डेटिंग ऐप पर दोस्ती, मिलने बुलाया और फिर अपहरण! जैसलमेर में कारोबारियों से ऐसे लूट लिए लाखों रुपए, पुलिस ने बताई पुरी कहानी
जैसलमेर में डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर किराना कारोबारी का अपहरण किया और मारपीट कर 1.5 लाख रुपये लूटे. पुलिस ने गौतम बुद्ध नगर के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया.
जरा सोचिए, आप किसी डेटिंग ऐप पर किसी अनजान शख्स से दोस्ती करते हैं. बातचीत आगे बढ़ती है और फिर मिलने का प्लान बनता है. आपको लगता है कि किसी नए व्यक्ति से मुलाकात होने वाली है, लेकिन असल में सामने वाला एक पूरी वारदात की तैयारी कर चुका होता है. राजस्थान के जैसलमेर में किराना कारोबारी दुलेन्द्र भाटिया के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. डेटिंग ऐप के जरिए शुरू हुई बातचीत का अंत अपहरण, मारपीट, जान से मारने की धमकी और करीब डेढ़ लाख रुपये की ऑनलाइन लूट के साथ हुआ.
हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर से जैसलमेर पहुंचे थे. उन्होंने बीकानेर से किराये पर क्रेटा कार ली और कारोबारी को जाल में फंसाने के लिए बाकायदा योजना बनाई. हालांकि, पुलिस ने भी तेजी दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर छह आरोपियों को पकड़ लिया. इस मामले में पांच पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है.
डेटिंग ऐप पर दक्ष से हुई बातचीत, फिर शेयर कर दी लोकेशन
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह करीब 10 बजे कारोबारी दुलेन्द्र भाटिया ने एक डेटिंग ऐप के जरिए दक्ष नाम के युवक से संपर्क किया था. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे मुलाकात की बात होने लगी. इसी दौरान कारोबारी ने अपनी लोकेशन भी शेयर कर दी.
आरोपियों को इसी जानकारी का इंतजार था. दक्ष अपने साथियों के साथ बीकानेर से किराए पर ली गई काले रंग की क्रेटा कार में जैसलमेर पहुंचा. आरोपी गीता आश्रम के पास पहुंचे और कारोबारी से मिलने की तैयारी करने लगे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात से करीब दो दिन पहले ही जैसलमेर आ गए थे.
पहले बातचीत में उलझाया, फिर कार में बैठाकर किया अगवा
आरोपियों ने कारोबारी को सीधे घेरने के बजाय पहले मुलाकात और बातचीत का सहारा लिया. योजना के तहत कुछ बदमाश कार से पहले ही उतर गए. इसके बाद एक आरोपी कारोबारी के पास पहुंचा और उसे अपनी बातों में उलझाकर क्रेटा में बैठा लिया. कार करीब 500 मीटर आगे बढ़ी ही थी कि बाकी बदमाश भी उसमें सवार हो गए. इसके बाद कारोबारी को पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया गया. बताया जा रहा है कि बदमाश उन्हें भाटिया मुक्तिधाम के पास से उठाकर रामगढ़ बाइपास की तरफ ले गए.
डेढ़ घंटे तक गाड़ी में घुमाया, मारपीट कर खाते में डलवाए पैसे
कारोबारी को अगवा करने के बाद आरोपियों ने करीब डेढ़ घंटे तक उन्हें गाड़ी में घुमाया. इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. बदमाशों ने डराकर करीब 1.5 लाख रुपये अपने बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए. आरोपियों ने कारोबारी को किसी से मदद मांगने का मौका न मिले, इसके लिए उनके मोबाइल की सिम निकालकर तोड़ दी. इतना ही नहीं, दूसरे मोबाइल की ई-सिम भी बंद कर दी गई. इस तरह कारोबारी का बाहरी दुनिया से संपर्क पूरी तरह काटने की कोशिश की गई.
नंबर प्लेट पर टी-शर्ट, पहचान छिपाने के लिए अपनाए कई तरीके
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अपनी पहचान और वाहन की जानकारी छिपाने के लिए भी कई इंतजाम किए थे. क्रेटा की नंबर प्लेट को टी-शर्ट से ढक रखा था. हालांकि, कारोबारी ने गाड़ी में बैठने से पहले उसका नंबर देख लिया था, जो पुलिस जांच में अहम साबित हुआ. वारदात के बाद आरोपी कारोबारी को तनोट रोड की तरफ ले गए. लेकिन लाणेला टोल नाके पर पकड़े जाने का डर सताने लगा. इसके बाद उन्होंने रास्ता बदल लिया और ब्रह्मसर तिराहे के पास कारोबारी को छोड़कर फरार हो गए.
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में, दो घंटे में पकड़ लिए गए 6 आरोपी
कारोबारी के साथ हुई वारदात की सूचना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जैसलमेर पुलिस को मिली. शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू करवा दी. सबसे पहले शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसके जरिए संदिग्धों की तस्वीरें और क्रेटा कार का नंबर जुटाया गया.
पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें सीएलजी सदस्यों, मीडिया प्रतिनिधियों, होटल कारोबारियों, टूर एंड ट्रैवल्स संचालकों और रेलवे स्टेशन सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर भेजीं. पुलिस को अंदेशा था कि आरोपी शहर से बाहर निकलने की कोशिश करेंगे. इसी बीच काले रंग की क्रेटा शहर की तरफ आती दिखाई दी.
पुलिस से बचने के चक्कर में ASP की बोलेरो को मारी टक्कर
आरोपियों को शायद अंदाजा नहीं था कि पुलिस उनके पीछे पहुंच चुकी है. भागने की कोशिश में उनकी तेज रफ्तार क्रेटा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला की बोलेरो से टकरा गई. इसके बाद पुलिस ने गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया. बदमाशों ने बचकर निकलने के लिए गाड़ी दौड़ाई, लेकिन गलती से क्रेटा शहर की एक संकरी गली में घुस गई. वहां रास्ता संकरा होने के कारण गाड़ी फंस गई. इसके बाद आरोपी कार छोड़कर पैदल भागने लगे. हालांकि, पुलिस टीम ने पीछा कर सभी छह आरोपियों को दबोच लिया. इस तरह वारदात की सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस को बड़ी सफलता मिल गई. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार भी जब्त कर ली है.
सभी आरोपी गौतम बुद्ध नगर के रहने वाले, पहले भी जा चुके हैं जेल
जैसलमेर के एसपी अभिषेक शिवहरे ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है. वे उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के रहने वाले हैं. एसपी के मुताबिक, आरोपी घटना से ठीक पहले भी जेल में थे और हाल ही में बाहर आए थे. गिरफ्तार आरोपियों में पांच पुरुष और एक महिला शामिल हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी नाबालिग को हिरासत में नहीं लिया गया है. फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात में और कौन-कौन शामिल था और आरोपियों ने पहले भी इसी तरह किसी को निशाना बनाया है या नहीं.
ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए पैसों पर लगवाया होल्ड
पुलिस ने कारोबारी से जबरन ट्रांसफर करवाई गई करीब डेढ़ लाख रुपये की रकम पर भी होल्ड लगवा दिया है. इससे आरोपियों के खातों में भेजी गई राशि को आगे निकालने या इस्तेमाल करने से रोकने की कार्रवाई की गई है. पुलिस अब बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की भी जांच कर रही है.
एसपी अभिषेक शिवहरे ने लोगों से अपील की है कि डेटिंग ऐप या किसी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों के साथ अपनी निजी जानकारी और लोकेशन साझा करने से बचें. किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करके अकेले मिलने जाना भी जोखिम भरा हो सकता है. फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है. डेटिंग ऐप पर हुई एक बातचीत से शुरू हुई यह वारदात अपहरण और ऑनलाइन लूट तक पहुंच गई. हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से छह आरोपी गिरफ्तार हो गए और कारोबारी से ठगी गई रकम पर भी रोक लगाने की कार्रवाई की गई.




