से टोडारायसिंह-बीसलपुर वन क्षेत्र और आसपास के मंदिरों व पहाड़ियों में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिल रही थी.

दुकान के बाहर उमड़ी भीड़, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

तेंदुए के दुकान में कैद होने की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. टोंक से वन विभाग के अधिकारी और जयपुर जू की विशेष रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, जिसने तेंदुए को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित पकड़ने की तैयारी शुरू की.

वायरल
अगला लेख