Begin typing your search...

मोहाली में इन्फोसिस कैंपस से 2,700 युवाओं को रोजगार, गदगद हुए CM मान; जानें खासियत

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में 286 करोड़ रुपये लागत वाले इन्फोसिस कैंपस का शिलान्यास किया. इससे 2,700 युवाओं को सीधे रोजगार और हजारों को अप्रत्यक्ष अवसर मिलेंगे.

मोहाली में इन्फोसिस कैंपस से 2,700 युवाओं को रोजगार, गदगद हुए CM मान; जानें खासियत
X
( Image Source:  @bhagwantmann- X )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी4 Mins Read

Updated on: 14 March 2026 8:31 PM IST

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में कहा कि राज्य अपनी औद्योगिक प्रगति में निर्णायक बदलाव देख रहा है. 2022 से पहले लूट-खसोट और अस्थिर माहौल के कारण वैश्विक निवेशक राज्य से दूर थे, लेकिन अब निवेशक पुनः पंजाब की ओर लौट रहे हैं. मोहाली में इन्फोसिस के 286 करोड़ रुपये के नए कैंपस के शिलान्यास के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना 2,700 युवाओं को सीधे रोजगार देगी और हजारों लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्रदान करेगी.

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मार्च 2022 से अब तक 1.55 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव राज्य को प्राप्त हो चुके हैं, जिससे 5.44 लाख से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि 13 से 15 मार्च तक होने वाला प्रगतिशील पंजाब निवेश सम्मेलन राज्य के औद्योगिक विकास की नई कहानी लिखेगा.

इन्फोसिस के प्रतिनिधियों का स्वागत और योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'आज पंजाब के लिए, विशेषकर औद्योगिक क्षेत्र के लिए, ऐतिहासिक दिन है. मैं वैश्विक कंपनी इन्फोसिस के प्रतिनिधियों का हार्दिक स्वागत करता हूँ और हमारी सरकार की उद्योग-पक्षीय नीतियों पर विश्वास जताने के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूँ. मैं देश की आर्थिक प्रगति में इन्फोसिस के संस्थापक एन.आर. नारायण मूर्ति के अमूल्य योगदान को भी याद करता हूँ.” उन्होंने कहा कि नारायण मूर्ति को भारतीय आईटी उद्योग का “पितामह” कहा जाता है और इन्फोसिस की यह नई परियोजना युवाओं के लिए नए अवसरों का द्वार खोलेगी.

मोहाली में बने इन्फोसिस कैंपस की खासियत क्या?

इस परियोजना के पहले चरण में एक एकीकृत कैंपस बनाया जाएगा, जिसमें सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक, फूड कोर्ट और आधुनिक सुविधाएँ होंगी. लगभग 3.50 लाख वर्ग फुट में बने इस कैंपस में 3,000 लोगों की बैठने की क्षमता होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार इन्फोसिस को हर संभव सहयोग देगी ताकि अन्य कंपनियाँ भी राज्य में निवेश करने के लिए प्रेरित हों.

पंजाब में निवेश और रोजगार के अवसर कैसे बढ़ रहे हैं?

मुख्यमंत्री ने बताया कि 20 मार्च को लुधियाना में 3,200 करोड़ रुपये की टाटा स्टील परियोजना का उद्घाटन होगा, जो 2,500 युवाओं को रोजगार देगी. मार्च 2022 से अब तक 1.55 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे 5.44 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार होंगे. उन्होंने बताया कि नेस्ले, कारगिल, वर्बियो और डैनोन जैसी वैश्विक कंपनियाँ पहले ही पंजाब में निवेश कर चुकी हैं, जबकि जापान, अमेरिका, जर्मनी, यूके, यूएई और यूरोपीय देशों से भी निवेश आ रहा है.

उद्योग क्षेत्र में पंजाब सरकार ने कौन-कौन सी पहल की हैं?

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की औद्योगिक-अनुकूल नीतियाँ, पारदर्शी सिंगल-विंडो सिस्टम और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन निवेश को बढ़ावा दे रहे हैं. पंजाब राइट टू बिजनेस एक्ट पारित करने वाला राज्य बनने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. उन्होंने कहा कि राज्य युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर बेहतर भविष्य चुन सकें.

पंजाब का औद्योगिक और वैश्विक महत्व क्या है?

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहाली भविष्य में दुनिया का अगला औद्योगिक केंद्र बन सकता है. यहाँ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, कुशल युवा और अनुकूल कारोबारी माहौल उपलब्ध है. निवेशक और उद्यमी पंजाब के औद्योगिक भविष्य के निर्माता हैं और सरकार उनकी हर संभव मदद कर रही है. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पंजाब ने देश की स्वतंत्रता संग्राम और खाद्यान्न उत्पादन में ऐतिहासिक योगदान दिया है.

पंजाब न्‍यूज
अगला लेख