क्या है कुलदीप जघीना हत्याकांड, जिससे चर्चा में आया विष्णु जाट, अब कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की जेल में कर दी हत्या, पूरी क्राइम कुंडली
कुलदीप जघीना हत्याकांड से सुर्खियों में आए विष्णु जाट ने अब जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या कर दी. जानिए उसकी पूरी क्राइम कुंडली और गैंगवार की कहानी.
राजस्थान की हाई सिक्योरिटी अजमेर सेंट्रल जेल की दीवारों के भीतर हुई एक दस्यु की हत्या ने बाहर की दुनिया में फिर से पुराने खून-खराबे और बीहड़ों की कहानियों को सुलगा दिया है. खासकर अजमेर सेंट्रल जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की संदिग्ध मौत और उसके बाद लगे आरोपों ने पूरे मामले को एक ऐसे जाल में उलझा दिया है, जहां हर पक्ष अपनी-अपनी सच्चाई बता रहा है और असली सच अभी जांच की परतों के नीचे दबा हुआ है.
यह कहानी सिर्फ एक जेल हत्या की नहीं है, बल्कि राजस्थान-मध्य प्रदेश के बीहड़ अपराध इतिहास की उस लंबी श्रृंखला की भी झलक है, जिसमें नाम बदले पर गैंगवार हमेशा साथ चलते रहे हैं.
जेल जाने से खत्म नहीं होती क्रिमिनल की ईमेज
जगन गुर्जर को इलाके में लंबे समय से एक खतरनाक डकैत के रूप में जाना जाता रहा है. कई संगीन मामलों में उसका नाम दर्ज रहा और पुलिस रिकॉर्ड में वह एक सक्रिय अपराधी के तौर पर देखा जाता था. गिरफ्तारी के बाद वह अजमेर सेंट्रल जेल में बंद था, जहां उसे हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया था.
पर जेल के भीतर भी उसकी पहचान खत्म नहीं हुई थी. वहां भी पुराने विवाद, गैंग प्रभाव और व्यक्तिगत रंजिशें उसकी मौजूदगी के साथ जुड़ी रहीं.
इस कड़ी में नया नाम यानी विष्णु जाट और कुलदीप जघीना केस की परछाई भी जगन के साथ जुड़ गया. ऐसा इसलिए कि इसी जेल में बंद था हत्यारा और हिस्ट्रीशीटर विष्णु जाट, जिसका नाम पहले ही कुलदीप जघीना हत्याकांड (2023) में सामने आ चुका था.
आरोपों के अनुसार यह वही मामला था, जिसमें सुनियोजित गैंग प्लानिंग की बात सामने आई थी. पेशी के दौरान हमला कर हत्या की गई थी और विष्णु जाट पर इस पूरी साजिश में अहम भूमिका निभाने के आरोप लगे थे.
कुलदीप जघीना हत्याकांड में पुलिस कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था यहीं से उसकी कहानी का दूसरा अध्याय शुरू हुआ. जेल की बैरक - जहां दोस्ती और दुश्मनी की सीमा धुंधली हो गई.
ऐसा इसलिए कि अजमेर जेल के एक ही बैरक में जगन गुर्जर और विष्णु जाट रखे गए थे. कैदियों के बीच आम दिनचर्या चल रही थी. सफाई, खाना, और कभी-कभी लूडो और सांप-सीढ़ी खेलने जैसी सामान्य गतिविधियां. लेकिन इसी सामान्यता के बीच तनाव भी मौजूद था.
कुछ कैदियों के अनुसार दोनों के बीच पहले से कहासुनी और दबाव की स्थिति बनती जा रही थी. हालांकि, यह दावा भी जांच के दायरे में है और इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
हत्या की सुबह - जब कहानी अचानक बदल गई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना वाली सुबह सब कुछ सामान्य था. बैरक में रोजमर्रा की तरह गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन कुछ ही घंटों में माहौल बदल गया.
बैरक के अंदर जगन गुर्जर अचानक बेहोश अवस्था में पाया गया. जेल प्रशासन ने शुरुआती तौर पर बताया कि मौत का कारण गला घोंटने जैसी स्थिति हो सकती है, जिसमें तकिए या कपड़े के इस्तेमाल की संभावना जताई गई.
इसी बीच, जेल के भीतर मौजूद विष्णु जाट पर संदेह की बात सामने आई. उसके बाद से आरोपों का तूफान लग गया- “साजिश या व्यक्तिगत रंजिश?” मामला यहीं नहीं रुका. जगन गुर्जर के परिजनों और समर्थकों ने गंभीर आरोप लगाए. जगन के परिजनों का कहना है कि यह हत्या सुनियोजित थी. जेल प्रशासन की लापरवाही या मिलीभगत हो सकती है. विष्णु जाट को “बलि का बकरा” या “मुख्य आरोपी” बताया जा रहा है.
पत्नी बोली - दो दिन में मौत का बदला लूंगी
डकैत जगन गुर्जर की पत्नी दस्यु कोमेश गुर्जर बोली 2 दिन के भीतर मौत का बदला लेकर दिखा दूंगी! प्रशासन कह रहा है तकिये से गला घोंट कर मार दिया. इतने बड़े आदमी की चूहा सा बच्चा गला घोंट कर मार सकता है क्या? हमारा मजाक उड़ा रहा है प्रशासन. शर्म नहीं आई ये कहते!
भाई का आरोप - हत्या में जेल स्टाफ का हाथ
वहीं, कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर के छोटे भाई पप्पू गुर्जर ने उसके हत्याकांड को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. पप्पू का दावा है कि पुरानी रंजिश के चलते विष्णु जाट ने जेल स्टाफ की कथित मिलीभगत से इस वारदात को अंजाम दिया. उसने आरोप लगाया कि हत्या से पहले जगन को कथित तौर पर नींद की गोलियां दी गईं, जिसके बाद उसकी हत्या की गई.
पप्पू ने ये भी आरोप है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है. अभी, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
22 साल का लड़का कैसे कर सकता जगन की हत्या?
परिवार के लोगों का दावा है कि 6.5 फिट के डकैत जगन गुर्जर जिसे बीहड़ का राजा कहा जाता है, की 22 साल के दुबला पतला विष्णु जाट, जिसकी कमर पर पेंट नहीं टिकती, उसने 20 कैदियों के सामने डकैत जगन गुर्जर का मर्डर कर डाला! यह कैसे हो सकता है?
दोनों अजमेर सेंट्रल जैल में एक ही बैरक में थे. कई बार साथ में लूडो खेला करता था. नाश्ते के समय छोटा सा विवाद हुआ और हत्या करदी. दूसरी तरफ विष्णु जाट के अनुसार जगन उसे परेशान करता था इसलिए उसे मार डाला
3 भाई जेल से अंतिम संस्कार में पहुंचे
कुख्यात जगन गुर्जर के पारिवार की क्राइम कुंडली का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसके अंतिम संस्कार में हजारों की भीड़ उमड़ी. उसमें 3 भाई जेल से अंतिम संस्कार में पहुंचे, परिवार के अनुसार उनकी हत्या करवाई गई है.
जेल प्रशासन का पक्ष क्या?
दस्यु जगन गुर्जर की हत्या के मामले में जेल प्रशासन ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि यह कैदियों के बीच झगड़े और व्यक्तिगत रंजिश का मामला करार दिया है.
कुलदीप जघीना हत्याकांड की परछाई तो नहीं!
इस पूरे मामले को और जटिल बनाता है कुलदीप जघीना हत्याकांड का बैकग्राउंड. विष्णु जाट का नाम उस केस में पहले ही सामने आ चुका था, जहां उसे एक बड़े गैंग ऑपरेशन का हिस्सा बताया गया था. इसी पुराने आपराधिक इतिहास के कारण इस नई घटना ने और ज्यादा सनसनी पैदा कर दी है.
लोग सवाल उठा रहे हैं- क्या जेल के भीतर पुरानी गैंग रंजिशें फिर से सक्रिय हो गईं? फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन जांच में जुटे हैं, लेकिन कई सवाल अभी भी अनसुलझे हैं.
जांच के बीच बड़े सवाल
- क्या यह वाकई दो कैदियों के बीच का झगड़ा था?
- या जेल के अंदर किसी बड़ी गैंग रणनीति का हिस्सा?
- क्या सुरक्षा में चूक हुई?
- और क्या इस घटना के पीछे कोई तीसरा पक्ष भी था?
22 साल के विष्णु जाट के क्राइम की कहानी
राजस्थान के भरतपुर जिले के अजान गांव का रहने वाला विष्णु जाट शुरुआत में एक साधारण युवक था, लेकिन समय के साथ वह बाइक चोरी जैसे छोटे अपराधों में शामिल हो गया. धीरे-धीरे यही छोटे अपराध उसे अपराध की दुनिया के और गहरे अंधेरों में खींच ले गए, जहां उसकी मुलाकात कृपाल जघीना के भतीजे पंकज से हुई. इसी संपर्क ने उसे उस खतरनाक मोड़ पर पहुंचा दिया, जहां वह आगे चलकर 12 जुलाई 2023 के चर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड का मुख्य सूत्रधार बन गया.
पेशी के दौरान खतरनाक साजिश
बताया जाता है कि कुलदीप और विजयपाल, कृपाल हत्याकांड के आरोपी थे और पुलिस उन्हें जयपुर से भरतपुर कोर्ट में पेशी के लिए बस से ला रही थी. इसी दौरान विष्णु जाट ने एक सुनियोजित योजना के तहत मुस्लिम युवकों जैसी वेशभूषा पहनकर जयपुर के सिंधी कैंप से उसी बस में सवारी कर ली, ताकि किसी को उस पर शक न हो. सफर के दौरान वह लगातार फोन के जरिए अपने साथियों को बस की लोकेशन और हर गतिविधि की जानकारी देता रहा, जिससे पूरी साजिश को अंजाम देने का रास्ता तैयार होता गया.
आमोली टोल पर हमला और गोलीबारी
योजना के मुताबिक जैसे ही बस आमोली टोल प्लाजा पर पहुंची और रुकी, कृपाल गैंग के बदमाशों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया. बाहर मौजूद साथी अभी बस के अंदर घुस भी नहीं पाए थे कि इसी बीच पीछे सीट पर बैठे विष्णु जाट ने अचानक उठकर कुलदीप पर पहली गोली चला दी. इसके बाद उसके साथियों ने भी अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई और पूरा इलाका गोलियों की आवाज से दहल उठा.
पुलिस मुठभेड़ और गिरफ्तारी
वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों का पीछा शुरू किया और उसी दिन खेरिया मोड़ इलाके में विष्णु जाट को घेर लिया गया. इस दौरान विष्णु ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद उसे अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद कर दिया गया, जहां वह पिछले तीन साल से सजा काट रहा था.
जेल की बैरक और संदिग्ध मौत
इसी जेल में वह कुख्यात डकैत जगन गुर्जर के साथ एक ही बैरक में बंद था. बताया जाता है कि दोनों की दिनचर्या सामान्य थी. सफाई, बातचीत और कभी-कभी लूडो खेलना भी शामिल था. लेकिन कुछ ही घंटों बाद वही जगन गुर्जर मृत अवस्था में मिला, जिससे जेल के अंदर हड़कंप मच गया. शुरुआती जांच में सामने आया कि उसकी मौत टॉवल या कपड़े से गला घोंटने से हुई हो सकती है और इस वारदात में विष्णु जाट का नाम सामने आया.
जांच और अलग-अलग दावे
फिलहाल, जांच एजेंसियों ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जहां एक तरफ जेल प्रशासन इसे कैदियों के बीच हुई रंजिश और अचानक हुई हिंसक घटना बता रहा है, वहीं दूसरी तरफ कई पक्ष इसे सुनियोजित हत्या और जेल सिस्टम की लापरवाही या मिलीभगत से जोड़कर देख रहे हैं. अभी तक किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है.
कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर की क्राइम प्रोफाइल
कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर राजस्थान के भरतपुर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय एक अपराधी के रूप में जाना जाता है. उसका नाम 2000 के दशक में हत्या और हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने/आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले, मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने के मामले, रंगदारी/वसूली (Extortion) के आरोप, क्रिमिनल थ्रेट, अपहरण, फिरौती, लूट और अन्य संगठित अपराध से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं. भरतपुर के ग्रामीण इलाकों में उसकी एक दहशतभरी छवि बनी हुई थी, जहां लोग उसे कानून से बाहर काम करने वाले गैंगस्टर के रूप में जानते थे.
जगन गुर्जर ने कथित रूप से एक गिरोह तैयार किया था, जो व्यापारियों और संपन्न लोगों को निशाना बनाता था. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हुए और उसके खिलाफ लंबे समय तक अभियान चलाया गया. समय के साथ पुलिस कार्रवाई और लगातार दबाव के कारण उसके नेटवर्क में गिरावट आई.
दरअसल, जगन और विष्णु जाट की क्राइम कुंडली सिर्फ एक अपराध की घटना नहीं, बल्कि उस रास्ते की चेतावनी है जहां छोटी शुरुआत धीरे-धीरे बड़े अपराधों और अंततः जेल व बर्बादी तक पहुंचा देती है. विष्णु जाट की यह कथित यात्रा इस बात का संकेत देती है कि अपराध का रास्ता शुरू में भले आकर्षक लगे, लेकिन उसका अंत हमेशा अंधेरे, पछतावे और टूटे हुए जीवन में ही होता है.
कहानी का असली संदेश
जगन गुर्जर की हत्या सिर्फ अपराध की कहानी नहीं है, बल्कि उस दुनिया की झलक है जहां एक बार कदम रखने के बाद रास्ते आसान नहीं रहते.




